5 बड़ी चीजें जो इस साल WWE SummerSlam में पहली बार होंगी

WWE SummerSlam 2021 में 5 दिलचस्पचीजें पहली बार होने वाली हैं
WWE SummerSlam 2021 में 5 दिलचस्पचीजें पहली बार होने वाली हैं

WWE ने समरस्लैम (SummerSlam) की शुरुआत साल 1988 में की थी और तभी से हर साल ये पीपीवी फैंस का मनोरंजन करता आ रहा है। आज SummerSlam की गिनती WWE के साल के 4 सबसे बड़े इवेंट्स में की जाती है। इन दिनों SummerSlam 2021 की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें कई दिग्गज सुपरस्टार्स परफॉर्म करते हुए नजर आएंगे।

जॉन सीना (John Cena) और रोमन रेंस (Roman Reigns) से लेकर गोल्डबर्ग (Goldberg) और ऐज (Edge) जैसे दिग्गज सुपरस्टार्स को SummerSlam 2021 के मैच कार्ड में जगह मिली है। इस पीपीवी के 34 साल के इतिहास में कई रिकॉर्ड बनते और टूटते रहे हैं और रेसलर्स भी कई बड़ी उपलब्धियां अपने नाम करते रहे हैं।

मगर WWE हर साल कुछ नया करने की कोशिश करती है। कोई सुपरस्टार इस साल अपना पहला SummerSlam मैच लड़ रहा होगा तो कोई पहली बार किसी चैंपियनशिप बेल्ट को डिफेंड करेगा। इस आर्टिकल में आइए जानते हैं उन 5 बड़ी चीजों के बारे में जो इस साल SummerSlam में पहली बार होने वाली हैं।

WWE में बॉबी लैश्ले और गोल्डबर्ग पहली बार आमने-सामने होंगे

आपको याद दिला दें कि बॉबी लैश्ले ने अपना WWE डेब्यू साल 2005 में किया था। उन्हें WWE में पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनने के लिए 16 साल इंतज़ार करना पड़ा, जो उन्होंने इसी साल मार्च के एक Raw एपिसोड में द मिज़ को हराकर जीता था। अभी तक वो कोफी किंग्सटन, ड्रू मैकइंटायर और मिज़ के खिलाफ अपनी चैंपियनशिप बेल्ट को डिफेंड कर चुके हैं।

अब SummerSlam में उनका सामना WWE हॉल ऑफ फेमर गोल्डबर्ग से होगा। ये बेहद चौंकाने वाला तथ्य है कि गोल्डबर्ग और लैश्ले आज तक WWE में तो क्या किसी भी प्रो रेसलिंग मैच में आमने-सामने नहीं आए हैं। दोनों बहुत तगड़े हैं, हैवीवेट रेसलर होने के बाद भी उनकी इन रिंग मूवमेंट अच्छी होती है, इसलिए फैंस को दोनों की इस पहली भिड़ंत में शुरू से लेकर अंत तक बहुत तगड़े एक्शन के देखे जाने की उम्मीद होगी।

निकी A.S.H पहली बार Raw विमेंस चैंपियनशिप को डिफेंड करेंगी

निकी A.S.H ने साल 2018 के अंतिम सत्र में अपना WWE मेन रोस्टर डेब्यू किया था। कुछ समय सिंगल्स रेसलर के तौर पर काम करने के बाद उन्होंने एलेक्सा ब्लिस के साथ टीम बनाई और उनकी ये टीम आगे चलकर WWE विमेंस टैग टीम चैंपियन भी बनी। उनका पहला टाइटल डिफेंस SummerSlam 2019 में आया, जहां उन्होंने ब्लिस के साथ मिलकर द आइकॉनिक्स को मात दी थी।

मगर निकी अब पहली बार किसी विमेंस सिंगल्स टाइटल को डिफेंड करती हुई नजर आएंगी। SummerSlam 2021 में उन्हें शार्लेट और रिया रिप्ली के खिलाफ ट्रिपल थ्रेट मैच में अपनी Raw विमेंस चैंपियनशिप बेल्ट का बचाव करना होगा।

ऐज और सैथ रॉलिंस का पहला मैच

SummerSlam 2021 में WWE फैंस केवल बॉबी लैश्ले vs गोल्डबर्ग ही नहीं बल्कि सैथ रॉलिंस और ऐज की पहली भिड़ंत को देखने के लिए भी उत्सुक हैं। रॉलिंस और ऐज का आमना-सामना आज तक इसलिए नहीं हो पाया क्योंकि 2012 में रॉलिंस के WWE मेन रोस्टर डेब्यू से एक साल पहले ही ऐज रिटायर हो चुके थे। वहीं 2020 में वापसी के बाद अब WWE को दोनों को एक-दूसरे के खिलाफ बुक करने का मौका मिला है। ये एक ऐसा मैच होगा, जिसे शायद कोई भी मिस नहीं करना चाहेगा।

रिडल पहली बार टैग टीम टाइटल के लिए चैलेंज करेंगे

रिडल ने पिछले साल जून के महीने में अपना WWE मेन रोस्टर डेब्यू किया था और आते ही उन्हें बड़ा पुश मिलने लगा था। मेन रोस्टर में आने के बाद वो WWE यूएस चैंपियन बन चुके हैं और अब Raw टैग टीम चैंपियन बनने के बेहद करीब खड़े हैं। SummerSlam 2021 में वो एजे स्टाइल्स और ओमोस को टैग टीम चैंपियनशिप बेल्ट्स के लिए चैलेंज करेंगे। ये WWE में पहला मौका होगा जब रिडल टैग टीम चैंपियंस को चुनौती देंगे।

जॉन सीना का पहला WWE यूनिवर्सल चैंपियनशिप मैच

WWE यूनिवर्सल चैंपियनशिप बेल्ट का अनावरण साल 2016 में हुआ था, लेकिन तब तक जॉन सीना धीरे-धीरे एक पार्ट-टाइम रेसलर बनते जा रहे थे। वो 16 बार के वर्ल्ड चैंपियन तो बने, लेकिन आज तक यूनिवर्सल टाइटल के लिए चैलेंज करने का मौका नहीं मिला है। मगर उनका ये इंतज़ार SummerSlam 2021 में खत्म होने वाला है, जहां वो रोमन रेंस को हराकर नया WWE यूनिवर्सल चैंपियन बनने की कोशिश करेंगे।