Jey Uso-Logan Paul Feud Started: WWE Raw के एपिसोड में वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन जे उसो (Jey Uso) को अपना पहला चैलेंजर मिल गया। लोगन पॉल (Logan Paul) ने आकर प्रोमो कट किया और जे उसो को ललकारा। हालांकि, बाद में उनपर हमला भी हो गया। दोनों के बीच यहां से WWE ने एक जबरदस्त मुकाबले की नींव रख दी।
WrestleMania 41 लोगन पॉल और जे उसो, दोनों के लिए बेहद अच्छा रहा। लोगन पॉल ने एजे स्टाइल्स जैसे दिग्गज को हराकर जीत का परचम लहराया, वहीं जे उसो वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन बन गए। Raw के हालिया एपिसोड में लोगन पॉल आए और प्रोमो कट किया। इसी बीच उन्होंने बताया कि वो जे उसो के वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन बनने से खुश नहीं हैं।
जे उसो ने सैगमेंट में दखल दिया और लोगन पॉल पर निशाना साधा। इसी बीच लोगन ने जे से टाइटल लेने का दावा किया और बताया कि जे की आईसी चैंपियन के रूप में बादशाहत जल्दी खत्म हो गई थी लेकिन वो वर्ल्ड टाइटल इससे पहले हार जाएंगे। जे उसो को यह बात पसंद नहीं आई और उन्होंने लोगन पॉल पर सुपरकिक लगा दी। इसी के साथ सैगमेंट खत्म हो गया।
WWE Raw में बैकस्टेज लोगन पॉल ने दिखाया खतरनाक रूप
लोगन पॉल जरूर ही खुद पर हुए हमले से खुश नहीं थे। इसी वजह से उन्होंने Raw के दौरान ही जे द्वारा हुए हमले का बदला ले लिया। बैकस्टेज जे उसो की सैमी ज़ेन से मुलाकात हुई। ज़ेन कुछ देर बाद वहां से चले गए। इसी बीच लोगन पॉल ने अचानक से आकर वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन पर पंच जड़ दिया। इसी के चलते जे धराशाई हो गए और फिर लोगन पॉल ने यीट करने की एक्टिंग भी की।
Backlash 2025 बेहद करीब है और अब WWE द्वारा इस शो के लिए मैच बुक किया जा सकता है। जे उसो और लोगन पॉल दोनों ही रिंग में काफी अच्छे हैं। इसी वजह से उनके बीच वर्ल्ड टाइटल के लिए मैच देखना एकदम रोचक रहेगा। लोगन ने पहले भी वर्ल्ड टाइटल मैच लड़ा है लेकिन उनकी जीत नहीं हुई है। अब देखना होगा कि वो जे उसो को हराकर करियर में पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बन पाते हैं, या नहीं।