WWE में 1 महीने पहले Roman Reigns के ऊपर टूटा था 'मुसीबतों का पहाड़', दिग्गजों ने आकर लगाया जोर और तब जाकर खत्म हुआ 1316 दिन का वर्चस्व

जानिए WWE WrestleMania 40 में रोमन रेंस के साथ क्या हुआ था?
जानिए WWE WrestleMania 40 में रोमन रेंस के साथ क्या हुआ था?

Roman Reigns: WWE WrestleMania 40 को खत्म हुए एक महीना हो गया है। इस बार का मेनिया बहुत ही तगड़ा रहा। फैंस को बहुत बड़े सरप्राइज मिले। पिछले चार साल से रोमन रेंस (Roman Reigns) को WWE में कोई नहीं हरा पाया था। 1316 दिन तक वो चैंपियन रहे थे। लेकिन आज से 30 दिन पहले उनका वर्चस्व कंपनी में खत्म हुआ।

WrestleMania 40 नाईट 2 में रोमन रेंस ने अपनी अनडिस्प्यूटेड WWE चैंपियनशिप कोडी रोड्स के खिलाफ डिफेंड की थी। 8 अप्रैल को हुए इस मैच में बहुत बवाल मचा था। किसी को नहीं पता था कि मुकाबले का नतीजा क्या होगा। लेकिन अंत में वो हुआ जो पिछले चार साल में कभी देखने को नहींं मिला।

WWE में रोमन रेंस का वर्चस्व आसानी से खत्म नहीं हुआ। कोडी रोड्स अकेले ये काम नहीं कर पाए। कुछ सुपरस्टार्स और दिग्गजों को भी मैच में आना पड़ा। रोमन और कोडी के बीच मैच अच्छा चल रहा था। ये बात तो सभी को पता थी कि मुकाबले में दखलअंदाजी जरूर होगी।

सबसे पहले जिमी उसो ने आकर कोडी के ऊपर अटैक किया। उम्मीद के मुताबिक जिमी से निपटने के लिए जे उसो आए। इसके बाद सोलो सिकोआ ने एंट्री कर रोड्स का बुरा हाल किया। उस दौरान लगा था कि कोडी हार जाएंगे लेकिन किसी को नही पता था कि अचानक दिग्गज जॉन सीना का म्यूजिक बज जाएगा।

सीना ने सिकोआ को धराशाई किया और रोमन रेंस को भी फिनिशिंग मूव दिया। कहानी यहीं पर खत्म नहीं हुई। सीना से निपटने के लिए द रॉक ने एंट्री की। दोनों को रिंग में देखकर फैंस खुशी से उछल पड़े थे। रॉक ने जॉन को पटका, इसके बाद द शील्ड के इन-रिंग गियर में सैथ रॉलिंस आए। हालांकि, वो कुछ नहीं कर पाए और रोमन ने उन्हें सुपरमैन पंंच मारकर गिरा दिया।

इसके बाद जो हुआ वो देखने लायक था। द अंडरटेकर का म्यूजिक बजा और अंधेरा छा गया। फैंस के रोंगटे खड़े हो गए। जब लाइट्स ऑन हुईं तब रॉक के पीछे टेकर खड़े थे। टेकर ने उन्हें चोकस्लैम देकर पस्त कर दिया। इसके बाद फिर अंधेरा छा गया और डैडमैन गायब हो गए। रिंग में रोमन, कोडी और सैथ रॉलिंस बचे थे। रेंस ने चेयर उठाई और रॉलिंस के पीठ पर मारी। इसके बाद वो रोड्स के ऊपर हमला करने गए लेकिन उनका दांव उल्टा पड़ गया। द अमेरिकन नाईटमेयर ने रेंस को तीन क्रॉस रोड्स दिए और पिन कर जीत हासिल की।

WWE में रोमन रेंस की वापसी कब होगी?

आप अंदाजा लगा सकते हैं कि रोमन रेंस की बादशाहत खत्म करना कितना मुश्किल था। WWE के दो बड़े दिग्गजों को रिंग में उन्हें हराने के लिए आना पड़ा था। रेंस हार के बाद अब ब्रेक पर चले गए हैं। पिछले 30 दिन से वो रिंंग में नज़र नहीं आए। उनकी वापसी को लेकर अभी तक कोई भी जानकारी सामने नहीं आई है। ट्रिपल एच ने जरूर कहा था कि वो बहुत जल्द नई स्टोरीलाइन के साथ नज़र आएंगे।

Quick Links

App download animated image Get the free App now