4 कारण क्यों WWE को एक टॉप-लेवल के भारतीय Superstar की जरूरत है

wwe need top indian superstar
WWE को एक टॉप-लेवल के भारतीय सुपरस्टार की जरूरत क्यों है?

WWE: WWE ऐसे ही दुनिया का सबसे बड़ा प्रो रेसलिंग प्रमोशन नहीं बना है। कंपनी को इस मुकाम तक पहुंचाने में विंस मैकमैहन (Vince Mcmahon) और उनके साथियों के अलावा दिग्गज रेसलर्स ने भी अहम योगदान दिया है। ये बात आपको चौंका सकती है कि इस प्रमोशन के शोज़ को दुनिया के 180 से भी ज्यादा देशों में प्रसारित किया जाता है।

इनमें से एक नाम भारत का भी है, जो लंबे समय से WWE के सबसे बड़े मार्केट्स में से एक बना रहा है। वहीं इस समय कंपनी में कई भारतीय रेसलर्स काम कर रहे हैं, इसलिए इस आर्टिकल में हम उन 4 कारणों के बारे में आपको बताएंगे कि क्यों WWE को एक टॉप-लेवल के भारतीय सुपरस्टार की जरूरत है।

#)WWE की व्यूअरशिप में तगड़ा उछाल हो सकता है

चूंकि भारत की जनसंख्या 1.4 अरब से भी ज्यादा है, इसलिए यहां एक बार कोई बिजनेस अपनी पैठ बना ले तो उस कंपनी को बहुत फायदा हो सकता है। भारत के युवाओं में प्रोफेशनल रेसलिंग का क्रेज़ साल दर साल बढ़ रहा है, इसलिए फैंस की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है।

आपको याद दिला दें कि इस साल जब WrestleMania 38 से अगले Raw एपिसोड में वीर महान की वापसी हुई, उस इवेंट की भारतीय व्यूअरशिप में बहुत तगड़ा उछाल देखा गया था। इसलिए सोचिए अगर WWE के पास एक टॉप लेवल का भारतीय सुपरस्टार होगा तो जाहिर तौर पर भारत के ज्यादा लोग कंपनी के शोज़ को देखेंगे, जिससे व्यूअरशिप में भी बढ़ोतरी हो सकेगी।

#)NXT India के सपने को सच करने के लिए

WWE ने साल 2010 में NXT नाम के साथ अपने डेवलपमेंटल ब्रांड की शुरुआत की थी, लेकिन ट्रिपल एच ने आगे चलकर NXT को एक डेवलपमेंटल से कंपनी के तीसरे बड़े ब्रांड के रूप में स्थापित किया। कुछ साल बाद NXT UK की शुरुआत हुई, जिसे अब NXT Europe नाम देने पर विचार किया जा रहा है।

इसी तरह कुछ समय पूर्व NXT India के लॉन्च होने के बारे में भी खबरें सामने आई थीं, लेकिन अभी तक इन प्लांस को सच का रूप लेते नहीं देखा गया है। हालांकि WWE समय-समय पर भारत में इवेंट्स करवाती रही है, लेकिन NXT India का लॉन्च होना जैसे एक नई मुहिम की शुरुआत होगी, जिससे भारत के लाखों युवा प्रो रेसलिंग में जाने के सपने को पूरा कर पाएंगे।

#)किसी भारतीय सुपरस्टार को वर्ल्ड चैंपियन बने काफी समय हो गया है

आपको याद दिला दें कि साल 2007 में द ग्रेट खली ने WWE इतिहास का सबसे पहला भारतीय वर्ल्ड चैंपियन बनकर इतिहास रचा था। वो अपने करियर में कभी दोबारा इस टाइटल को नहीं जीत पाए, लेकिन कंपनी को दूसरा भारतीय वर्ल्ड चैंपियन उसके करीब 10 साल बाद मिला, जब Backlash 2017 में रैंडी ऑर्टन को हराकर जिंदर महल नए चैंपियन बने थे।

अब उन बातों को 5 साल बीत चुके हैं और अगर WWE एक बार फिर भारत को अगला चैंपियन देने के लिए 10 साल इंतज़ार करना चाहती है तो भारत को इस इंडस्ट्री में आगे बढ़ने में बहुत समय लगेगा। मगर भारत को "Land of Opportunities" कहा जाता है, जिसका मतलब ये कि यहां मेहनत करते हुए कोई भी कंपनी अच्छा कर सकती है, इसलिए बेहतर होगा कि WWE भारतीय रेसलर्स को वर्ल्ड चैंपियन बनने के लिए तैयार करे।

#)ये किसी भारतीय को बड़ा पुश देने का सबसे सही समय है

भारतीय या भारतीय मूल के सुपरस्टार्स का नियमित रूप से टॉप-कार्ड स्टोरीलाइंस में शामिल ना होने का एक कारण ये भी है कि कंपनी में भारत के रेसलर्स की कमी महसूस की जाती रही है, लेकिन मौजूदा समय में स्थिति में थोड़ा सुधार आया है।

WWE में इस समय वीर महान, शैंकी जैसे प्रतिभाशाली और जिंदर महल जैसे अनुभवी रेसलर्स काम कर रहे हैं। उनके अलावा पिछले कुछ समय में NXT में सांगा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फैंस को खासा प्रभावित किया है। उनके अलावा गुरु राज भी धीरे-धीरे फेम हासिल कर रहे हैं।

WWE और रेसलिंग से जुड़ी तमाम बड़ी खबरों के साथ-साथ अपडेट्स, लाइव रिजल्ट्स को हमारे Facebook page पर पाएं।