Carlito Confirms WWE Exit: WWE में हाल ही में आर-ट्रुथ (R-Truth) को रिलीज करके चौंका दिया था। ट्रुथ ने खुद पोस्ट डालते हुए फैंस को अपडेट दिया था। अब एक और फेमस स्टार का सफर कंपनी से खत्म होता हुआ नजर आ रहा है। यह स्टार और कोई नहीं, बल्कि जजमेंट डे मेंबर कार्लिटो (Carlito) हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में फैंस को जानकारी दी।
कार्लिटो ने हाल ही में सोशल मीडिया पर आकर फैंस को बड़ी खबर दी। उन्होंने बताया कि दो हफ्तों में उनका कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने वाला है और इसे WWE द्वारा आगे नहीं बढ़ाया गया है। कार्लिटो ने फैंस और WWE को धन्यवाद बोला। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा,
"मेरा कॉन्ट्रैक्ट दो हफ्तों में खत्म हो जाएगा और यह आगे नहीं बढ़ाया जाने वाला है। इसके साथ ही WWE मुझसे वो पैसे वापस मांग रही है, जो उन्होंने मुझे दिए थे। वो कह रहे हैं कि मैंने पैसे चोरी किए हैं। मैंने अपने वकीलों को इस बारे में देखने के लिए कहा और बाद में जब Netflix की पिछले कुछ महीनों की फुटेज सामने आई थी, तो उन्होंने मुझे राय दी कि मैं अपने पैसे उन्हें वापस दे दूं। मजाक से हटकर, WWE और खासकर फैंस को धन्यवाद। मुझे आप लोगों से बेहद प्यार है। मैं एक बार फिर 13 साल बाद नजर आऊंगा। भगवान आप सभी का भला करे।"
आप नीचे कार्लिटो की यह पोस्ट देख सकते हैं:
कार्लिटो काफी मजाकिया स्टार हैं और उन्होंने अपनी पोस्ट में भी यह जता दिया। उन्होंने मजाक करते हुए कहा कि WWE उनसे पैसे वापस मांग रहा है, क्योंकि पिछले कुछ महीनों में उनका टीवी टाइम एकदम कम रहा है। उन्होंने मैसेज के अंत में भी जोक किया और कहा कि वो 13 साल बाद दोबारा WWE में आएंगे।
पूर्व WWE यूएस चैंपियन कार्लिटो ने हाल ही में जीता टाइटल
ट्रिपल एच के क्रिएटिव कंट्रोल में आने के बाद सुपरस्टार्स WWE के अलावा अन्य कंपनी में भी काम करते हुए नजर आते हैं। हाल ही में कार्लिटो ने WWC Summer Madness इवेंट में हिस्सा लिया था। इस शो में उन्होंने WWC Puerto Rico चैंपियनशिप पर कब्जा करके हैरान कर दिया। ऐसा लग रहा है कि कार्लिटो दो हफ्ते का अपना कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने के बाद इसी कंपनी में कदम रख सकते हैं।