"हम आपके साथ हैं"- Cricket World Cup 2023 में भारत की हार के बाद भारतीय WWE Superstar की आई भावुक प्रतिक्रिया, दिया अहम संदेश

Ujjaval
WWE सुपरस्टार सांगा की आई प्रतिक्रिया
WWE सुपरस्टार सांगा की आई प्रतिक्रिया

Sanga: भारतीय WWE सुपरस्टार सौरव गुर्जर उर्फ सांगा (Saurav Gurjar aka Sanga) ने हाल ही में भारत की क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में हार पर प्रतिक्रिया दी है। भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में बड़ी हार का सामना करना पड़ा। इसी चीज़ पर मौजूदा Raw सुपरस्टार ने निराशा जताई और फैंस को भारतीय टीम के साथ खड़े रहने के लिए कहा।

उन्होंने अपने आधिकरिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट की। इसमें उन्होंने भावुक प्रतिक्रिया देते हुए कहा,

"आज फाइनल था और हर किसी को बहुत बुरा लग रहा है कि हम फाइनल मैच हार गए। कोई बात नहीं। यह एक खेल है और खेल में इस तरह की चीज़ें होती हैं। दो टीमों में से एक टीम की हार होती है और एक जीतती है। मैं भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों से कहना चाहता हूं कि आपने इस पूरे टूर्नामेंट में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। आपकी जितनी तारीफ की जाए, कम है। आपने शुरुआत से लेकर अंत तक खेल का बेहतरीन प्रदर्शन किया है। रोहित शर्मा ने बहुत अच्छी कप्तानी की है। भले ही वो विराट कोहली या शमी क्यों नहीं हो, सभी ने अच्छा किया है।"

WWE Raw स्टार सांगा ने आगे कहा,

"हम समझते हैं कि हमारे लिए लंबे समय बाद वर्ल्ड कप जीतने का अच्छा मौका था। यह समय फिर आएगा। आप लोगों ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया और 140 करोड़ लोगों ने आपका साथ दिया। हम सभी की उम्मीदें आपके साथ थी। हम चाह रहे थे कि वर्ल्ड कप हमारे पास आए लेकिन कोई बात नहीं। इस चीज़ में कोई समस्या नहीं है। आने वाले समय में आप जरूर और अच्छा खेल पाएंगे। आज नहीं, तो कल हम वर्ल्ड कप जरूर लेकर आएंगे। पूरा देश आपके साथ है। आपको निराश होने की जरूरत नहीं है। देश थोड़ा दुःखी है लेकिन हम भारतीय टीम के साथ हैं।"

आप नीचे यह पोस्ट देख सकते हैं:

भारतीय WWE सुपरस्टार Sanga ने ऑस्ट्रेलिया को दी बधाई

WWE सुपरस्टार सांगा ने यह वीडियो डालने के थोड़े समय बाद ऑस्ट्रेलिया को ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की वर्ल्ड कप 2023 जीत के सेलिब्रेशन की तस्वीर डाली। उन्होंने कैप्शन द्वारा बधाई भी दे दी।

आप नीचे सांगा की यह पोस्ट देख सकते हैं:

Quick Links

Edited by Ujjaval
Be the first one to comment