साल 2004 के बाद पहली बार फ्रेंच ओपन में नहीं दिखेंगे राफेल नडाल, फैंस में छाई मायूसी

2022 में अपना 14वां फ्रेंच ओपन जीतने के बाद ट्रॉफी के साथ राफेल नडाल।
2022 में अपना 14वां फ्रेंच ओपन जीतने के बाद ट्रॉफी के साथ राफेल नडाल

टेनिस क्ले कोर्ट के 'बादशाह' के रूप में मशहूर पूर्व विश्व नंबर 1 खिलाड़ी राफेल नडाल अगले हफ्ते शुरु हो रहे फ्रेंच ओपन में भाग नहीं लेंगे। रिकॉर्ड 14 बार इस ग्रैंड स्लैम को जीतने वाले नडाल साल 2004 के बाद पहली बार इस टूर्नामेंट में खेलते नहीं दिखेंगे। कुछ दिन पहले ही नडाल ने इसकी घोषणा की और अब पूरा टेनिस जगत इस खबर से काफी मायूस है। फैंस नडाल की कोर्ट पर वापसी की कामना तो कर ही रहे हैं लेकिन मान रहे हैं कि 'राफा' की गैरमौजूदगी से फ्रेंच ओपन में इस साल वह रोमांच देखने को ना मिले।

पिछले साल ऑस्ट्रेलियन ओपन और फ्रेंच ओपन जीतने वाले नडाल के लिए इस सीजन की शुरुआत ही खराब रही। ऑस्ट्रेलियन ओपन में दूसरे दौर के मुकाबले के दौरान वह चोटिल होकर हार गए। इसके बाद से ही वह पैर की तकलीफ के चलते टेनिस कोर्ट से दूर हैं।

नडाल ने जब इस अप्रैल में क्ले कोर्ट सीजन की शुरुआत में चोट के कारण कई प्रतियोगिताओं से दूरी बनाई थी तो फैंस मान रहे थे कि वह फ्रेंच ओपन के लिए खुद को फिट कर रहे हैं, लेकिन अब फ्रेंच ओपन में भाग नहीं लेने के ऐलान के बाद दुनियाभर में उनके चाहने वाले काफी निराश हो गए हैं।

राफेल नडाल को क्ले कोर्ट का राजा इसलिए कहा जाता है क्योंकि फ्रेंच ओपन का आयोजन क्ले कोर्ट पर होता है और उन्होंने 18 बार इस टूर्नामेंट में भाग लेते हुए 14 बार इस ग्रैंड स्लैम को जीता है। यही नहीं इस पूरे समय में वह केवल 3 बार फ्रेंच ओपन में मैच हारे हैं, एक बार साल 2016 में मैच के दौरान चोटिल होकर उन्हें वॉकओवर देना पड़ा, जबकि 112 मुकाबले उन्होंने जीते हैं।

राफेल नडाल रिकॉर्ड 14 बार फ्रेंच ओपन का सिंगल्स खिताब जीतने वाले दुनिया के इकलौते खिलाड़ी हैं। साल 2010 से 2014 के बीच उन्होंने लगातार 5 बार ट्रॉफी हासिल की और यह भी एक कीर्तिमान है। यही नहीं साल 2022 में 36 साल और दो दिन की उम्र में नडाल ने फ्रेंच ओपन की ट्रॉफी बतौर सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी जीती। नडाल साल 2005 में पहली बार फ्रेंच ओपन खेलने उतरे थे और इस खिताब को पहली ही बार में जीतने में कामयाब रहे थे।

यही कारण है कि इस साल उन्हें खिताब जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। वर्तमान में नोवाक जोकोविच और राफेल नडाल के नाम पुरुष टेनिस में सर्वाधिक 22 सिंगल्स ग्रैंड स्लैम जीतने का संयुक्त रिकॉर्ड है। नडाल इस बार यदि खिताब जीत जाते तो सर्वाधिक ग्रैंड स्लैम का रिकॉर्ड उनके नाम हो जाता। लेकिन अब जब नडाल ने टूर्नामेंट से नाम वापस लिया है तो उनके चाहने वाले काफी निराश हैं।

Edited by Prashant Kumar
App download animated image Get the free App now