Rusev-Lana Back Together: पूर्व WWE सुपरस्टार्स रुसेव और लाना के नाम से फैंस जरूर परिचित होंगे। उन्होंने WWE में रहते हुए अपना बड़ा नाम बनाया और बतौर कपल बेहद चर्चित भी रहे। 2 साल पहले खबर आई थी कि दोनों अलग हो चुके हैं लेकिन अब एक हालिया रिपोर्ट ने इस कपल के फैंस को बड़ी खुशखबरी दी है। वो दोनों दोबारा साथ आ चुके हैं।
रुसेव और लाना ने WWE में साथ काम किया। इसी बीच रुसेव की मैनेजर के तौर पर लाना नज़र आईं और फिर 2016 में उन्होंने शादी कर ली। दोनों ऑन-स्क्रीन काफी समय तक साथ दिखाई दिए। 2020 में WWE ने रुसेव को रिलीज कर दिया और इसके बाद उन्होंने मिरो नाम से अपने रेसलिंग करियर को आगे बढ़ाया। दूसरी ओर उनकी पत्नी लाना जून 2021 में रिलीज कर दी गईं। वो इसके बाद से सीजे पैरी नाम से काम कर रही हैं।
रुसेव और लाना की शादी 2023 में तार-तार हो गई थीं। कई फैंस के लिए यह किसी झटके से कम नहीं था। लाना ने इसके बारे में 2024 के शुरुआती समय में बताया था। TMZ ने अपनी हालिया रिपोर्ट में कहा कि लाना और रुसेव ने उन्हें बताया है कि वो दोबारा साथ आ चुके हैं। दोनों कुछ महीनों तक ही अलग रहे और जून 2024 में साथ आ गए। कुछ हफ्तों पहले ही दोनों ने लॉस एंजेलिस में अपनी वेडिंग वोव्स को सेरेमनी द्वारा दोबारा पूरा किया।
पूर्व WWE सुपरस्टार्स लाना और रुसेव ने कभी तलाक नहीं लिया था
लाना और रुसेव भले ही 2023 के अंत में अलग हो गए थे लेकिन उनका कभी तलाक नहीं हुआ। वो सिर्फ अलग रह रहे थे। इस बात की जानकारी भी TMZ की रिपोर्ट द्वारा सामने आई। उनके तलाक की प्रक्रिया कभी आगे ही नहीं बढ़ाई गई। यह बात भी सामने आई है कि पूर्व WWE स्टार्स अब लॉस एंजेलिस और रुसेव के देश बुल्गेरिया दोनों जगह पर रहते हुए समय बिता रहे हैं। इस समय लाना और रुसेव दोनों ही फ्री एजेंट हैं और किसी भी प्रमोशन का ऑफिशियल तौर पर हिस्सा नहीं हैं। फैंस उन्हें WWE में दोबारा देखना जरूर पसंद करेंगे।