3 फेमस Superstars जिनके WWE Draft 2024 द्वारा मेन रोस्टर पर आने की उम्मीद बेहद कम थी

Ujjaval
WWE Draft 2024 खत्म हो गया है
WWE Draft 2024 खत्म हो गया है

Draft 2024: WWE ड्राफ्ट (Draft 2024) अब इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। स्मैकडाउन (SmackDown) और Raw के हालिया एपिसोड्स में इनका आयोजन हुआ। ड्राफ्ट के दौरान कई सारे सुपरस्टार्स अपने शो पर बने रहे और कुछ ने दूसरे ब्रांड में जगह बनाई। इसी बीच हर बार की तरह NXT रेसलर्स का मेन रोस्टर कॉलअप भी देखने को मिला।

मेन रोस्टर पर कुछ NXT स्टार्स के आने की उम्मीद फैंस को लंबे समय से थी। इसी बीच कुछ ऐसे कॉलअप्स रहे, जिनके बारे में शायद ही फैंस ने सोचा होगा। इस आर्टिकल में हम 3 सुपरस्टार्स के बारे में बात करेंगे, जिनके WWE ड्राफ्ट 2024 के दौरान मेन रोस्टर में आने की उम्मीद किसी को नहीं थी।

3- WWE Draft 2024 के दौरान कियाना जेम्स को Raw में शामिल किया गया

कियाना जेम्स काफी समय से NXT में नज़र आ रही थीं। उन्होंने अपने अनोखे कैरेक्टर की वजह से नाम बनाया था। कियाना इन-रिंग स्किल्स के मामले में काफी जबरदस्त रेसलर हैं लेकिन NXT में उन्हें उतनी सफलता नहीं मिली थी। ऐसे में फैंस को उम्मीद थी कि वो अभी लंबे समय तक ब्रांड का हिस्सा रहेंगी। इन सभी चीज़ों के बावजूद WWE ने फैंस को चौंका दिया।

कियाना जेम्स को SmackDown में हुए ड्राफ्ट के पहले एडिशन के दौरान चुना गया। वो अंत में Raw द्वारा पिक की गईं। ड्राफ्ट होने के बाद उनकी प्रतिक्रिया दिखाई गई और यहां से एक चीज़ क्लियर हो गई कि उन्होंने भी खुद के चुने जाने की उम्मीद नहीं की थी। कियाना जेम्स के पास जबरदस्त फिजिक और इन-रिंग स्किल्स हैं। WWE द्वारा अगर उन्हें अच्छी बुकिंग मिलती है, तो वो बहुत जल्दी Raw के विमेंस डिवीजन के टॉप पर जा सकती हैं।

2- WWE सुपरस्टार डाइजैक Raw में शामिल हो गए

डाइजैक ने WWE में अलग-अलग कैरेक्टर्स में काम किया है। वो पहले NXT में डॉमिनिक डाइजाकोविच नाम से नज़र आते थे लेकिन मेन रोस्टर पर उन्होंने टी-बार नाम से कदम रखा। रेट्रीब्यूशन फैक्शन की असफलता के बावजूद टी-बार के रूप में डाइजैक ने मेन रोस्टर पर काम जारी रखा। मेस के साथ टीम बनाने के बावजूद वो इस गिमिक को सफल नहीं बना पाए। कुछ महीनों बाद उन्होंने डाइजैक गिमिक के साथ NXT में कदम रखा।

यह काफी शानदार है और इसने कम समय में फैंस के बीच उन्हें लोकप्रिय बना दिया। डाइजैक अपने हील कैरेक्टर, लुक और खतरनाक रेसलिंग स्टाइल के कारण चर्चा का विषय रहते हैं। वो अभी तक ज्यादातर मिड कार्ड टाइटल स्टोरीलाइन का हिस्सा रहे थे। इसी बीच फैंस को उम्मीद थी कि वो आगे जाकर NXT टाइटल की स्टोरीलाइन का हिस्सा बनते हुए संभावित तौर पर चैंपियन बनेंगे। ऐसा कुछ नहीं हुआ और उन्हें Raw में ड्राफ्ट कर लिया गया। इसकी उम्मीद फैंस ने नहीं की थी।

1- WWE सुपरस्टार ब्लेयर डेवनपोर्ट SmackDown का हिस्सा बनीं

ब्लेयर डेवनपोर्ट ने NXT UK ब्रांड में रहते हुए अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वो NXT में भी काफी समय तक नज़र आईं। ब्लेयर जबरदस्त रेसलर हैं और फैंस द्वारा उन्हें बहुत पसंद किया जाता है। डेवनपोर्ट को फैंस NXT में चैंपियनशिप जीतते हुए देखना चाहते थे और ऐसा लगा था कि डेवलपमेंटल ब्रांड में अभी तक उनका लक्ष्य पूरा नहीं हुआ है। इसी वजह से फैंस ने उनके ड्राफ्ट होने की उम्मीद नहीं जताई थी।

जब SmackDown द्वारा उन्हें अपने शो के लिए चुना गया, तो फैंस समेत वो भी शॉक रह गईं। ब्लेयर ने काफी मेहनत की है और अब उम्मीद है कि वो मुख्य शो का हिस्सा बनते हुए काफी तेजी से सफलता हासिल कर पाएंगी। डेवनपोर्ट के साथ अच्छी चीज़ यह है कि वो हील और बेबीफेस दोनों कैरेक्टर्स में रहते हुए जबरदस्त काम कर सकती हैं।

Quick Links

App download animated image Get the free App now