2 कारणों से WWE में पॉल हेमन को रोमन रेंस को धोखा देना चाहिए और 2 उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए

WWE में पॉल हेमन, रोमन रेंस को धोखा देंगे या नहीं
WWE में पॉल हेमन, रोमन रेंस को धोखा देंगे या नहीं

WWE समरस्लैम (SummerSlam) 2020 में रोमन रेंस (Roman Reigns) ने वापसी कर सबको चौंका दिया था। उसके बाद से वो हील सुपरस्टार बने हुए हैं, एक ऐसा कैरेक्टर जो अभी भी प्रो रेसलिंग इंडस्ट्री के सबसे बहुचर्चित विषयों में से एक बना हुआ है। साथ ही एक चौंकाने वाली बात ये भी रही कि पिछले एक साल से पॉल हेमन (Paul Heyman), रेंस को मैनेज कर रहे हैं।

हेमन और रेंस के साथ आने से ही सवाल खड़े होने लगे थे कि अगर ब्रॉक लैसनर WWE में वापस आए, उस स्थिति में हेमन और रेंस की जोड़ी का क्या होगा। रोमन की वापसी के ठीक एक साल बाद यानी SummerSlam 2021 में लैसनर ने धमाकेदार वापसी की थी।

द बीस्ट की वापसी को देख हेमन भी चौंक उठे थे, क्योंकि अब उनके पास रेंस और लैसनर में से किसी एक का चुनाव करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। इसलिए इस आर्टिकल में हम उन 2 कारणों से आपको अवगत काराएंगे कि क्यों हेमन, रेंस को धोखा दे सकते हैं और 2 क्यों नहीं देना चाहिए।

WWE में पॉल हेमन और ब्रॉक लैसनर बहुत समय से साथ रहे हैं - धोखा देना चाहिए

ब्रॉक लैसनर ने साल 2002 में अपना WWE मेन रोस्टर डेब्यू किया था और तभी से उन्हें WWE में पॉल हेमन का साथ मिलता आया है। हालांकि हेमन ने एक बार लैसनर को धोखा भी दिया, लेकिन अब हालात ऐसे हो चुके हैं कि लैसनर को बिना हेमन के रिंग में एंट्री लेते देखने की कल्पना भी नहीं की जा सकती।

दोनों एक-दूसरे के काम करने के तरीके से अच्छी तरह वाकिफ हैं और एक-दूसरे के साथ काम करने का कई सालों का अनुभव भी है। साथ ही असल जिंदगी में भी दोनों काफी अच्छे दोस्त हैं, उस दृष्टि से देखा जाए तो बेहतर होगा कि रेंस को धोखा देकर हेमन दोबारा लैसनर के साथ आ जाएं।

रोमन रेंस को नुकसान होगा - धोखा नहीं देना चाहिए

इस समय WWE यूनिवर्स रोमन रेंस के हील कैरेक्टर को बहुत पसंद कर रहा है, लेकिन इसे सफल बनाने में पॉल हेमन का भी बहुत बड़ा योगदान रहा है। कई दिग्गज प्रो रेसलर्स भी रेंस के विलन कैरेक्टर की तारीफों के पुल बांध चुके हैं। हेमन ने रेंस को उनकी माइक स्किल्स में सुधार करने में भी बहुत मदद की है।

हेमन चाहे रिंग में आकर कुछ बोलें या ना, बस उनकी मौजूदगी ही किसी सैगमेंट को दिलचस्प बनाने के लिए काफी होती है। ट्राइबल चीफ का WWE यूनिवर्सल चैंपियनशिप सफर कुछ ही हफ्तों में 400 दिनों के आंकड़े को पार कर जाएगा। रेंस को फिलहाल किसी नुकसान से दूर रखने के लिए बेहतर यही होगा कि कम से कम इस ऐतिहासिक चैंपियनशिप सफर के खत्म होने तक हेमन को रेंस के साथ साथ रहने दिया जाए।

ब्रॉक लैसनर के साथ पॉल हेमन खुल कर काम कर पाते हैं - धोखा देना चाहिए

जब पॉल हेमन, ब्रॉक लैसनर के साथ एंट्री लेते हैं तो उनका एनर्जी लेवल जैसे आसमान को छू रहा होता है। वहीं रोमन रेंस के साथ एंट्री लेने पर वो डरे हुए महसूस करते हैं, ऐसा वो रेंस के ट्राइबल चीफ कैरेक्टर के कारण करते हैं। पिछले एक साल के दौरान कुछ सैगमेंट्स में रेंस कई मौकों पर हेमन को ये याद दिला चुके हैं कि यहां सिर्फ उनकी चलती है।

दूसरी ओर लैसनर के साथ काम करने पर उनका दिल और दिमाग एक ही जगह पर होता है, लेकिन रेंस के साथ काम करने पर ऐसा नहीं होता। इसलिए खुद के पुराने कैरेक्टर को पुनर्जीवित करने के लिए उन्हें रेंस को धोखा देकर लैसनर के साथ आ जाना चाहिए।

रोमन रेंस ने कभी पॉल हेमन पर अटैक नहीं किया - धोखा नहीं देना चाहिए

रोमन रेंस का किरदार ऐसा है कि पिछले एक साल में जो भी उनके सामने आया, उसे मुंह की खानी पड़ी है। अपने खिलाफ जाने पर उन्होंने अपने भाइयों (जे और जिमी उसो) को भी नहीं बख्शा था। रेंस चीजों को अपने हिसाब से चलाना चाहते हैं, वहीं हेमन ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए कहा था कि रेंस एक बहुत खतरनाक व्यक्ति हैं और सभी को उन्हें अपने ट्राइबल चीफ के रूप में स्वीकार कर लेना चाहिए। इस खतरनाक कैरेक्टर के बावजूद रेंस ने कभी हेमन पर अटैक नहीं किया है। इसलिए उन्हें रेंस से डरने के बजाय रेंस का साथ पाकर सुरक्षित महसूस करना चाहिए।