WWE SmackDown: 5 बड़ी बातें जो स्मैकडाउन के जरिए इशारों-इशारों में बताई गई

WWE ने 5 बातें SmackDown के जरिए इशारों-इशारों में बताई
WWE ने 5 बातें SmackDown के जरिए इशारों-इशारों में बताई

WWE एक्सट्रीम रूल्स (Extreme Rules) 2021 पीपीवी एक-एक दिन कर पास आता जा रहा है, जिसके लिए अभी तक कई दिलचस्प मुकाबलों की घोषणा की जा चुकी है। इस हफ्ते स्मैकडाउन (SmackDown) में भी अगले पीपीवी से जुड़े कई धमाकेदार मैच और सैगमेंट्स देखने को मिले।

शो की शुरुआत रोमन रेंस (Roman Reigns) के सैगमेंट से हुई, जिसमें ब्रॉक लैसनर (Brock Lesnar) ने दखल देकर उन्हें WWE यूनिवर्सल टाइटल के लिए चैलेंज किया। शो में बिग ई-रिक बूग्स-शिंस्के नाकामुरा-डॉमिनिक-रे मिस्टीरियो की टीम, सैथ रॉलिंस (Seth Rollins) की बड़ी जीत देखने को मिली। साथ ही बियांका ब्लेयर (Bianca Belair) और बैकी लिंच (Becky Lynch) का शानदार कॉन्ट्रैक्ट साइनिंग सैगमेंट भी देखा गया।

मेन इवेंट में द उसोज और द स्ट्रीट प्रॉफिट्स के बीच SmackDown टैग टीम चैंपियनशिप मैच हुआ। लेकिन रेंस के दखल के कारण मैच में द स्ट्रीट प्रॉफिट्स को डिसक्वालीफिकेशन के जरिए विजेता घोषित कर दिया गया, इसलिए कोई टाइटल चेंज नहीं देखा गया, इस सैगमेंट में फिन बैलर भी अपने डीमन अवतार में नजर आए। आइए जानते हैं उन 5 बड़ी बातों के बारे में जो WWE ने इस हफ्ते SmackDown के जरिए इशारों-इशारों में बताई हैं।

WWE में बैकी लिंच को बड़ा हील बनाने की कोशिश

बैकी लिंच ने WWE SummerSlam में वापसी कर साशा बैंक्स को बियांका ब्लेयर की चैलेंजर के रूप में रिप्लेस किया था। ब्लेयर को कुछ ही सेकंडों में हराकर बैकी नई SmackDown विमेंस चैंपियन बनी थीं। तभी से आयरिश रेसलर एक हील सुपरस्टार की भूमिका निभाती हुई नजर आई हैं।

इस हफ्ते SmackDown में ब्लेयर और बियांका का Extreme Rules पीपीवी में चैंपियनशिप मैच से पहले कॉन्ट्रैक्ट साइनिंग सैगमेंट हुआ। हालांकि दोनों के बीच रिंग में झड़प देखने को नहीं मिली, लेकिन इस सैगमेंट में बैकी द्वारा क्राउड का मजाक बनाना और उनका थोड़ा अहंकारी किरदार दर्शा रहा है कि WWE उन्हें SmackDown विमेंस डिवीजन की सबसे बड़ी हील सुपरस्टार बनाने की कोशिश कर रही है। ठीक उसी तरह जैसे रोमन रेंस मेंस डिवीजन के सबसे बड़े हील सुपरस्टार हैं।

क्या बिग ई सच में कैश इन करेंगे?

मिस्टर Money in the Bank बिग ई ने SmackDown में एक इंटरव्यू में WWE चैंपियन बॉबी लैश्ले और यूनिवर्सल चैंपियन रोमन रेंस को धमकी दी है। उन्होंने कहा कि वो अगले Raw या SmackDown में अपने ब्रीफ़केस को कैशइन कर सकते हैं। लेकिन अब सवाल है कि क्या बिग ई सच में कैशइन करने वाले हैं।

रोमन रेंस का सामना Extreme Rules में फिन बैलर से होना है, वहीं ब्रॉक लैसनर से भी उन्हें चुनौती मिली है। इसलिए रेंस के हाथ फिलहाल भरे हुए हैं, वहीं लैश्ले अभी डबल चैंपियन बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और RK-Bro के साथ उनकी फ्यूड कितने समय तक जारी रहेगी, इस बारे में अभी कुछ कहा नहीं जा सकता।

दोनों चैंपियंस को अभी शानदार लय हासिल है, इसलिए बिग ई के कैशइन से दोनों चैंपियंस को काफी नुकसान झेलना पड़ेगा, मगर WWE फिलहाल कोई भी नुकसान झेलने की स्थिति में बिल्कुल भी नहीं है। इसलिए बिग ई द्वारा Raw और SmackDown में कैशइन की संभावनाएं बहुत कम हैं।

क्या ऐज जल्द ही ब्रेक पर जाने वाले हैं?

कयास लगाए जा रहे थे कि ऐज और सैथ रॉलिंस की दुश्मनी WWE SummerSlam के बाद समाप्त होने वाली थी, लेकिन WWE ने उसके बाद भी इस फ्यूड को जारी रखने का फैसला लिया। इस हफ्ते SmackDown में हुए मैच में रॉलिंस ने जीत प्राप्त की, लेकिन इस दौरान उन्होंने ऐज की पीट-पीटकर बुरी हालत कर दी थी, जिसकी वजह से उन्हें स्ट्रेचर पर बाहर ले जाया गया। इस तरह के सैगमेंट्स आमतौर पर तब बुक किए जाते हैं जब कोई सुपरस्टार जल्द ही ब्रेक पर जाने वाला होता है, इसलिए ऐज के लिए भी ऐसा कहना गलत नहीं होगा।

WWE के पास विमेंस रोस्टर के लिए कोई स्टोरीलाइन नहीं

इस हफ्ते SmackDown की सबसे खराब बात ये रही कि पूरे शो में विमेंस सुपरस्टार्स का केवल एक सैगमेंट देखने को मिला। पूरा शो WWE यूनिवर्सल चैंपियन रोमन रेंस के इर्द गिर्द घूमता रहा। बैकी लिंच और बियांका ब्लेयर के SmackDown विमेंस चैंपियनशिप कॉन्ट्रैक्ट साइनिंग सैगमेंट के अलावा इवेंट में किसी अन्य फीमेल सुपरस्टार का मैच तो दूर की बात, उनकी झलक तक नहीं देखी गई। यह एक ऐसा विषय है, जिसे WWE को गंभीरता से लेना चाहिए वरना कंपनी की रेटिंग्स में ज्यादा गिरावट कोई चौंकाने वाली बात नहीं होगी।

Extreme Rules 2021 के बाद होगा रोमन रेंस vs ब्रॉक लैसनर मैच

इस हफ्ते SmackDown की शुरुआत रोमन रेंस के सैगमेंट से हुई थी, जिसमें ब्रॉक लैसनर ने दखल देकर रेंस को यूनिवर्सल टाइटल के लिए चैलेंज किया। मेन इवेंट मैच के बाद ट्राइबल चीफ ने लैसनर की चुनौती को स्वीकार कर लिया लेकिन द बीस्ट के खिलाफ मैच से पहले वो फिन बैलर की चुनौती से निपटना चाहते हैं, जिनसे उनका सामना Extreme Rules 2021 में होना है। मौजूदा स्थिति उन रिपोर्ट्स को सच साबित कर रही है, जिनमें कहा गया है कि लैसनर और रेंस का सामना Crown Jewel या Survivor Series पीपीवी में होने वाला है।