WWE ने मॉडर्न डे महाराजा को रिलीज करने के बाद दो और भारतीय Superstars को निकाला, खतरनाक स्टार ने हुंकार भरते हुए कंपनी को कहा अलविदा

वीर महान और सांगा अब WWE का हिस्सा नहीं हैं
वीर महान और सांगा अब WWE का हिस्सा नहीं हैं

WWE: WWE में एक बार फिर सुपरस्टार्स को रिलीज किए जाने का सिलसिला शुरू हो चुका है। हाल ही में खुलासा हुआ कि पूर्व WWE चैंपियन जिंदर महल (Jinder Mahal) समेत ज़ाया ली और ज़ायोन क्विन को रिलीज कर दिया गया है। अब इस लिस्ट में दो भारतीय सुपरस्टार्स का नाम भी जुड़ गया है। ये दो सुपरस्टार्स वीर महान (Veer Mahaan) & सांगा हैं।

ट्रिपल एच ने WWE की जिम्मेदारी संभालने के बाद वीर महान, सांगा और जिंदर महल को साथ लाकर भारतीय फैक्शन तैयार किया था। हालांकि, उन्होंने इस फैक्शन को बिल्कुल भी पुश नहीं दिया था और भारतीय सुपरस्टार्स को टीवी पर परफॉर्म करने का मौका ना के बराबर मिलता था। इसके बाद से ही इंडस शेर के WWE में भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे थे।

अब कंपनी ने इन तीनों सुपरस्टार्स को रिलीज करते हुए साफ कर दिया है कि उनके पास भारतीय फैक्शन के लिए कोई प्लान मौजूद नहीं था। सांगा ने अभी तक WWE द्वारा रिलीज होने को लेकर चुप्पी साध रखी है, हालांकि, वीर महान की प्रतिक्रिया सामने आ चुकी है। वीर ने हाल ही में X पर हुंकार भरकर कंपनी को अलविदा कहते हुए लिखा,

"बात जब हम भारतवासियों के मान सम्मान पर आ जाए तो त्याग सबसे पहले। गुडबाय WWE। जय जय श्रीराम।"

अब जिंदर महल ने वीर महान के इस पोस्ट के कमेंट सेक्शन में पंच इमोजी शेयर करते हुए उन्हें अपना सपोर्ट दिया है।

पूर्व WWE चैंपियन जिंदर महल के रिलीज के बाद बड़े रीयूनियन के दिए गए संकेत

जिंदर महल के रिलीज के बाद पूर्व WWE सुपरस्टार्स ने कंपनी के बाहर उनके साथ रीयूनियन करने के संकेत दे दिए हैं। सिंह ब्रदर्स के जिंदर को WWE चैंपियन बनाने में बहुत बड़ा हाथ रहा था। बता दें, सिंह ब्रदर्स मौजूदा समय में इंडिपेंडेट सर्किट में बॉलीवुड बॉयज के रूप में काम कर रहे हैं। WWE ने साल 2021 में इस टैग टीम को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखाया था।

अब बॉलीवुड बॉयज ने X पर पोस्ट करते हुए उनका महल के साथ रीयूनियन कराने की मांग कर दी है। हालांकि, मॉडर्न डे महाराजा नो कम्पीट क्लॉज की वजह से 90 दिनों बाद ही किसी दूसरे रेसलिंग कंपनी में परफॉर्म कर पाएंगे। यही कारण है कि फैंस को यह रीयूनियन देखने के लिए लंबा इंतजार करना होगा।

Quick Links