4 WWE सुपरस्टार्स जो ड्रू मैकइंटायर की गैरमौजूदगी में Raw के अगले टॉप फेस बन सकते हैं

WWE Raw में ड्रू मैकइंटायर की जगह फिन बैलर ले सकते हैं
WWE Raw में ड्रू मैकइंटायर की जगह फिन बैलर ले सकते हैं

WWE के मेन रोस्टर में वापसी के बाद से ही ड्रू मैकइंटायर (Drew Mcintyre) लगातार रॉ (Raw) में नजर आ रहे थे। WWE ने बाद में उन्हें जबरदस्त तरीके से पुश दिया और वो ब्रांड के टॉप चैंपियन बन गए। मैकइंटायर ने रेसलमेनिया (WrestleMania) 36 में WWE चैंपियनशिप जीतने के बाद रेड ब्रांड का भार अपने कंधों पर उठा लिया।

रोमन रेंस और सैथ रॉलिंस जैसे बड़े सुपरस्टार्स SmackDown में चले गए थे और ब्रॉक लैसनर नजर नहीं आ रहे थे। ऐसे में मैकइंटायर ने टॉप चैंपियन के रूप में काम किया और वो Raw के सबसे अहम सुपरस्टार बन गए। हालांकि, ड्राफ्ट 2021 के दौरान वो SmackDown रोस्टर का हिस्सा बन गए। अभी वो Crown Jewel तक Raw में नजर आएंगे।

इसके बाद वो पूरी तरह SmackDown का हिस्सा बन जाएंगे। ऐसे में WWE को Raw में उनकी कमी पूरी करने के लिए किसी दूसरे सुपरस्टार को टॉप बेबीफेस की तरह पुश देना होगा। इसलिए इस आर्टिकल में हम 4 सुपरस्टार्स के बारे में बात करने वाले हैं जो ड्रू मैकइंटायर की जगह लेकर Raw के टॉप फेस बन सकते हैं।

4- WWE यूनाइटेड स्टेट्स चैंपियन डेमियन प्रीस्ट

डेमियन प्रीस्ट ने मेन रोस्टर पर डेब्यू के बाद से ही सभी को प्रभावित किया है। WWE उन्हें शानदार तरीके से पुश दे रहा है और वो फैंस को प्रभावित करने में सफल रहे हैं। प्रीस्ट को अपने पहले ही WrestleMania मैच में धमाकेदार जीत मिली थी। इसके साथ ही उन्होंने SummerSlam जैसे बड़े इवेंट में यूनाइटेड स्टेट्स चैंपियनशिप पर कब्जा किया। इसके बाद वो कई बड़े सुपरस्टार्स को हराने में सफल रहे हैं।

प्रीस्ट काफी कम समय में प्रशंसकों का ध्यान खींचने में सफल रहे हैं। ऐसे में WWE उनका कद बढ़ा सकता है और उन्हें टॉप स्टार की तरह बुक कर सकता है। WWE को अभी अच्छे बेबीफेस सुपरस्टार्स की जरूरत है और डेमियन प्रीस्ट को एक अच्छा विकल्प माना जा सकता है। प्रीस्ट लगातार चैंपियन के रूप में प्रभावित कर रहे हैं और आगे जाकर वो Raw का सबसे अहम हिस्सा बन सकते हैं।

3- केविन ओवेंस

केविन ओवेंस को पिछले कुछ समय से बढ़िया बुकिंग नहीं मिल रही है। हालांकि, अब वो Raw का हिस्सा बन गए हैं और WWE के पास उनके लिए काफी पर्याप्त टीवी टाइम रहेगा। ओवेंस को हमेशा ही बेबीफेस सुपरस्टार के रूप में काफी अच्छा रिएक्शन मिला है। Raw के आखिरी एपिसोड में ओवेंस नजर आए थे।

इस दौरान फैंस की ओर से उन्हें बढ़िया प्रतिक्रिया मिली थी। अगर WWE उन्हें Raw का अगला टॉप बेबीफेस सुपरस्टार बनाना चाहेगा तो यह काफी अच्छी चीज़ होगी। ओवेंस के पास शानदार रेसलिंग और प्रोमो स्किल्स है। WWE ओवेंस के अनुभव का इस्तेमाल सही तरह से करने के लिए उन्हें Raw का अगला टॉप फेस बना सकता है।

2- रिडल

रिडल इस समय रैंडी ऑर्टन के साथ टैग टीम डिवीजन का हिस्सा बने हुए हैं। उनके पास Raw टैग टीम टाइटल्स हैं और वो बतौर चैंपियंस काफी अच्छा काम कर रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में रिडल ने काफी प्रभावित किया है और फैंस द्वारा उन्हें जबरदस्त रिएक्शन मिल रहा है। WWE उन्हें बेबीफेस के रूप में काफी अच्छा पुश दे सकता है।

रिडल के पास काफी टैलेंट है और वो आसानी से WWE के टॉप सुपरस्टार बन सकते हैं। WWE उन्हें रैंडी ऑर्टन के साथ टैग टीम में रखकर बतौर बेबीफेस सुपरस्टार पुश दे सकता है। बाद में रिडल और रैंडी ऑर्टन की दुश्मनी चल सकती है। इससे भी रिडल को फेस स्टार के रूप में आगे आने में मदद मिलेगी।

1- फिन बैलर

फिन बैलर को WWE Raw का अगला टॉप फेस बना सकता है और वो सबसे बेहतर विकल्प माने जाएंगे। उन्होंने हाल ही में रोमन रेंस के साथ स्टोरीलाइन खत्म की है और वो अभी फैंस के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। WWE ने उन्हें Raw में ड्राफ्ट कर दिया है और वो यहां सभी को प्रभावित कर सकते हैं।

कुछ समय पहले खबरें सामने आई हैं कि WWE मैनेजमेंट Raw में ड्रू मैकइंटायर की जगह भरने के लिए फिन बैलर का चुनने वाला है। देखा जाए तो फिन बैलर के पास टॉप बेबीफेस के रूप में काम करने का अनुभव है और फैंस उन्हें पसंद करते हैं। इसी वजह से उन्हें Raw का अगला टॉप सुपरस्टार बनाया जा सकता है।