WWE में Roman Reigns का वर्चस्व खत्म करने लिए WrestleMania XL में आया Superstars का 'सैलाब', देखिए कैसे फैंस की पुरानी यादें हुईं ताजा

WWE WrestleMania XL में रोमन रेंस की हुई हार
WWE WrestleMania XL में रोमन रेंस की हुई हार

Roman Reigns: WWE WrestleMania XL इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। इस शो में ऐसा कुछ हुआ जो फैंस के जेहन में हमेशा के लिए बस गया। WWE में 1316 दिन बाद रोमन रेंस (Roman Reigns) का वर्चस्व खत्म हो गया है। रेंस की बादशाहत इतनी आसानी से खत्म नहीं हुई, कोडी रोड्स (Cody Rhodes) ने आसानी से अनडिस्प्यूटेड WWE यूनिवर्सल चैंपियनशिप हासिल नहीं की। रेंस का राज खत्म करने लिए कुछ दिग्गजों को कोडी का साथ देने रिंग में आना पड़ा।

आपको बता दें ट्राइबल चीफ ने Payback 2020 में यूनिवर्सल चैंपियनशिप हासिल की थी। रेंस ने WrestleMania 38 में WWE चैंपियनशिप भी जीती और टाइटल को यूनिफाइड कर दिया। साल 2021, 2022 और 2023 में उनसे टाइटल कोई नहीं ले पाया। कई दिग्गजों को हराकर उन्होंने अपनी धाक जमाई। एक चैंपियन के रूप में उन्होंने करीब तीन साल तक डॉमिनेट किया।

WrestleMania XL नाईट 2 में रेंस ने अपनी अनडिस्प्यूटेड WWE यूनिवर्सल चैंपियनशिप कोडी रोड्स के खिलाफ डिफेंड की। दोनों ने फैंस को अच्छा मैच दिया। दोनों बिल्कुल भी हार मानने को तैयार नहीं थे। मैच में द ब्लडलाइन रूल्स शर्त भी जुड़ी थी।

कोडी सहित पूरे WWE यूनिवर्स को पता था कि रेंस इतनी आसानी से हार नहीं मानेंगे। सभी को पता था कि मैच में द रॉक, जिमी उसो और सोलो सिकोआ दखलअंदाजी करेंगे। अंत में हुआ भी कुछ ऐसा ही। हालांकि, कोडी को बचाने के लिए भी कुछ सुपरस्टार्स ने एंट्री की।

जिमी उसो ने सबसे पहले आकर रोड्स को सुपरकिक मारी। रेंस ने इसका फायदा उठाना चाहा लेकिन जे उसो ने एंट्री कर ली। आप सभी को इन दोनों जुड़वां भाइयों की दुश्मनी के बारे में पता ही होगा। जे ने जिमी पर सुपरकिक लगाई और एंट्रैंस रैंप पर खतरनाक स्पीयर देकर धराशाई कर दिया।

चलिए इसके बाद मैच आगे बढ़ा। रेंस और रोड्स का रिंग के बाहर पंगा देखने को मिला। रोड्स ने ट्राइबल चीफ को बैरिकेड पर खतरनाक स्पीयर मार दिया और रिंग में लाकर दो क्रॉस रोड्स भी लगा दिए। इसके बाद एंट्री हुई सोलो सिकोआ की। उन्होंने अमेरिकन नाईटमेयर को स्पाइक लगा दिया। सोलो और रेंस ने मिलकर फिर कोडी की हालत खराब की। यहां से लग गया था कि उनकी हार हो जाएगी।

बस इस पल के बाद असली कहानी की शुरूआत हुई। अचानक WWE दिग्गज जॉन सीना का म्यूजिक बजा। फैंस खुशी के मारे अपनी जगह से उछल पड़े थे। सीना ने अपने ही अंदाज में सिकोआ को रिंग के बाहर भेजा और रेंस को AA लगा दिया। सीना इतने गुस्से में थे कि उन्होंने सिकोआ को कमेंट्री टेबल पर AA दे दिया।

अब लगा था कि कोडी को कुछ सहारा मिल जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। द रॉक ने एंट्री की। सोचिए सीना और द रॉक कई साल बाद WWE रिंग में मिल जाएं तो फैंस का क्या हाल होगा। रॉक ने आते ही सीना पर रॉक बॉटम लगा दिया। कहानी यहां भी खत्म नहीं हुई। शील्ड का म्यूजिक बजा और सैथ रॉलिंस आ गए। हालांकि, सैथ कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए और रेंस ने उन्हें सुपरमैन पंच मार दिया।

मेन इवेंट का कारवां यहीं नहीं रूका। द ग्रेट वन को धराशाई करने के लिए दिग्गज द अंडरटेकर ने रिंग में एंट्री की। उनका म्यूजिक बजते ही फैंस खुश हो गए। अचानक से वो रिंग में दिखे और उन्होंने द रॉक को चोकस्लैम लगा दिया। इसके बाद लाइट्स बंद हो गई और टेकर गायब हो गए।

यहां से सभी को अहसास हो गया था कि रेंस की कहानी खत्म हो जाएगी और कोडी का एरा शुरू होगा। रोड्स ने रोमन के ऊपर लगातार तीन क्रॉस रोड्स लगाए। इसके बाद पिन करते हुए ऐतिहासिक जीत हासिल की। रोड्स ने अपनी कहानी खत्म करते हुए अनडिस्प्यूटेड WWE यूनिवर्सल चैंपियनशिप हासिल की।

WWE WrestleMania XL में कोडी रोड्स को मिला सम्मान

कोडी की ये जीत इतनी खास थी कि सैमी ज़ेन, केविन ओवेंस, रैंडी ऑर्टन सहित कई बेबीफेस सुपरस्टार्स ने रिंग में एंट्री की और उन्हें गले लगाया। कुछ सुपरस्टार्स ने उन्हें अपने कंधे पर भी उठाया। रिंग में उनकी मां और पत्नी ने भी एंट्री की। सभी की आंखों में आंसू थे। ट्रिपल एच ने भी अंत में आकर कोडी को गले लगाया।

खैर रोमन रेंस इस बार टाइटल रिटेन नहीं कर पाए। उनका टाइटल रन इतना जबरदस्त था कि खत्म करने के लिए दिग्गजों को रिंग में आना पड़ा। सोचिए अगर सीना और टेकर नहीं आते तो फिर क्या होता। शायद रेंस एक बार फिर टाइटल अपने नाम कर लेते। सभी की नज़रें अब इस बात पर भी होंगी कि WWE का रेंस के लिए फ्यूचर प्लान क्या होगा। एक बात तो साफ है कि रेंस के इस टाइटल रन को हमेशा याद रखा जाएगा।

Quick Links