क्रिस जैरिको की कुल कमाई और संपत्ति (Chris Jericho Net Worth)

Last Modified Dec 27, 2022 14:32 IST

क्रिस जैरिको अमेरिका में जन्में कनेडियन प्रोफेशनल रेसलर हैं। क्रिस जैरिको एक रेसलर होने के अलावा म्यूजीशियन, लेखक और सिंगर भी हैं। उनका असली नाम क्रिस्टोफर कीथ इर्विन है। क्रिस जैरिको का जन्म 9 नवंबर 1970 को हुआ था और साल 2022 में उनकी उम्र 52 साल हो चुकी है। क्रिस जैरिको 6 फुट लंबे हैं जबकि उनका वजन 103 किलो है। क्रिस जैरिको को दुनिया की सबसे बड़ी रेसलिंग कंपनी WWE में बिताए गए समय के लिए जाना जाता है। बता दें, क्रिस जैरिको मौजूदा समय में AEW के साथ कॉन्ट्रैक्ट में हैं।

इसके अलावा क्रिस जैरिको ROH का भी प्रतिनिधित्व करते हैं। क्रिस जैरिको ने अपने रेसलिंग करियर की शुरूआत 2 अक्टूबर 1990 को की थी और उन्हें रेसलिंग बिजनेस का हिस्सा बने हुए 32 साल हो चुके हैं। उन्होंने रेसलिंग की ट्रेनिंग एड लैंगले और स्टू हार्ट से ली थी। चूंकि, क्रिस जैरिको साल 2022 में 52 साल के हो चुके हैं, यह कहना गलत नहीं होगा कि उनका रेसलिंग करियर अंतिम दौर में है और वो आने वाले कुछ सालों में इन-रिंग परफॉर्मर के रूप में संन्यास ले सकते हैं।


क्रिस जैरिको का नेट वर्थ

क्रिस जैरिको बहुत बड़े रेसलिंग स्टार हैं और वो अपने करियर के दौरान WWE, WCW जैसी कई बड़ी रेसलिंग कंपनियों का हिस्सा रह चुके हैं। इसके साथ ही वो म्यूजिक इंडस्ट्री से भी जुड़े हुए हैं। यही कारण है कि हैरानी की बात नहीं है कि क्रिस जैरिको ने मौजूदा समय में बहुत बड़ी संपत्ति बना ली है। अगर साल 2022 की बात की जाए तो क्रिस जैरिको की संपत्ति बढ़कर 18 मिलियन डॉलर यानि करीब 1 अरब 47 करोड़ 94 लाख रूपए हो चुकी है।


क्रिस जैरिको की सैलरी

क्रिस जैरिको मौजूदा समय में रेसलिंग की दुनिया में बहुत बड़े नाम बन चुके हैं। इस वक्त वो AEW के साथ जुड़े हुए हैं और इस रेसलिंग कंपनी की सफलता में उनका बहुत बड़ा हाथ रहा है। यही कारण है कि क्रिस जैरिको को AEW की तरफ से सैलरी के तौर पर बहुत बड़ी रकम दी जाती है। बता दें, क्रिस जैरिको को उनके मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट के हिसाब से हर साल AEW की तरफ से 3 मिलियन डॉलर यानि करीब 24 करोड़ 65 लाख और 92 हजार रूपए दिए जाते हैं।


क्रिस जैरिको का घर

क्रिस जैरिको एक आलीशान घर में रहते हैं और उनका घर 8,569 स्क्वायर फीट में फैला हुआ है। उनके घर में 5 बेडरूम और 9 बाथरूम मौजूद हैं। फ्लोरिडा में स्थित इस घर में सभी तरह की मॉडर्न सुख-सुविधाएं मौजूद हैं।

क्रिस जैरिको की कार

क्रिस जैरिको कारों के बहुत बड़े शौकीन हैं और उनके पास महंगी कारों का बड़ा कलेक्शन मौजूद है। बता दें, क्रिस जैरिको के पास Audi, Lamborghini सहित 5 कारें मौजूद हैं।


क्रिस जैरिको का बैंड

क्रिस जैरिको हैवी मेटल बैंड Fozzy के लीड सिंगर हैं। इस बैंड ने साल 2000 में अपना डेब्यू किया था और यह बैंड अभी तक Fozzy, All That Remains, Judas जैसे कई एलबम रिलीज कर चुकी है।


