WWE SummerSlam में जबरदस्त वापसी करने के बाद बैकी लिंच की पहली प्रतिक्रिया सामने आई

WWE रिंग में बैकी लिंच की हुई वापसी
WWE रिंग में बैकी लिंच की हुई वापसी

WWE समरस्लैम (SummerSlam) 2021 में बैकी लिंच (Becky Lynch) जबरदस्त वापसी कर बियांका ब्लेयर के ऊपर जीत हासिल की। मात्र 27 सेकंड में बैकी लिंच ने बियांका ब्लेयर (Bianca Belair) को हराकर स्मैकडाउन (SmackDown) विमेंस चैंपियनशिप हासिल की। SummerSlam में वापसी और बड़ी जीत के बाद बैकी लिंच की पहली प्रतिक्रिया सामने आई। ट्विटर के जरिए बैकी लिंच ने लिखा I’m back।

WWE दिग्गज बैकी लिंच ने वापसी के बाद चैंपियनशिप अपने नाम की

दरअसल इस पीपीवी में बियांका ब्लेयर का मुकाबला साशा बैंक्स के साथ तय किया गया था। मैच में सबसे पहले बियांका ने एंट्री की और इसके बाद ऐलान किया गया कि साशा बैंक्स मैच का हिस्सा नहीं होंगी। ये देखकर सभी चौंक गए थे। इसके बाद साशा बैंक्स की जगह कार्मेला की एंट्री तय हुई।

बियांका ब्लेयर ने कहा कि साशा बैंक्स को वो बाद में भी हरा सकती हैं लेकिन पहले अपना गुस्सा कार्मेला पर निकालेंगी। इसके बाद बैकी लिंच ने एंट्री कर ली। एरीना में बैठे फैंस खड़े हो गए और सभी ने बैकी लिंच को चीयर किया। बैकी लिंच ने इसके बाद कार्मेला को बुरी तरह पीटकर रिंग के बाहर भेज दिया। इसके बाद उन्होंने बियांका ब्लेयर को चुनौती दे दी। बियांका ब्लेयर को इसके बाद सिर्फ एक मूव लगाकर बैकी लिंच ने जीत हासिल कर ली।

पिछले साल अपनी प्रेग्नेंसी के कारण बैकी लिंच ने Raw विमेंस चैंपियनशिप छोड़ दी थी। बैकी लिंच ने अपनी चैंपियनशिप असुका को दे दी। बैकी लिंच का चैंपियनशिप रन काफी शानदार रहा था और वो 398 दिन तक चैंपियन रही थीं। बैकी लिंच ने पिछले साल चार दिसंबर को अपने पहले बच्चे को जन्म दिया था।

बैकी लिंच ने वापसी कर बहुत बड़ा सरप्राइज फैंस को दिया। कई रिपोर्ट्स में कहा गया था कि बैकी लिंच इस पीपीवी में वापसी करेंगी और ये बात एकदम सच हो गई। ब्लू ब्रांड में अब बैकी लिंच एंट्री करेंगी। बियांका ब्लेयर अब अगले हफ्ते रीमैच की मांग कर सकती हैं। अगर ऐसा होगा तो फिर एक बडा़ मैच और देखने को मिल सकता है। अब सभी की नजरें ब्लू ब्रांड पर टिकी होंगी। बैकी लिंच एक बार फिर बड़ा धमाका करेंगी।