4 WWE Superstars जिन्हें सिंगल्स स्टार के रूप में पुश देने के बाद वापस टैग टीम का हिस्सा बना दिया गया

WWE में कई सुपरस्टार्स को सिंगल्स डिवीजन में बड़ा पुश देने के बाद वापस टैग टीम डिवीजन का हिस्सा बना दिया गया था
WWE में कई सुपरस्टार्स को सिंगल्स डिवीजन में बड़ा पुश देने के बाद वापस टैग टीम डिवीजन का हिस्सा बना दिया गया था

WWE इतिहास में कई ऐसे सुपरस्टार्स हो चुके हैं जो अपने करियर की शुरुआत में टीम के रूप में काम करते हुए दिखाई दिए थे और आगे चलकर इन सुपरस्टार्स ने सिंगल्स डिवीजन में भी खूब नाम कमाया था। उदाहरण के लिए, रोमन रेंस (Roman Reigns), सैथ रॉलिंस (Seth Rollins), जॉन मोक्सली (Jon Moxley) ने WWE मेन रोस्टर में द शील्ड के रूप में अपने करियर की शुरुआत की और वर्तमान समय में ये तीनों ही बड़े सिंगल्स स्टार बन चुके हैं।

इसके अलावा ऐज भी अपने शुरुआती करियर में टैग टीम के रूप में काम करते हुए दिखाई दिए थे लेकिन वर्तमान समय में वो भी बहुत बड़े सिंगल्स स्टार बन चुके हैं। हालांकि, WWE में कई ऐसे भी सुपरस्टार्स हुए हैं जिन्हें टैग टीम डिवीजन से निकालकर बड़ा पुश दिया गया था और कुछ समय तक बड़ा पुश देने के बाद उन्हें एक बार फिर टैग टीम डिवीजन में शामिल कर दिया गया था। इस आर्टिकल में हम ऐसे ही 4 WWE सुपरस्टार्स का जिक्र करने वाले हैं जिन्हें सिंगल्स स्टार के रूप में पुश देने के बाद वापस टैग टीम का हिस्सा बना दिया गया।

4- WWE सुपरस्टार ओटिस

ओटिस WWE मेन रोस्टर में अपने शुरूआती करियर में टकर के साथ हैवी मशीनरी नाम की टैग टीम का हिस्सा हुआ करते थे। इसी टीम का हिस्सा रहते हुए ओटिस, मैंडी रोज के साथ स्टोरीलाइन में दिखाई दिए थे। इसके बाद ओटिस को 2020 मिस्टर Money in the bank विजेता बनाते हुए सिंगल्स स्टार के रूप में बड़ा पुश दिया गया था। यही नहीं, 2020 WWE ड्राफ्ट में ओटिस को उनके पार्टनर टकर से अलग कर दिया गया था।

इसके बाद ओटिस Hell in a Cell 2020 में अपने पार्टनर टकर द्वारा धोखा देने की वजह से द मिज के हाथों अपना MITB कॉन्ट्रैक्ट हार गए थे। MITB कॉन्ट्रैक्ट हारने के बाद ओटिस को सिंगल्स स्टार के रूप में पुश देना बंद कर दिया गया था और आगे चलकर ओटिस ने चैड गेबल के साथ टीम बना ली। वर्तमान समय में ओटिस और चैड गेबल के टीम को अल्फा अकादमी के नाम से जाना जाता है और ये दोनों सुपरस्टार्स वर्तमान समय में रेड ब्रांड में Raw टैग टीम चैंपियंस बने हुए हैं।

3- WWE सुपरस्टार कोफी किंग्सटन

कोफी किंग्सटन वर्तमान समय में WWE की सबसे सफल टैग टीम्स में से एक न्यू डे का हिस्सा हैं। इस टीम का हिस्सा रहते हुए कोफी WrestleMania 35 के बिल्ड-अप के दौरान WWE चैंपियनशिप पिक्चर में शामिल हो गए थे। इसके बाद कोफी ने WrestleMania 35 में डेनियल ब्रायन को हराकर नया WWE चैंपियन बनते हुए इतिहास रच दिया था।

कोफी किंग्सटन को WWE चैंपियन के रूप में सिंगल्स डिवीजन में बड़ा पुश दिया गया था। हालांकि, 180 दिनों तक WWE चैंपियन रहने के बाद कोफी SmackDown के एक एपिसोड के दौरान ब्रॉक लैसनर के हाथों अपना टाइटल हार गए थे। टाइटल हारने के बाद कोफी को सिंगल्स स्टार के रूप में पुश देना बंद कर दिया गया और इसके बाद उन्हें एक बार फिर टैग टीम डिवीजन का हिस्सा बना दिया गया।

2- WWE सुपरस्टार बिग ई

WWE सुपरस्टार बिग ई भी न्यू डे टैग टीम का हिस्सा हैं। बता दें, साल 2020 में हुए ड्राफ्ट में बिग ई को न्यू डे से अलग कर दिया गया था ताकि उन्हें सिंगल्स स्टार के रूप में बड़ा पुश दिया जा सके। इसके बाद बिग ई आईसी चैंपियन बनने में कामयाब रहे थे और वो साल 2021 में MITB मैच के विजेता भी बने। MITB ब्रीफकेस जीतने के बाद बिग ई Raw के एक एपिसोड के दौरान बॉबी लैश्ले पर अपना कॉन्ट्रैक्ट कैश इन करके नए WWE चैंपियन बने थे।

बिग ई ने WWE चैंपियन बनने के बाद अपने परफॉर्मेंस से सभी को काफी प्रभावित किया था। हालांकि, इसके बाद Day 1 में हुए फेटल 5वे मैच में बिग ई, ब्रॉक लैसनर के हाथों अपना टाइटल हार गए थे। इसके कुछ समय बाद बिग ई को ब्लू ब्रांड का हिस्सा बना दिया गया और वर्तमान समय में वो एक बार टैग टीम डिवीजन का हिस्सा बन चुके हैं।

1- WWE सुपरस्टार जे उसो

WWE सुपरस्टार रोमन रेंस Payback 2020 में हुए मैच को जीतकर नए यूनिवर्सल चैंपियन बनने में कामयाब रहे थे। इसके बाद रोमन अपने ही कजिन जे उसो के खिलाफ फिउड में आ गए थे। इस फिउड के दौरान जे उसो ने सिंगल्स स्टार के रूप में काफी प्रभावित किया था और इन दोनों सुपरस्टार्स के बीच Clash of Champions और Hell in a Cell 2020 में मैच देखने को मिला था।

इस दौरान जे उसो को ऐज और केविन ओवेंस के खिलाफ भी मैच लड़ने का मौका मिला था। देखा जाए तो जे उसो ने खुद को सिंगल्स स्टार के रूप में साबित किया था। हालांकि, जिमी उसो की वापसी के बाद जे उसो एक बार फिर टैग टीम डिवीजन का हिस्सा बन गए और वर्तमान समय में ये दोनों ब्लू ब्रांड में SmackDown टैग टीम चैंपियंस बने हुए हैं।

Quick Links