क्रिस जैरिको का क्रूज

साल 2017 में क्रिस जैरिको ने ऐलान किया था कि वो खुद का क्रूज शिप इवेंट "Chris Jericho’s Rock ‘N’ Roll Wrestling Rager at sea" लॉन्च कर रहे हैं। इस क्रूज शिप इवेंट में कई बैंड्स लाइव परफॉर्मेंस दे चुके हैं और इसके अलावा कई दिग्गज सुपरस्टार्स गेस्ट के रूप में दिखाई दे चुके हैं।

क्रिस जैरिको का पॉडकास्ट

क्रिस जैरिको ने दिसंबर 2013 में खुद के पॉडकास्ट शो 'Talk is Jericho' की शुरूआत की। क्रिस जैरिको अपने पॉडकास्ट पर प्रो रेसलर्स, पूर्व WWE कर्मचारियों, रॉक म्यूजीशियंस और दूसरे सेलिब्रिटीज का इंटरव्यू लेते हैं। बता दें, क्रिस जैरिको साल 2015 में WWE नेटवर्क पर Live! with Chris Jericho नाम का वीडियो पॉडकास्ट होस्ट करते हुए दिखाई दिए थे। जॉन सीना इस शो के पहले गेस्ट बने थे। वहीं, स्टैफनी मैकमैहन इस शो पर नज़र आने वाली दूसरी गेस्ट थीं।


क्रिस जैरिको का करियर

क्रिस जैरिको ने 19 साल की उम्र में रेसलिंग की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद रेसलिंग बिजनेस में कदम रखा था। कई सालों तक अलग-अलग रेसलिंग प्रमोशंस में काम करने के बाद क्रिस जैरिको ने ECW, WCW जैसी बड़ी रेसलिंग कंपनियों के लिए काम किया। इसके बाद उन्होंने आखिरकार साल 1999 में दुनिया की सबसे बड़ी रेसलिंग कंपनी WWE में अपना डेब्यू किया था। WWE में डेब्यू करने के बाद क्रिस जैरिको ने काफी सफलता हासिल की और वो कई यादगार स्टोरीलाइंस का हिस्सा बनें। इसके बाद क्रिस जैरिको ने साल 2005 में कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के बाद WWE छोड़ दी थी।

दो साल तक WWE से दूर रहने के बाद क्रिस जैरिको ने साल 2007 में एक बार फिर इस रेसलिंग कंपनी में अपनी वापसी की। क्रिस जैरिको वापसी के बाद कई बड़े फिउड्स का हिस्सा बने और उनके क्रिस बैन्वा, शॉन माइकल्स, क्रिश्चियन, रे मिस्टीरियो जैसे सुपरस्टार्स के खिलाफ फिउड को काफी पसंद किया गया। क्रिस जैरिको ने साल 2010 में एक बार फिर WWE छोड़ दी थी और साल 2011 में इस रेसलिंग कंपनी में वापसी करने के बाद वो साल 2018 तक कंपनी के साथ बने रहें। इसके बाद क्रिस जैरिको AEW का हिस्सा बनें और वो अभी भी इसी रेसलिंग कंपनी का हिस्सा हैं।


क्रिस जैरिको की उपलब्धियां

क्रिस जैरिको का रेसलिंग करियर काफी शानदार रहा है और अपने करियर के दौरान उन्होंने कुछ ऐसी चीज़ें हासिल की जो कि कई रेसलर्स अपने पूरे करियर में हासिल नहीं कर पाते हैं। बता दें, क्रिस जैरिको WWE में 3 बार के वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन, 1 बार के अनडिस्प्यूटेड WWE चैंपियन, 9 बार के आईसी चैंपियन, 2 बार के यूएस चैंपियन, 1-1 बार यूरोपियन & हार्डकोर चैंपियन, 2 बार WWE टैग टीम चैंपियन और 5 बार वर्ल्ड टैग टीम चैंपियन रह चुके हैं।

वहीं, क्रिस जैरिको WCW में 2 बार के वर्ल्ड चैंपियन, 4 बार के क्रूजरवेट चैंपियन और 1 बार के वर्ल्ड टेलीविजन चैंपियन भी रह चुके हैं। यही नहीं, क्रिस जैरिको ECW वर्ल्ड टेलीविजन चैंपियनशिप और AEW वर्ल्ड चैंपियनशिप भी जीत चुके हैं।



App download animated image Get the free App now