Former Champion Makes Surprise Return: WWE NXT का शो इस हफ्ते जबरदस्त रहा। कुछ बड़े सैगमेंट और मैच फैंस को देखने को मिले। ताबड़तोड़ एक्शन देखकर काफी मजा आया। एक बड़े सुपरस्टार की वापसी भी हुई। आपको बता दें फैनडांगो (Fandango) ने NXT में एंट्री कर ली है। उन्होंने आते ही बवाल मचाकर बड़ा ऐलान कर दिया। फैनडांगो पिछले कुछ समय से चर्चा में चल रहे थे। उन्होंने WWE रिंग में अपना वापसी की इच्छा जताई थी। कंपनी ने अब जाकर उनके ऊपर भरोसा जताया है।
बजट में कटौती के कारण फैनडांगो को WWE ने 25 जून, 2021 को कंपनी से रिलीज कर दिया था। फैनडांगो के साथ कंपनी ने उनके टैग टीम पार्टनर टायलर ब्रीज को भी बाहर का रास्ता दिखाया था। WWE में अपने रन के दौरान दोनों स्टार्स ने NXT टैग टीम चैंपियनशिप जीती थी। रिलीज से पहले इनका आखिरी मैच 15 जून को हुए एपिसोड में हुआ था। फैनडांगो और ब्रीज को जब निकाला गया था तब काफी गुस्सा फैंस को आया था। दोनों बहुत अच्छा काम कर रहे थे लेकिन उसके बावजूद WWE ने बड़ा फैसला लिया।
इस हफ्ते WWE NXT के एपिसोड में लेक्सिस किंग अपनी हेरिटेज कप चैंपियनशिप के साथ इन-रिंग सैगमेंट में शामिल थे। किंग इस बार काफी भावुक नज़र आए। उन्होंने अपने पिता को लेकर बयान दिया। इसके बाद फैनडांगो ने धमाकेदार वापसी की। उन्होंने अपने पुराने ऑरिजिनल थीम सॉन्ग के साथ एंट्री की। फैनडांगो मौजूदा समय में TNA के लिए जेडीसी नाम से भी काम करते हैं।
फैनडांगो ने लेक्सिस किंग का मजाक उड़ाया। किंग ने अपना बचाव करने की कोशिश की लेकिन ज्यादा सफलता नहीं मिल पाई। पूर्व NXT टैग टीम चैंपियन ने इसके बाद बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि वो अगले हफ्ते हेरिटेज कप के लिए लेक्सिस को चुनौती पेश करेंगे। लगभग चार साल में NXT में ये उनका पहला मुकाबला होगा।
क्या अगले हफ्ते WWE NXT में चैंपियन बन पाएंगे फैनडांगो?
फैनडांगो ने इस बार अलग अंदाज में वापसी की है। ऐसा लग रहा है कि अब फैंस को NXT में उनका सिंगल्स रन देखने को मिलेगा। ये भी हो सकता है कि अगले हफ्ते वो लेक्सिस किंग को हराकर हेरिटेज कप चैंपियनशिप अपने नाम कर लें। WWE द्वारा उन्हें बड़ा पुश दिया जा सकता है। अगर वो चैंपियन बन गए तो फिर बहुत ही शानदार तरीके से आगे बढ़ सकते हैं।