द अंडरटेकर की कुल कमाई और संपत्ति

द अंडरटेकर रिटायर्ड अमेरिकी प्रोफेशनल रेसलर हैं और वो साल 2020 में आधिकारिक तौर पर रिटायर हो चुके हैं। बता दें, द अंडरटेकर का असली नाम मार्क विलियम कैलावे है। उनका जन्म 22 मार्च 1965 को हुआ था और साल 2022 में उनकी उम्र 57 साल हो चुकी है। द अंडरटेकर का कद 6 फुट 10 इंच है, जबकि उनका वजन 140 किलो है। वो यूएस के ऑस्टिन, टेक्सस के रहने वाले हैं। द अंडरटेकर की वाइफ का नाम मिशेल मैक्कूल है और डैडमैन के कुल 5 बच्चे हैं। द अंडरटेकर को अपने रेसलिंग करियर के दौरान कई निकनेम दिए गए।

खासकर, द अंडरटेकर के फिनोम, डैडमैन निकनेम काफी लोकप्रिय हुए थे। द अंडरटेकर का प्रोफेशनल रेसलिंग करियर करीब 3 दशक लंबा रहा था और अपने करियर के दौरान उन्होंने ज्यादातर समय टॉप सुपरस्टार के रूप में काम किया था। देखा जाए तो ऐसे काफी कम रेसलर हुए हैं जो इतने लंबे समय तक रेसलिंग में एक्टिव रहते हैं। यह चीज़ दर्शाती है कि द अंडरटेकर रेसलिंग के प्रति कितने समर्पित थे और उनका करियर लैजेंडरी रहा था।

द अंडरटेकर के रेसलिंग करियर का शानदार तरीके से अंत हुआ था और बता दें, WWE ने द अंडरटेकर के लिए Survivor Series 2020 में रिटायर सेरेमनी का आयोजन किया था। इसी खास सैगमेंट के जरिए फिनोम ने अपने 3 दशक लंबे लैजेंडरी करियर को अलविदा कह दिया था। अभी भी कई फैंस ऐसे हैं जो कि द अंडरटेकर को WWE रिंग में वापसी करके मैच लड़ते हुए देखना चाहते हैं। हालांकि, मौजूदा समय में उनकी काफी उम्र हो चुकी है और अब वो शायद ही दोबारा रेसलिंग करते हुए दिखाई देंगे।

द अंडरटेकर की कुल संपत्ति क्या है?

द अंडरटेकर का रेसलिंग करियर तीन दशक लंबा रहा था। यही कारण है कि द अंडरटेकर के बहुत बड़े संपत्ति का मालिक होना कोई हैरानी की बात नहीं है। अगर डैडमैन के साल 2022 में नेट वर्थ यानि कुल कमाई की बात की जाए तो यह बढ़कर 17 मिलियन डॉलर (करीब 1 अरब 40 करोड़ 86 लाख और 45 हजार रूपए) हो चुकी है।

भले ही, द अंडरटेकर रिटायर हो चुके हैं लेकिन वो अभी भी लैजेंड्स कॉन्ट्रैक्ट के साथ WWE से जुड़े हुए हैं। इस कॉन्ट्रैक्ट की वजह से द अंडरटेकर को हर साल WWE की तरफ से 2.5 मिलियन डॉलर यानि करीब 20 करोड़ 70 लाख और 35 हजार रूपए मिलते हैं।

क्या था WWE दिग्गज द अंडरटेकर का करियर?

द अंडरटेकर ने अपने प्रोफेशनल रेसलिंग करियर की शुरूआत 1987 में की थी और उन्होंने अपना डेब्यू ब्रूजर ब्रॉडी के खिलाफ मैच में किया था। इसके बाद उन्होंने Survivor Series 1990 में द अंडरटेकर के रूप में WWE में अपना डेब्यू किया था। द अंडरटेकर के रूप में डेब्यू करने के बाद से ही उन्होंने पीछे मुड़कर नही देखा और वो प्रो रेसलिंग इतिहास के महानतम रेसलर्स में से एक बनकर उभरे। द अंडरटेकर ने करियर के दौरान WWE के कई टॉप सुपरस्टार्स के खिलाफ फिउड किया था और उनके केन, शॉन माइकल्स, ट्रिपल एच जैसे सुपरस्टार्स के खिलाफ फिउड को काफी पसंद किया गया था।

