11 हजार फैंस के सामने WWE Raw में 38 साल के रेसलर ने बौखलाते हुए लिया हील टर्न, मौजूदा चैंपियन को उनकी पत्नी के सामने बेरहमी से पीटा

WWE Raw के मेन इवेंट में मचा बवाल
WWE Raw के मेन इवेंट में मचा बवाल

Raw: WWE Raw का एपिसोड इस हफ्ते शानदार रहा। मेन इवेंट बहुत ही जबरदस्त हुआ। सैमी ज़ेन (Sami Zayn) ने अपनी इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप चैड गेबल (Chad Gable) के खिलाफ डिफेंड की। दोनों ने फैंस को अच्छा मैच दिया। हालांकि, अंत में सैमी ने अपने होमटाउन में टाइटल को रिटेन कर लिया। मैच खत्म होने के बाद गेबल ने हील टर्न लिया और उनका विकराल रूप फैंस को देखने को मिला।

WWE ने पिछले हफ्ते ही इन दोनों के बीच टाइटल मैच का ऐलान कर दिया था। दो दोस्तों के बीच मैच देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित थे। आप सभी को पता है कुछ दिन पहले WWE WrestleMania XL में सैमी ने गुंथर को हराकर उनके ऐतिहासिक इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप रन का अंत किया था। सैमी को गेबल ने ही ट्रेनिंग दी थी।

खैर गेबल और सैमी ने फैंस को उम्मीद के मुताबिक एक ताबड़तोड़ मैच दिया। दोनों ने एक-दूसरे के ऊपर जबरदस्त मूव लगाए और जीत हासिल करने की पूरी कोशिश की। ज़ेन को फैंस ने खूब चीयर किया, वहीं गेबल को लेकर फैंस थोड़ा बू कर रहे थे।

मैच का अंत भी गजब का रहा। सैमी के माथे से खून भी निकलने लग गया था। गेबल ने अपने एंगल लॉक से उन्हें खूब परेशान किया। ज़ेन के घुटने में भी दिक्कत देखने को मिली। गेबल को शार्पशूटर लगाने के दौरान दर्द से उनकी हालत खराब हो गई थी। इसका फायदा चैड ने उठाया और उन्हें एंकल लॉक लगाया। उस दौरान लगा था कि सैमी हार जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जैसे-तैसे अंत में उन्होंने गेबल को एक्सपलोडर लगाया और हैलुवा किक देकर पिन करते हुए जीत हासिल कर ली।

WWE Raw के अंत में चैड गेबल ने किया फैंस को हैरान

मैच खत्म होने के बाद जो हुआ उसकी उम्मीद किसी ने नहीं की थी। सैमी ज़ेन ने गेबल के प्रति प्यार और सम्मान दिखाया। इसके बाद वो रिंगसाइड में अपने परिवार के पास चले गए। सैमी ने अपनी पत्नी को गले लगाया लेकिन पीछे से अचानक गेबल ने आकर उनके ऊपर केओस थ्योरी मूव लगा दिया। करीब 11 हजार फैंस के सामने उन्होंने सैमी के ऊपर खतरनाक हमला किया। गेबल ने अंत में सैमी के ऊपर टॉप रोप पर एंकल लॉक लगा दिया। गेबल द्वारा दिए गए धोखे को देखकर सभी हैरान रह गए थे। ऐसा लग रहा है कि इन दोनों की राइवलरी अब शानदार अंदाज में आगे बढ़ेगी। 38 साल के गेबल बहुत ही गुस्से में इस बार दिखे।

Quick Links