21 महीने बाद ब्रॉक लैसनर ने WWE में रचा इतिहास, Day 1 में 4 सुपरस्टार्स को चारों खाने चित करके चैंपियनशिप जीती

डे 1 (Day 1) में ब्रॉक लैसनर बने नए चैंपियन
डे 1 (Day 1) में ब्रॉक लैसनर बने नए चैंपियन

डे 1 (Day 1) में WWE चैंपियनशिप के लिए शानदार फैटल 5वे मैच देखने को मिला। WWE ने इस मैच में फैंस को सरप्राइज देकर सभी को चौंका दिया। ब्रॉक लैसनर (Brock Lesnar) अब WWE के नए चैंपियन बन गए है। 21 महीने बाद ब्रॉक लैसनर ने WWE चैंपियनशिप हासिल की है। लैसनर ने WWE चैंपियनशिप जीतकर नया इतिहास रच दिया है। बिग ई (Big E) का WWE चैंपियनशिप रन अब खत्म हो गया है।

WWE दिग्गज ब्रॉक लैसनर ने Day 1 में रचा इतिहास

दरअसल इस शो में रोमन रेंस के साथ ब्रॉक लैसनर का यूनिवर्सल चैंपियनशिप मैच तय किया गया था। शो से पहले रोमन रेंस ने ट्वीट के जरिए बताया कि उन्हें कोरोना हो गया। रोमन रेंस इस शो से बाहर हो गए। WWE ने मैच कार्ड में बदलाव कर दिया। पहले बिग ई अपनी WWE चैंपियनशिप को सैथ रॉलिंस, केविन ओवेंस और बॉबी लैश्ले खिलाफ डिफेंड करने वाले थे लेकिन बाद में इसमें ब्रॉक लैसनर को भी जोड़ दिया गया।

ये मैच काफी शानदार रहा। लैसनर ने शुरूआत से ही मैच में बवाल कर दिया था। हालांकि केविन ओवेंस और सैथ रॉलिंस ने भी मिलकर सभी को जमकर पीटा। इस दौरान बॉबी लैश्ले ने भी दो खतरनाक स्पीयर ब्रॉक लैसनर को दिए। लैसनर और लैश्ले को रिंग में देखकर फैंस काफी उत्साहित हो गए थे। मैच का अंत भी जबरदस्त रहा। एक बार लगा कि लैश्ले नए WWE चैंपियन बन जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। लैसनर ने हमेशा की तरह अपने खतरनाक अंदाज में बिग ई को एफ-5 लगाकर WWE चैंपियनशिप जीत ली। वैसे इस मैच में सभी सुपरस्टार्स को ब्रॉक लैसनर ने एफ-5 लगाया।

आपको बता दें WrestleMania 36 में ब्रॉक लैसनर और ड्रू मैकइंटायर के बीच WWE चैंपियनशिप मैच हुआ था। मैकइंटायर ने ब्रॉक लैसनर को हराकर अपने करियर में पहली बार WWE चैंपियनशिप जीती थी। इसके बाद से लैसनर ने अब WWE चैंपियनशिप हासिल की। लैसनर की ये बहुत ही शानदार जीत रही। ब्रॉक लैसनर इस जीत के बाद काफी खुश नजर आए। इस दौरान लैश्ले जरूर बहुत गुस्सा हुए थे। लैसनर को साल के पहले दिन चैंपियन बनाकर WWE ने सभी को हैरान कर दिया। अब देखना होगा कि लैसनर को WWE चैंपियनशिप के लिए आगे कौन चुनौती देगा।