द अंडरटेकर के रोस्टर पर दबदबे का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने WWE के सबसे बड़े इवेंट WrestleMania में लगातार 21 मैच जीते थे। इसके बाद ब्रॉक लैसनर ने आखिरकार WrestleMania 30 में द अंडरटेकर को हराते हुए उनकी स्ट्रीक का अंत कर दिया था। द अंडरटेकर अपने करियर के दौरान कई बड़ी चैंपियनशिप भी जीतने में कामयाब रहे थे। बता दें, द अंडरटेकर 4 बार के WWE चैंपियन, 3 बार के वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन, 1 बार के हार्डकोर चैंपियन, 6 बार के WWE वर्ल्ड टैग टीम चैंपियन और 1 बार के WCW टैग टीम चैंपियन रहे थे।

इसके अलावा द अंडरटेकर अपने करियर के दौरान 1 बार के Royal Rumble विजेता रह चुके हैं और उन्होंने यह कारनामा साल 2007 में किया था। बता दें, द अंडरटेकर ने अपने करियर के दौरान 5 बार WrestleMania को मेन इवेंट किया था। उन्होंने अपना आखिरी मैच WrestleMania 36 नाईट 1 में एजे स्टाइल्स के खिलाफ लड़ा था। यह मैच भी शोज ऑफ शोज के मेन इवेंट में कराया गया था। यह बोनयार्ड मैच था और इस मैच में डैडमैन ने एजे स्टाइल्स को मात दी थी।

द अंडरटेकर को WWE हॉल ऑफ फेम में भी शामिल किया जा चुका है और उन्हें यह सम्मान साल 2022 में WrestleMania वीकेंड के दौरान प्राप्त हुआ था। बता दें, WWE के पूर्व चेयरमैन विंस मैकमैहन ने उन्हें हॉल ऑफ फेम में शामिल किया था। द अंडरटेकर WWE हॉल ऑफ फेम में शामिल किए जाते वक्त काफी भावुक हो गए थे और उन्होंने विंस मैकमैहन को गले लगा लिया था।

द अंडरटेकर के पास क्या निवेश है?

द अंडरटेकर की आय का स्त्रोत केवल WWE नहीं हैं बल्कि वो निवेश के जरिए काफी पैसे कमा चुके हैं। बता दें, द अंडरटेकर ने अपने दोस्त और बिजनेस पार्टनर स्कॉट एवनहार्ट के साथ मिलकर साल 2006 में लवलैंड, कोलारैडो में 2.4 मिलियन डॉलर निवेश किया था। यह चीज़ दर्शाती है कि द अंडरटेकर ने काफी पहले ही अपने रिटायरमेंट के लिए प्लान बनाना शुरू कर दिया था। मौजूदा समय में इस प्रौपर्टी की वैल्यू 3.96 मिलियन डॉलर हो चुकी है।

यह चीज़ दर्शाती है कि द अंडरटेकर का रियल स्टेट में निवेश करना बिल्कुल सही फैसला था। द अंडरटेकर दो तरीकों से रियल स्टेट में निवेश के जरिए पैसे कमाते हैं। पहला तरीका यह है कि वो अपने दोस्त स्कॉट एवनहार्ट के साथ मिलकर प्रौपर्टी खरीदते हैं और वो इसमें सुधार करके ज्यादा पैसों में बेच देते हैं। वहीं, दूसरा तरीका यह है कि वो शुरूआती दिनों में प्रौपर्टी में निवेश करते हैं और जब प्रॉपर्टी बिकती है तो वो उसमें से अपना हिस्सा लेते हैं।

द अंडरटेकर के पास क्या संपत्ति है?

द अंडरटेकर ऑस्टिन, टेक्सस में बहुत बड़े घर में रहते हैं। इस घर में सभी मॉर्डन सुख-सुविधाएं मौजूद हैं। इसके अलावा द अंडरटेकर कार और बाइक्स के बहुत बड़े शौकीन हैं। द अंडरटेकर के पास Bentley Continental GT, Cadillac ATS, Jeep Wrangler Rubicon जैसी कई महंगी गाड़ियां और Harley Davidson के अलग-अलग मॉडल के 4 बाइक्स भी मौजूद हैं।