WWE SmackDown, अच्छी और बुरी बातें: रोमन रेंस की कमी खली, चैंपियंस की बुकिंग को लेकर हुई गलती

WWE SmackDown का एपिसोड रोचक रहा
WWE SmackDown का एपिसोड रोचक रहा

WWE स्मैकडाउन (SmackDown) का इस हफ्ते का एपिसोड निराशाजनक साबित हुआ। इस एपिसोड में कई मैचों और सैगमेंट्स का आयोजन हुआ था। WWE ने पहले चीज़ों का ऐलान नहीं किया था और इसी वजह से हर कोई देखना चाहता कि SmackDown में क्या खास चीज़ें देखने को मिलती है। यूनिवर्सल चैंपियन नजर नहीं आए थे और इसी वजह से एपिसोड उतना बढ़िया नहीं बन पाया।

WWE ने SmackDown के एपिसोड को अच्छा बनाने की पूरी कोशिश की। हालांकि, यह एपिसोड किसी भी तरह से उम्मीदों के अनुसार नहीं रहा। WWE को अपनी बुकिंग में सुधार करने होंगे क्योंकि SmackDown के एपिसोड्स अमूमन बढ़िया रहते हैं। इस बीच एक खराब एपिसोड ने फैंस को जरूर गुस्सा दिलाया है। इसी कारण WWE को अपने एपिसोड को एक बार फिर धमाकेदार बुकिंग से खास बनाना होगा।

हर एक एपिसोड की अच्छी और बुरी बातें होती हैं। उसी तरह SmackDown के इस एपिसोड में कुछ जगहों पर WWE ने अपने फैंस को खुश किया वहीं कुछ जगहों पर प्रशंसकों को निराशा का सामना करना पड़ा। इसलिए इस आर्टिकल में हम SmackDown के एपिसोड की अच्छी और बुरी बातों के बारे में बात करने वाले हैं।

1- WWE SmackDown में अच्छी बात: शॉट्जी को बड़ा मौका देना और हील टर्न होना

SmackDown के एपिसोड में शॉट्जी ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया। शार्लेट फ्लेयर और साशा बैंक्स का एक सैगमेंट देखने को मिला था। इस दौरान शॉट्जी ने इंटरफेयर किया और उनका शार्लेट फ्लेयर के खिलाफ मैच हुआ। इस मैच में शॉट्जी ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने टॉप विमेंस सुपरस्टार को कड़ी टक्कर दी।

मैच के अंत में साशा बैंक्स की इंटरफेरेंस हुई और इसी वजह से शॉट्जी की हार हुई। वो इस वजह से निराश थीं और उन्होंने गुस्से में आकर साशा बैंक्स पर बुरी तरह हमला किया। वो अपने गुस्से को रोक नहीं पाईं और उन्होंने बैंक्स को चोटिल करने की कोशिश की। देखकर लग रहा है कि पूर्व NXT सुपरस्टार का हील टर्न हो गया है और वो आगे विलन के तौर पर नजर आएंगी।

1- बुरी बात: रोमन रेंस का नजर नहीं आना

रोमन रेंस SmackDown के सबसे बड़े सुपरस्टार हैं और हर कोई उन्हें देखना पसंद करता है। रेंस की वजह से ही ब्लू ब्रांड के एपिसोड देखने लायक बनते हैं। इस हफ्ते वो SmackDown में नजर नहीं आए। लग रहा था कि उनका कोई प्रोमो सैगमेंट देखने को मिलेगा लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।

रोमन रेंस के साथी द उसोज़ और पॉल हेमन SmackDown का हिस्सा थे। हालांकि, रेंस को WWE ने इस्तेमाल नहीं किया और यह एक खराब चीज़ थी। इसी वजह से SmackDown का एपिसोड खास नहीं बन पाया। इस एपिसोड के बाद रेंस ने डार्क मैच लड़ा। WWE ने उन्हें डार्क मैच के लिए इस्तेमाल किया लेकिन उन्हें मुख्य शो का हिस्सा नहीं बनाया। यह सही मायने में एक खराब चीज़ रही।

2- अच्छी बात: ड्रू मैकइंटायर को चैंपियनशिप मैच में डालने के बजाय धीरे-धीरे पुश देना

ड्रू मैकइंटायर को SmackDown में ड्राफ्ट किया गया है। ड्रू WWE के सबसे बड़े और अहम सुपरस्टार्स में गिने जाते हैं। इस सुपरस्टार के पास काफी अनुभव है और इसी वजह से वो ज्यादातर मौकों पर मेन इवेंट पिक्चर में नजर आते हैं। WWE चाहता तो मैकइंटायर को सीधा रोमन रेंस के खिलाफ स्टोरीलाइन में डाल सकता था।

WWE ने ऐसा नहीं किया क्योंकि उन्होंने हाल ही में WWE टाइटल मैच लड़ा था। अगर मैकइंटायर को फिर मौका मिलता तो फैंस उन्हें बू करने लग जाते। इसी वजह से WWE अभी मैकइंटायर को धीरे-धीरे पुश दे रहा है। वो लगातार जीत दर्ज करते जा रहे हैं और कुछ समय बाद वो ट्राइबल चीफ को चुनौती दे सकते हैं।

2- बुरी बात: चैंपियंस की हार होना

SmackDown में दो मौकों पर चैंपियंस की हार हुई। इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन शिंस्के नाकामुरा ने रिक बूग्स के साथ टीम बनाकर हैप्पी कॉर्बिन और मैडकैप मॉस का सामना किया था। इस मैच में नाकामुरा और उनके साथी को हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा मेन इवेंट में द उसोज़ और न्यू डे का मैच हुआ।

यह मैच चैंपियनशिप के लिए नहीं था। हालांकि, उनका यह मुकाबला रेसलिंग के हिसाब से जबरदस्त था। इस मुकाबले में SmackDown टैग टीम चैंपियंस को हार का सामना करना पड़ा। उसोज़ की हार होना एक खराब चीज़ है। WWE ने SmackDown में अपने चैंपियंस को कमजोर दिखाकर निराश किया।

Quick Links