WWE Divas (WWE की मशहूर विमेंस सुपरस्टार्स)

Last Modified Nov 29, 2022 18:15 IST

WWE Divas (WWE की लोकप्रिय विमेंस सुपरस्टार्स)

WWE की शुरूआत से ही इस रेसलिंग कंपनी में मेल सुपरस्टार्स का दबदबा रहा है। हालांकि, विमेंस सुपरस्टार्स ने धीरे-धीरे WWE में खुद को स्थापित किया और मौजूदा समय में विमेंस सुपरस्टार्स भी इस रेसलिंग कंपनी को सफल बनाए रखने में अहम योगदान दे रही हैं। WWE के इतिहास में अनगिनत विमेंस सुपरस्टार्स इस रेसलिंग प्रमोशन का हिस्सा रह चुकी हैं।

इनमें से कई सुपरस्टार्स ने अपने करियर के दौरान बेहतरीन परफॉर्मेंस के जरिए WWE में अपनी छाप छोड़ी। वर्तमान समय में भी इस रेसलिंग कंपनी में कई बेहतरीन विमेंस स्टार्स मौजूद हैं और वो प्रोडक्ट को बेहतर बनाने में मदद कर रही हैं।

लीटा

लीटा ने WWE में अपने करियर की शुरूआत मैनेजर के रूप में की थी। हालांकि, इसके बाद लीटा ने रेसलर के रूप में परफॉर्म करना शुरू किया और उनके लिए यह काफी बेहतरीन फैसला साबित हुआ। रेसलर बनने के बाद लीटा कई यादगार फिउड्स के जरिए खुद को बड़े स्टार के रूप में स्थापित करने में कामयाब रहीं और वो आज भी फैंस के बीच काफी लोकप्रिय हैं। बता दें, लीटा को अपने करियर के दौरान ऐज, केन जैसे दिग्गजों के साथ रिंग शेयर करने का भी मौका मिल चुका है।

निकी & ब्री बैला

निकी & ब्री बैला को WWE में बैला ट्विन्स के नाम से जाना जाता था और इन दोनों सुपरस्टार्स के डेब्यू से WWE की विमेंस डिवीजन में नया रोमांच आ गया था। इन दोनों सुपरस्टार्स ने विमेंस सिंगल्स और टैग टीम डिवीजन को रोचक बनाने में अहम योगदान दिया था। भले ही, निकी & ब्री बैला को रिटायर हुए लंबा समय बीत चुका है लेकिन ये दोनों सुपरस्टार्स आज भी फैंस के बीच लोकप्रिय हैं और इन दोनों की सोशल मीडिया पर बड़ी फैन फॉलोइंग मौजूद है।

ट्रिश स्ट्रेटस

कई लोग ट्रिश स्ट्रेटस को WWE इतिहास में महानतम सुपरस्टार में से एक मानते हैं। ट्रिश स्ट्रेटस ने विमेंस रेसलिंग में रेवोल्यूशन लाने में अहम भूमिका निभाई थी। ट्रिश स्ट्रेटस का WWE करियर काफी शानदार रहा था और वो आइकॉन बनकर उभरी थीं। उन्होंने कईयों को विमेंस रेसलर बनने की प्रेरणा दी थी और WWE में इस वक्त मौजूद कई विमेंस सुपरस्टार्स उन्हें अपना प्रेरणास्रोत बता चुकी हैं।

बेली

बेली ने WWE मेन रोस्टर में बेबीफेस सुपरस्टार के रूप में डेब्यू किया था और बेबीफेस सुपरस्टार के रूप में उनका करियर काफी बेहतरीन था। वो बेबीफेस के रूप में फैंस के बीच काफी ज्यादा लोकप्रिय हुआ करती थीं। इसके बाद उन्होंने हील टर्न लिया और अभी तक हील के रूप में उनके दो अलग-अलग रूप देखने को मिल चुके हैं। बेली को अभी रिटायर होने में काफी समय है और उन्होंने अभी ही खुद को WWE इतिहास के सबसे बेहतरीन सुपरस्टार्स में से एक के रूप में स्थापित कर लिया है।

बैकी लिंच

बैकी लिंच की WWE मेन रोस्टर में उतनी शानदार शुरूआत नहीं हुई थी। हालांकि, धीरे-धीरे वो खुद में सुधार लाते हुए कंपनी में टॉप पर पहुंच गईं। बैकी लिंच SummerSlam 2018 में हील टर्न लेने के बाद फैंस के बीच काफी ज्यादा लोकप्रिय हो गई थीं। इसके बाद से ही उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और आज वो बहुत बड़ी स्टार बन चुकी हैं। पूर्व Royal Rumble विजेता बैकी लिंच को WrestleMania को भी मेन इवेंट करने का मौका मिल चुका है और वो WrestleMania 35 के मेन इवेंट में शार्लेट और रोंडा राउजी को हराकर डबल विमेंस चैंपियन बनी थीं।

