WWE के मौजूदा चैंपियन ने Royal Rumble 2022 का एक बहुत बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर रचा इतिहास

WWE Royal Rumble 2022 में शार्लेट फ्लेयर ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया
WWE Royal Rumble 2022 में शार्लेट फ्लेयर ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया

WWE Royal Rumble 2022 में मौजूदा स्मैकडाउन (SmackDown) विमेंस चैंपियन शार्लेट फ्लेयर (Charlotte Flair) ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। शार्लेट ने इस साल विमेंस रॉयल रंबल (Royal Rumble) मैच में एंट्री लेकर इतिहास रचा और कहा कि उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि वो WrestleMania 38 के लिए अपनी विरोधी का चुनाव खुद करना चाहती थीं।

द क्वीन मैच में बची आखिरी 2 Superstars में शामिल रहीं और अंत में रोंडा राउजी उन्हें एलिमिनेट कर अपने करियर में पहली बार Royal Rumble विनर बनीं। शायद आपने गौर ना किया हो तो शार्लेट ने विमेंस Royal Rumble मैच में 5 सुपरस्टार्स को एलिमिनेट किया और वो इस साल रंबल मैच में सबसे ज्यादा सुपरस्टार्स को एलिमिनेट करने वाली सुपरस्टार भी बनीं।

आलिया, रिया रिप्ली, बियांका ब्लेयर, शायना बैज़लर और WWE हॉल ऑफ फेमर लीटा उनके द्वारा एलिमिनेट हुई सुपरस्टार्स रहीं। वहीं सभी विमेंस Royal Rumble मैचों को मिलाकर देखा जाए तो शार्लेट अब सबसे ज्यादा Royal Rumble एलिमिनेशन (15) करने वाली विमेंस सुपरस्टार भी बन गई हैं।

शार्लेट ने 2020 में जीता था WWE Royal Rumble मैच

शार्लेट WWE के इतिहास की सबसे सफल विमेंस रेसलर्स में से एक हैं और साल 2020 में वो Royal Rumble विनर बनने का गौरव हासिल कर चुकी हैं। उस मैच में उन्होंने 17वें स्थान पर एंट्री ली और 26 मिनट से भी ज्यादा समय रिंग में बिताते हुए 4 सुपरस्टार्स को एलिमिनेट किया था।

इस साल द क्वीन दूसरी बार रंबल विजेता बनने के बेहद करीब आ गई थीं, लेकिन अंत में रोंडा राउजी उन्हें एलिमिनेट कर विजेता बनीं। ये भी चौंकाने वाली बात रही कि इस मैच से एलिमिनेट हुईं आखिरी 5 सुपरस्टार्स में से 4 को शार्लेट ने टॉप रोप के ऊपर से रिंग से बाहर धकेला था।

मैच के अंत में द क्वीन, राउजी को बिग बूट लगाना चाहती थीं लेकिन पूर्व UFC वर्ल्ड चैंपियन ने उनके मूव को काउंटर करते हुए शार्लेट को टॉप रोप के ऊपर से रिंग से बाहर धकेल दिया। आने वाले हफ्तों में फैंस की नजरें राउजी पर टिकी होंगी, जो जल्द ही WrestleMania 38 के लिए शार्लेट और बैकी लिंच में से किसी एक को चैलेंज कर सकती हैं।