WWE SmackDown, अच्छी और बुरी बातें: दिग्गज ने वापसी करते हुए रोमन रेंस को दी चुनौती, चैंपियन को लेकर हुई बड़ी गलती

WWE SmackDown की अच्छी और बुरी बातें
WWE SmackDown की अच्छी और बुरी बातें

WWE स्मैकडाउन (SmackDown) का एपिसोड काफी ज्यादा अच्छा रहा। WWE ने शानदार मैच और सैगमेंट्स बुक करते हुए एपिसोड को रोचक बनाने की कोशिश की। समरस्लैम (SummerSlam) के बाद यह SmackDown का पहला एपिसोड था। SummerSlam 2021 शानदार साबित हुआ था और इसके बाद रॉ (Raw) के एपिसोड ने भी काफी प्रभावित किया था। इसी वजह से उम्मीद थी कि SmackDown का एपिसोड जबरदस्त रहेगा।

WWE पर एपिसोड को अच्छा बनाने का भार था और उन्होंने सही मायने में बढ़िया काम किया। SmackDown की शुरुआत ही एक अच्छे सैगमेंट से देखने को मिली थी। इसके अलावा रोमन रेंस और फिन बैलर ने मिलकर मेन इवेंट में सभी का ध्यान खींचा। SmackDown के एपिसोड हमेशा ही खास और रोचक रहते हैं। इसके बावजूद यह एपिसोड उन सभी से बेहतर माना जा सकता है।

हर एक एपिसोड की अच्छी और बुरी बातें होती हैं। SmackDown के इस एपिसोड में कुछ चीज़ों ने सभी का ध्यान खींचा और प्रभावित किया। हालांकि, कुछ मौकों पर निराशा का भी सामना करना पड़ा। इसलिए इस आर्टिकल में हम SmackDown के एपिसोड की अच्छी और बुरी बातों के बारे में बात करने वाले हैं।

1- WWE SmackDown की अच्छी बात: फिन बैलर को आखिर रोमन रेंस के खिलाफ मैच मिलना

SmackDown के मेन इवेंट में फिन बैलर की चौंकाने वाली वापसी देखने को मिली। दरअसल, रोमन रेंस, द उसोज़ और पॉल हेमन रिंग में मौजूद थे। हेमन ने रोमन की जीत के बारे में बात की और फिर ब्लडलाइन की तारीफ की। इसके बाद अचानक से फिन बैलर की एंट्री हुई। उन्होंने आकर रोमन रेंस को चैलेंज किया और फिर उनपर हमला किया।

द उसोज़ और रेंस ने बैलर की बुरी हालत कर दी थी लेकिन स्ट्रीट प्रॉफ़िट्स ने आकर पूर्व NXT चैंपियन को बचाया। रोमन जरूर वहां से निकल गए लेकिन फिन बैलर ने उन्हें चौंका दिया था। अब अगले हफ्ते फिन बैलर और रोमन रेंस के बीच मैच होगा। WWE ने आखिर उनकी स्टोरीलाइन को जारी रखकर और मैच बुक करके जरूर प्रभावित किया।

1- बुरी बात: सिजेरो को कमजोर दिखाना

सिजेरो को कुछ महीनों पहले काफी जबरदस्त तरीके से पुश मिला था। उन्होंने सैथ रॉलिंस को WrestleMania जैसे बड़े इवेंट में हरा दिया था। इसके साथ ही उनका रोमन रेंस के साथ यूनिवर्सल टाइटल के लिए मैच हुआ था। लग रहा था कि सिजेरो को जबरदस्त तरीके से पुश मिलेगा और उनका कद बढ़ जाएगा।

इसके बावजूद WWE ने उन्हें एक बार फिर जॉबर बना दिया। इस समय सिजेरो के लिए WWE के पास कोई भी स्टोरीलाइन नहीं है। SmackDown में अचानक से उनका मैच चैड गेबल के साथ हुआ, जिसका अंत DQ से हो गया। बाद में ओटिस ने सिजेरो की बुरी हालत कर दी। WWE को उनकी बुकिंग में सुधार करना चाहिए।

2- अच्छी बात: लिव मॉर्गन और बियांका ब्लेयर का प्रदर्शन

SmackDown में विमेंस चैंपियनशिप मैच पाने के लिए जेलिना वेगा, कार्मेला, लिव मॉर्गन और बियांका ब्लेयर के बीच एलिमिनेशन मैच देखने को मिला। इस मैच में लिव मॉर्गन और बियांका ब्लेयर अंत में बची हुई थीं। बियांका ब्लेयर और लिव मॉर्गन ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए काफी ज्यादा प्रभावित किया।

बियांका ब्लेयर को अपने अंतिम मैच में काफी कमजोर दिखाया गया था। यहां उनके प्रदर्शन और जीत ने सभी का ध्यान खींचा। इसके साथ ही लिव मॉर्गन ने लंबे समय बाद वापसी की और उन्होंने इस तरह का प्रदर्शन करते हुए सभी प्रशंसकों का ध्यान अपनी ओर खींचा। दोनों ने SmackDown में प्रभावित किया।

2- बुरी बात: इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप का कद गिरना

किंग नाकामुरा को कुछ हफ्ते पहले आईसी चैंपियन बनाया गया था। उस समय लग रहा था कि वो बतौर चैंपियन शानदार काम करेंगे। हालांकि, वो टैग टीम मैचों में हिस्सा ले रहे हैं। उन्हें अपनी चैंपियनशिप के लिए किसी सुपरस्टार के साथ स्टोरीलाइन की शुरुआत करनी चाहिए। इसके बावजूद वो टैग टीम मैच लड़ रहे हैं।

अगर ऐसा ही चलता रहा तो जल्द ही प्रशंसक आईसी टाइटल के बारे में भूल जाएंगे। बिग ई और अपोलो क्रूज ने चैंपियन के रूप में शानदार काम किया था और टाइटल का कद बढ़ाया था। इसके बावजूद किंग नाकामुरा अगर अपने टाइटल को डिफेंड नहीं करेंगे या किसी सुपरस्टार के साथ स्टोरीलाइन में दिखाई नहीं देंगे तो इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप का कद गिर जाएगा।

Quick Links

App download animated image Get the free App now