4 मौजूदा सुपरस्टार्स जो NXT चैंपियन रहे लेकिन WWE या यूनिवर्सल टाइटल को नहीं जीत पाए

NXT चैंपियंस जो WWE या यूनिवर्सल चैंपियन नहीं बन सके
NXT चैंपियंस जो WWE या यूनिवर्सल चैंपियन नहीं बन सके

WWE पिछले कई दशकों के समय से प्रो रेसलिंग इंडस्ट्री के टॉप पर बनी हुई है। विंस मैकमैहन (Vince Mcmahon) हमेशा नए-नए आइडिया सामने लाते रहे हैं और शायद उन्हीं आइडियाज़ की वजह से फैंस आज भी WWE के शोज़ को बहुत दिलचस्पी से देखते हैं। इसी तरह साल 2010 में NXT नाम के ब्रांड की शुरुआत की गई।

NXT को WWE की डेवलपमेंटल ब्रांड के रूप में देखा जाता रहा है, लेकिन इसमें कई पूर्व वर्ल्ड चैंपियंस भी काम कर चुके हैं। NXT को काफी फेम मिलने लगा था और साल 2012 में NXT चैंपियनशिप बेल्ट का अनावरण किया गया, जिसे जीतने वाले सबसे पहले सुपरस्टार सैथ रॉलिंस रहे।

अभी तक 18 अलग-अलग सुपरस्टार्स NXT चैंपियन बन चुके हैं, जिनमें से कुछ अभी भी NXT या मेन रोस्टर में काम कर रहे हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए इस आर्टिकल में हम उन 4 मौजूदा सुपरस्टार्स के बारे में आपको बताएंगे, जो NXT चैंपियन तो रहे लेकिन कभी WWE या यूनिवर्सल चैंपियन नहीं बन पाए।

WWE सुपरस्टार समोआ जो

समोआ जो ने साल 2015 में विंस मैकमैहन के प्रोमोशन को जॉइन किया और 2017 में मेन रोस्टर में आने से पहले करीब 2 साल तक NXT में काम किया। वो पहली बार 2016 के अप्रैल महीने के एक लाइव इवेंट में फिन बैलर को हराकर NXT चैंपियन बने थे। कुछ समय बाद शिंस्के नाकामुरा के हाथों टाइटल गंवा बैठे, लेकिन उसी साल नवंबर के महीने में इस टाइटल को दूसरी बार जीता।

चैंपियनशिप बेल्ट को दोबारा हारने के बाद 2017 की शुरुआत में उन्होंने मेन रोस्टर डेब्यू किया। समोआ जो मेन रोस्टर में कई बार WWE और यूनिवर्सल चैंपियन को भी चैलेंज कर चुके हैं, लेकिन कभी उन्हें जीत के लिए बुक नहीं किया गया। आपको याद दिला दें कि समोआ इसी साल NXT Takeover 36 में तीसरी बार NXT चैंपियन बने। दुर्भाग्यवश डेवलपमेंटल ब्रांड के टाइटल को 3 बार जीतने के बाद भी समोआ एक बार भी WWE या यूनिवर्सल चैंपियन नहीं बन सके हैं।

रॉबर्ट रूड

रॉबर्ट रूड ने साल 2016 में WWE को जॉइन किया और करीब एक साल तक NXT में काम किया। इसी दौरान 2017 के जनवरी महीने में हुए NXT Takeover: San Antonio में शिंस्के नाकामुरा को हराकर NXT चैंपियनशिप अपने नाम की थी। वो 200 दिनों से भी अधिक समय तक चैंपियन बने रहे और टाइटल हारने के बाद WWE मेन रोस्टर डेब्यू किया। रूड अन्य प्रोमोशंस में वर्ल्ड चैंपियन बन चुके हैं, लेकिन ये बेहद दुर्भाग्य की बात है कि WWE ने अभी तक उन्हें अधिकांश मौकों पर एक मिड-कार्ड रेसलर के तौर पर दिखाया है।

शिंस्के नाकामुरा

जापानी प्रो रेसलिंग सर्किट के दिग्गज रेसलर्स में से एक रहे शिंस्के नाकामुरा ने साल 2016 में WWE को जॉइन किया था। वहीं 2017 में मेन रोस्टर डेब्यू से पहले 2 बार NXT चैंपियनशिप को जीत चुके थे। मेन रोस्टर में आने के पहले ही साल उन्हें SummerSlam 2017 में जिंदर महल के खिलाफ WWE चैंपियन बनने का मौका मिला। इससे ऐसा लगने लगा था कि WWE उन्हें बहुत बड़ा पुश देने वाली है, दुर्भाग्यवश भविष्य में ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला। वहीं 2020 के अप्रैल महीने में मिले एक यूनिवर्सल टाइटल मैच में भी उन्हें हार झेलनी पड़ी।

सैमी जेन

इस बात को नकारा नहीं जा सकता कि सैमी जेन मौजूदा WWE रोस्टर के सबसे टैलेंटेड सुपरस्टार्स में से एक हैं। इसके बावजूद उनका अभी तक WWE या यूनिवर्सल चैंपियन ना बन पाना काफी चौंकाने वाली बात है। एक बार के NXT चैंपियन रह चुके जेन ने कई बार WWE चैंपियनशिप के लिए चैलेंज किया और कुछ हफ्ते पहले ही उन्हें रोमन रेंस के खिलाफ यूनिवर्सल टाइटल शॉट भी मिला, लेकिन उनमें से किसी भी मौके पर उन्हें जीत के लिए बुक नहीं किया गया। उम्मीद है कि भविष्य में जेन कम से कम एक बार WWE या यूनिवर्सल चैंपियन जरूर बनेंगे।

Quick Links

App download animated image Get the free App now