WWE के 4 सुपरस्टार्स जो द ग्रेट खली को सबमिशन से हरा चुके हैं

WWE के इन सुपरस्टार्स ने द ग्रेट खली को सबमिशन से हराया
WWE के इन सुपरस्टार्स ने द ग्रेट खली को सबमिशन से हराया

WWE के इतिहास में बहुत लंबे और तगड़े सुपरस्टार्स रहे, जिन्होंने अपने प्रतिद्वंदियों की पीट-पीटकर बुरी हालत की हो। इन्हीं में से एक नाम द ग्रेट खली (The Great Khali) का भी है, जिन्होंने साल 2006 में अपना WWE डेब्यू किया और आते ही उन्हें द अंडरटेकर (The Undertaker) जैसे दिग्गज सुपरस्टार के खिलाफ स्टोरीलाइन का हिस्सा बनाया गया।

खली 2007 में WWE इतिहास के सबसे पहले भारतीय वर्ल्ड चैंपियन बने, दुर्भाग्यवश उसके बाद वो कोई बड़ी उपलब्धि अपने नाम नहीं कर सके। उन्होंने अपने करियर में अंडरटेकर, बतिस्ता और जॉन सीना समेत कई दिग्गज रेसलर्स के साथ काम किया और जीत भी दर्ज की हैं।

खली 7 फुट से भी अधिक लंबे रेसलर हैं, इसलिए उन्हें हरा पाना ही एक बहुत मुश्किल काम है। वहीं उनके जैसे तगड़े और लंबे रेसलर को सबमिशन से हराना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। इसलिए इस आर्टिकल में हम उन 4 WWE सुपरस्टार्स के नाम आपको बताएंगे जो द ग्रेट खली को सबमिशन से हरा चुके हैं।

4)पूर्व WWE सुपरस्टार रुसेव

साल 2014 के समय रुसेव को बड़े सिंगल्स हील सुपरस्टार के रूप में पुश दिया जा रहा था, दूसरी ओर इस समय तक द ग्रेट खली WWE में एक जॉबर रेसलर की भूमिका निभाने लगे थे। उस समय जुलाई महीने के एक Raw एपिसोड में दोनों का मैच हुआ। रुसेव चाहे खली जितने लंबे नहीं हैं, लेकिन ताकत के मामले में वो किसी से कम नहीं हैं।

मैच ज्यादा लंबा नहीं चला, लेकिन शुरुआत में भारतीय सुपरस्टार ने बढ़त बनाई, लेकिन रुसेव की एक खतरनाक किक के प्रभाव से खली अपने घुटनों पर बैठ गए और अगले ही पल उन्होंने एकोलेड मूव लगाकर 7 फुट से अधिक लंबे सुपरस्टार को टैप आउट करने पर मजबूर किया। इसके अलावा उसी साल अक्टूबर के महीने में SmackDown में भी उनका मैच हुआ और इस बार रुसेव ने खली पर पिन के जरिए जीत हासिल की थी।

अल्बर्टो डेल रियो

अल्बर्टो डेल रियो ने द ग्रेट खली को एक से अधिक बार सबमिशन से हराया हुआ है। साल 2012 के समय में डेल रियो WWE के सबसे बड़े हील सुपरस्टार्स में से एक थे और उसी साल 2 बार वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन भी बने। 2012 के जून महीने के एक SmackDown एपिसोड में दोनों का आमना-सामना हुआ, जिसमें डेल रियो ने खली को क्रॉस आर्मब्रेकर मूव लगाकर हराया था। इसके अलावा उसी साल नवंबर के एक Raw एपिसोड में दोनों दोबारा आमने-सामने आए, जहां एक बार फिर उन्होंने आर्मब्रेकर मूव के जरिए भारतीय सुपरस्टार को टैप आउट करने पर मजबूर किया।

जॉन सीना

द ग्रेट खली को साल 2007 के समय में बहुत बड़ा पुश मिल रहा था। उसी साल जुलाई के महीने में भारत के सबसे पहले WWE वर्ल्ड चैंपियन बनने से कुछ समय पहले उनका सामना Judgement Day 2007 पीपीवी में उस समय के WWE चैंपियन जॉन सीना से हुआ। मैच में द चैंप ने खली को काफी मजबूत दिखाने की कोशिश की, लेकिन अंत में उनके फिनिशर STFU के आगे खली हार मान बैठे। सीना ने इसके अलावा भी भारतीय दिग्गज को कई मौकों पर हराया है, लेकिन यह उनकी खली के खिलाफ सबमिशन से आई एकमात्र जीत रही।

द अंडरटेकर

साल 2006 और 2007 के समय में द अंडरटेकर ने द ग्रेट खली को WWE के सबसे बड़े हील सुपरस्टार्स में से एक बनने में काफी मदद की थी। इसी ऐतिहासिक फ्यूड की मदद से आगे चलकर खली वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन बने। 2007 के नवंबर महीने के एक SmackDown एपिसोड में दोनों के बीच नो होल्ड्स बार्ड मैच हुआ। हालांकि मैच में अधिकांश समय पर भारतीय सुपरस्टार ने बढ़त बनाए रखी, लेकिन अंत में द डैडमैन ने जबरदस्त वापसी करते हुए सबमिशन से इस मैच को जीता था।

Quick Links