3 चीजें जो WWE को पहले जैसे एंटरटेनिंग बना सकती हैं

<p>

वर्तमान की तुलना इतिहास से करना शायद ठीक नही होता क्योंकि पहली बात तो यह कि दोनों समय बिल्कुल अलग-अलग होते हैं और दूसरी यह कि पहले की चीजें उस समय के हिसाब से होती हैं और वर्तमान की चीजें इस समय के हिसाब से।

WWE के एटिट्यूड एरा और PG एरा को एक ही पैमाने पर तोलना शायद ठीक नहीं है। एक तरफ जहाँ उस समय ज्यादातर दर्शक वयस्क आयु वर्ग के थे। वहीं इस समय WWE की टार्गेट ऑडियंस बच्चे हैं। शायद 21वीं सदी के पहले दशक जैसी आज़ादी आज के रैसलर्स को नही मिल सकती है।

लेकिन कभी-कभी इतिहास की तरफ न देखना पतन का इशारा होता है। WWE की गिरती रेटिंग्स भी शायद इसी तरफ इशारा करती हैं। हालात और समय जो भी रहें, इस बिज़नेस का चलना जरूरी है और इस परिदृश्य में तर्क और बहाने बेमानी हैं।

WWE का इतिहास कोई सुहाना सफर नहीं रहा है। पहले भी कम्पनी बहुत मुश्किलात झेल चुकी है लेकिन WWE हर बार कुछ न कुछ ऐसा कर गयी जो बिलकुल एतिहासिक रहा है। चाहे बात की जाए विंस मैकमैहन के रिंग में उतरने की या फिर अथॉरिटी के गठन की, WWE ने हमेशा कुछ ऐसे कदम उठाएं है जो हर बार दर्शकों को वापस खींच लाया है।

लेकिन फिलहाल WWE का कोई हथकंडा काम करता नहीं दिख रहा है। साथ ही एक साथ कई सारे सुपरस्टार्स का चोटिल होना अपने आप मे एक बड़ी समस्या बन चुका है।

ऐसे में आइये देखते हैं वो चीजें जिनके होने से WWE फिर से पटरी पर लौट सकता है।

#3. गैरजरूरी सुपरस्टार बाहर निकले जाएं

WWE के रैसलर्स
WWE के रैसलर्स

एक समस्या जो WWE के साथ पिछले कुछ सालों से बनी हुई है वह यह है कि WWE का मेन रोस्टर ऐसे सुपरस्टार्स से भरा पड़ा है जो सिर्फ दिखावटी बनकर रह गए हैं। ये सुपरस्टार लाइव इवेंट्स या फिर किसी झड़प को रोकने के काम ही आते है।

इनको TV पर लड़ाना भी समय की बर्बादी मात्र है क्योंकि इनके लिए कोई स्टोरीलाइन तैयार नहीं की जा सकती है। ऐसे सुपरस्टार कहीं और जाकर अपना नाम बना सकते हैं। यह उनका करियर बनाने के साथ-साथ WWE की क्रिएटिव टीम के कंधों से काफी बोझ कम करेगा और हमें अच्छी कहानियां देखने को मिलेगी।

#2. एजे स्टाइल्स को स्मकडाउन का ब्रॉक लैसनर न बनाया जाए

<p>

बीते कुुुछ समय से यह देखने को मिल रहा है कि WWE एजे स्टाइल्स को भी उसी रास्ते पर ले जा रही है जिसपर ब्रॉक लैसनर चल रहे हैं। यानी कि एजे स्टाइल्स भी अजेय बनते जा रहे हैं लेकिन कहीं न कही यह उन्हें ब्रॉक लैसनर की तरह बोरिंग भी बनाता जा रहा है।

पहले शिंस्के नाकामुरा के साथ और फिर सामोआ जो के साथ उनकी दुश्मनी कहीं न कहीं कुछ यही कहानी बयां करती है। दोनों रैसलर अगर एजे से अच्छे नहीं तो कम से कम उनके जितने अच्छे जरूर थे। इन दोनों रैसलर्स को स्टाइल्स से कई बार शिकस्त मिली। यह दोनों साफ जीत के हकदार थे। कहीं न कहीं ऐसे में एजे स्टाइल्स स्मैकडाउन के लैसनर बन रहे हैं जो दूसरों के करियर के लिए खतरा बनते जा रहे हैं।

WWE और एजे दोनों के लिए यही बेहतर होगा कि WWE इस चीज़ को रोके क्योंकि दर्शकों का मन बदलते देर नहीं लगती और ब्रॉक को मिल रही बू इस बात का जीता-जागता उदाहरण है।

#1. विंस मैकमैहन के अवतार में नजर आएं शेन मैकमैहन

<p>

क्राउन ज्वेल में शेन मैकमैहन की जीत ने दर्शकों को विंस मैकमैहन के रॉयल रम्बल जीतने का लम्हा वापस याद दिला दिया था। शेन को देखकर लगा कि उनका हील टर्न होने वाला है लेकिन उन्होंने स्मैकडाउन के अगले एपिसोड पर इसको अपने ब्रांड के प्रति लगाव के रूप में दिखाया।

बेहतर होगा कि शेन क्राउन ज्वेल जैसा कोई काम करके WWE चैंपियनशिप जीतें और खुद को एक हील के रूप में स्थापित करें। वह एक अथॉरिटी का गठन करें और रैंडी ऑर्टन के साथ मिलकर किसी न किसी बेबीफेस सुपरस्टार को निशाने पर रखें, जैसे इस समय रैंडी कर रहे हैं।

इससे दर्शकों का प्यार बेबीफेस रैसलर्स को और भी ज्यादा मिलेगा और दर्शकों में हर नए एपिसोड को लेकर उत्सुकता बनी रहेगी। यह कदम भी शायद इतिहास में कुछ उसी तरह याद किया जाएगा जैसे विंस मैकमैहन का रॉयल रम्बल जीतना और वर्ल्ड चैंपियन बनना।

Quick Links