शार्लेट फ्लेयर

WWE दिग्गज रिक फ्लेयर की बेटी होने की वजह से शार्लेट फ्लेयर पर अपने करियर की शुरूआत में काफी दबाव था। हालांकि, उन्होंने दवाब को काफी अच्छे से हैंडल किया और बेहतरीन परफॉर्मेंस के जरिए खुद को साबित किया। पूर्व Royal Rumble विजेता शार्लेट फ्लेयर ने हील और बेबीफेस दोनों ही कैरेक्टर में शानदार काम किया। इस वजह से वो मौजूदा समय में टॉप विमेंस स्टार्स में से एक बन चुकी हैं और उनकी फैन फॉलोइंग काफी बड़ी है।

बियांका ब्लेयर

बियांका ब्लेयर भी फैन फेवरेट सुपरस्टार हैं और उनकी इन-रिंग क्षमता कमाल की है। यही नहीं, बियांका ब्लेयर WWE के सबसे ताकतवर विमेंस सुपरस्टार्स में से भी एक हैं और काफी समय से उन्हें लगातार मेन इवेंट सीन में बुक किया जा रहा है। बियांका की ताकत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने 150 किलो वजनी ओटिस को अपने कंधे पर उठाकर रिंगसाइड पर दौड़ लगाई थी। यही कारण है कि उनका फैंस के बीच लोकप्रिय होना ज्यादा हैरानी की बात नहीं है।

साशा बैंक्स

साशा बैंक्स को अपने WWE करियर के दौरान काफी सफलता मिली और उन्होंने इस रेसलिंग कंपनी में अपने करियर के दौरान कई टाइटल्स अपने नाम किए। WWE में साशा बैंक्स की सफलता केवल सिंगल्स डिवीजन तक ही सीमित नहीं रही बल्कि उन्होंने विमेंस टैग टीम डिवीजन में भी अपना दबदबा स्थापित किया। साशा बैंक्स मौजूदा समय में WWE का हिस्सा नहीं हैं लेकिन फैंस लगातार उनकी वापसी कराने की मांग कर रहे हैं। यह चीज़ दर्शाती है कि साशा बैंक्स WWE फैंस के बीच कितनी ज्यादा लोकप्रिय हैं।

एलेक्सा ब्लिस

एलेक्सा ब्लिस मौजूदा समय में WWE की सबसे सफल विमेंस सुपरस्टार्स में से एक हैं। बता दें, एलेक्सा ब्लिस Raw और SmackDown विमेंस चैंपियनशिप जीतने वाली पहली विमेंस सुपरस्टार हैं। यही नहीं, एलेक्सा ब्लिस मौजूदा WWE रोस्टर में एकमात्र ऐसी विमेंस सुपरस्टार हैं जो सुपरनैचुरल कैरेक्टर प्ले कर चुकी हैं। इसके अलावा भी ब्लिस कई अलग-अलग कैरेक्टर निभा चुकी हैं। एलेक्सा ब्लिस की फैन फॉलोइंग भी काफी बड़ी है और फैंस ने अभी तक ब्लिस द्वारा निभाए हर कैरेक्टर को अपना सपोर्ट दिया है।

रोंडा राउजी

रोंडा राउजी WWE में आने से पहले ही काफी लोकप्रिय थीं। ऐसा इसलिए था क्योंकि वो WWE में आने से पहले UFC में परफॉर्म किया करती थीं। रोंडा राउजी आधिकारिक रूप से WWE जॉइन करने से पहले भी WWE टेलीविजन पर नज़र आ चुकी हैं। रोंडा के WWE जॉइन करने के बाद उनकी लोकप्रियता में काफी इजाफा देखने को मिला। वहीं, रोंडा ने WWE जॉइन करने के बाद खुद को रेसलर के रूप में काफी अच्छे से ढाला और यह रेसलिंग कंपनी जॉइन करने के बाद से ही रोंडा राउजी Raw और SmackDown विमेंस दोनों ही चैंपियनशिप जीत चुकी हैं। रोंडा WrestleMania को मेन इवेंट करने के अलावा Royal Rumble विजेता भी रह चुकी हैं।


App download animated image Get the free App now