राफेल नडाल के 21 ग्रैंड स्लैम खिताब की पूरी लिस्ट 

राफेल नडाल ने दूसरी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब अपने नाम किया
राफेल नडाल ने दूसरी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब अपने नाम किया

राफेल नडाल ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2022 के पुरुष सिंगल्स का फाइनल जीतकर टेनिस इतिहास में सबसे ज्यादा पुरुष सिंगल्स ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। पहले स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर और सर्बिया के नोवाक जोकोविच के साथ 20 ग्रैंड स्लैम का संयुक्त रिकॉर्ड नडाल के नाम था। लेकिन 35 साल के नडाल ने साल के पहले ग्रैंड स्लैम के खिताबी मुकाबले में अपने से 10 साल छोटे विश्व नंबर 2 डेनिल मेदवेदेव को रोमांचक मुकाबले में मात देकर इतिहास के पन्नों में नाम दर्ज कर लिया।

नडाल ने अपने रिकॉर्ड के सफर में दूसरी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता है। आपको बताते हैं कि आखिर कुल 21 ग्रैंड स्लैम का रिकॉर्ड नडाल ने कैसे तय किया -

नडाल ने चारों ग्रैंड स्लैम कम से कम 2 बार जीते हैं।
नडाल ने चारों ग्रैंड स्लैम कम से कम 2 बार जीते हैं।

ग्रैंड स्लैम की बात करें तो नडाल के नाम ये रिकॉर्ड भी हैं -

1) साल 2005 में नडाल ने फ्रैंच ओपन के रूप में अपना पहला ग्रैंड स्लैम सिंगल्स टाइटल जीता। नडाल अपने करियर का पहला फ्रैंच ओपन खेल रहे थे। उनसे पहले साल 1982 में स्वीडन के मैट्स विलेंडर ने अपने डेब्यू फ्रैंच ओपन में खेलते हुए ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था।

2) नडाल फ्रैंच ओपन को रिकॉर्ड 13 बार जीतने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। यही नहीं उनके अलावा कोई भी अन्य टेनिस खिलाड़ी एक ही ग्रैंड स्लैम को 13 बार नहीं जीत पाया है।

3) नडाल टेनिस इतिहास के ऐसे इकलौते पुरुष खिलाड़ी हैं जिन्होंने लगातार 10 साल खेलते हुए हर साल कम से कम 1 ग्रैंड स्लैम जीता हो। साल 2005 से 2014 के बीच हर साल नडाल ने कम से कम एक ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट अपने नाम किया है।

4) नडाल ने कुल 29 ग्रैंड स्लैम फाइनल खेलते हुए 21 ग्रैंड स्लैम जीते हैं जबकि जोकोविच और फेडरर कुल 31 फाइनल खेल चुके हैं। ऐसे में नडाल ग्रैंड स्लैम फाइनल जीतने के प्रतिशत के हिसाब से दोनों से आगे हैं।

5) नडाल चारों ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में कम से कम 5 बार फाइनल खेल चुके हैं।

6) नडाल ने 24 साल की उम्र तक चारों ग्रैंड स्लैम कम से कम 1 बार अपने नाम कर लिए थे। ऐसे में वो ये कारनामा करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। यही नहीं नडाल ने साल 2008 बीजिंग ओलंपिक में पुरुष सिंगल्स का गोल्ड भी जीता।

राफेल नडाल ने ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतकर इतिहास का सबसे बड़ा टेनिस खिलाड़ी होने का मजबूत दावा पेश किया है। हालांकि कई टेनिस फैंस फेडरर, रॉड लेवर, या फिर जोकोविच के नाम पर भी चर्चा करते हैं लेकिन फिलहाल रिकॉर्ड बुक के लिहाज से नडाल सबसे ऊपर हैं।

Edited by निशांत द्रविड़
App download animated image Get the free App now