4 सुपरस्टार्स जिन्हें 2021 में WWE ने सबसे ज्यादा पुश दिया

WWE सुपरस्टार्स जिन्हें इस साल सबसे ज्यादा पुश मिला है
WWE सुपरस्टार्स जिन्हें इस साल सबसे ज्यादा पुश मिला है

WWE के लिए साल 2020 बिल्कुल भी अच्छा नहीं गुजरा था। COVID-19 के कारण लगे लॉकडाउन की वजह से कंपनी को अपने बजट में भारी कटौती करनी पड़ी और कई बड़े सुपरस्टार्स को रिलीज़ भी करना पड़ा। वहीं क्लोज़्ड़ डोर इवेंट में काफी रेसलर्स के लिए अच्छा परफॉर्म कर पाना मुश्किल हो रहा था।

इसके बावजूद कुछ रेसलर्स उभर कर सामने आए, जिन्होंने एरीना में लाइव क्राउड की गैरमौजूदगी में भी शानदार प्रदर्शन कर लोगों को प्रभावित किया। समय बीता और उनमें से कुछ सुपरस्टार्स का पुश 2021 में भी जारी रहा और कुछ तो इस साल चैंपियन भी बने। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए इस आर्टिकल में आइए जानते हैं उन 4 सुपरस्टार्स के बारे में, जिन्हें WWE ने 2021 में सबसे ज्यादा पुश दिया है।

WWE सुपरस्टार रिडल

रिडल ने साल 2020 में जून के महीने में अपना WWE मेन रोस्टर डेब्यू किया। उन्हें मेन रोस्टर में आते ही आईसी टाइटल शॉट मिला, लेकिन जीत दर्ज नहीं कर पाए। उस समय चाहे टाइटल उनके हाथ ना लगा हो, मगर WWE ने उन्हें बहुत बड़ा पुश देने के संकेत जरूर दिए थे।

2020 के अंत तक उन्हें जॉन मॉरिसन, जैफ हार्डी और शेमस जैसे दिग्गज सुपरस्टार्स पर जीत मिल चुकी थी। वहीं साल के अंतिम समय में उनकी उस समय के WWE यूएस चैंपियन बॉबी लैश्ले के साथ दुश्मनी शुरू हुई, जिन्हें Elimination Chamber 2021 पीपीवी में हराकर रिडल अपने करियर में पहली बार यूएस चैंपियन बने।

कुछ मौकों पर अपने टाइटल को सफलतापूर्वक डिफेंड करने के बाद WrestleMania 37 में शेमस के हाथों अपना टाइटल हार बैठे। WrestleMania के बाद उन्होंने रैंडी ऑर्टन के साथ टीम (RK-Bro) बनाई, जो SummerSlam 2021 में एजे स्टाइल्स और ओमोस की टीम को हराकर Raw टैग टीम चैंपियन बनी।

ऑर्टन का साथ मिलने से रिडल को ज्यादा फेम मिलना शुरू हुआ है। चूंकि ऑर्टन और रिडल सिंगल्स सुपरस्टार रहे हैं, इसलिए भविष्य में इनकी टीम का टूटना भी निश्चित है। खैर ने इस साल 2 टाइटल्स जीते हैं, इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि रिडल को कितने बड़ा पुश मिल रहा है।

बियांका ब्लेयर

बियांका ब्लेयर ने पिछले साल WrestleMania 36 के बाद अपना WWE मेन रोस्टर डेब्यू किया था। कुछ समय तक वो द स्ट्रीट प्रॉफिट्स के साथ रहीं, लेकिन 2021 की शुरुआत उनके लिए धमाकेदार रहने वाली थी। उन्होंने 2021 विमेंस Royal Rumble मैच को जीता और WrestleMania 37 के लिए साशा बैंक्स को चुनौती दी।

WrestleMania में वो साशा को हराकर नई SmackDown विमेंस चैंपियन बनीं। अब वो टाइटल हार चुकी हैं और अब Raw रोस्टर का हिस्सा हैं। अभी चाहे वो टाइटल फ्यूड में शामिल ना हों, लेकिन बहुत थोड़े समय में WWE की टॉप विमेंस बेबीफेस सुपरस्टार्स में से एक बन चुकी हैं।

बिग ई

साल 2020 के WWE ड्राफ्ट में बिग ई को द न्यू डे से अलग कर दिया गया था। कुछ समय बाद ही वो आईसी चैंपियन बने, जो इस बात के संकेत थे कि उन्हें WWE चैंपियन के रूप में तैयार किया जा रहा है। WrestleMania 37 में अपोलो क्रूज़ के हाथों टाइटल हारने के बाद उन्हें Money in the Bank लैडर मैच में जीत के लिए बुक किया गया।

चूंकि उस समय के WWE चैंपियन बॉबी लैश्ले को बहुत जबरदस्त मोमेंटम हासिल था, इसके बावजूद सितंबर के एक Raw एपिसोड में लैश्ले पर ब्रीफ़केस कैशइन कर बिग ई नए चैंपियन बने। बिग ई को हमेशा विंस मैकमैहन से सपोर्ट मिलता आया है, इसलिए उनका ये पुश बहुत लंबा चल सकता है।

बॉबी लैश्ले

बॉबी लैश्ले ने साल 2018 में WWE में वापसी की। कुछ समय उन्हें संघर्ष जरूर करना पड़ा, लेकिन WrestleMania 36 के बाद द हर्ट बिजनेस का गठन हुआ और यहां से लैश्ले के करियर ने एक नई उड़ान भरी। MVP का साथ मिलने से लैश्ले की माइक स्किल्स की मुसीबत दूर हो चुकी थी। उसी का नतीजा है कि लैश्ले अब WWE के टॉप हील सुपरस्टार्स में से एक बन चुके हैं।

मगर इस बीच 1 मार्च, 2021 के Raw एपिसोड में वो द मिज़ को हराकर अपने करियर में पहली बार WWE चैंपियन भी बने। उन्होंने गोल्डबर्ग और ड्रू मैकइंटायर जैसे दिग्गज सुपरस्टार्स के खिलाफ अपने टाइटल को डिफेंड किया था। हालांकि अब वो टाइटल हार चुके हैं, लेकिन उनका हील कैरेक्टर अभी भी फैंस के लिए बड़े आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।