IPL 2023 - अर्शदीप सिंह ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ जबरदस्त गेंदबाजी से बनाया बड़ा रिकॉर्ड, दिग्गजों की लिस्ट का बने हिस्सा

अर्शदीप सिंह ने काफी घातक गेंदबाजी की (Photo Credit - IPLT20)
अर्शदीप सिंह ने काफी घातक गेंदबाजी की (Photo Credit - IPLT20)

पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) ने मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के खिलाफ मुकाबले के दौरान अपनी जबरदस्त गेंदबाजी से बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। अर्शदीप सिंह ने इस मैच के आखिरी ओवर में जिस तरह की गेंदबाजी की उसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। अर्शदीप ने अब एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वो पंजाब किंग्स की तरफ से 50 से ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजी की लिस्ट में आ गए हैं।

दरअसल पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में मुंबई इंडियंस को जीत के लिए आखिरी ओवर में 16 रन बनाने थे। अर्शदीप सिंह ने पहली गेंद पर एक रन दिया और दूसरी गेंद डॉट डाली। इसके बाद तीसरी गेंद पर एक सटीक यॉर्कर उन्होंने डाली और तिलक वर्मा को बोल्ड कर दिया। उनकी ये यॉर्कर इतनी तेज थी कि स्टंप ही टूट गया। वहीं चौथी गेंद पर भी उन्होंने मुंबई इंडियंस के इम्पैक्ट प्लेयर नेहाल वाढेरा को बोल्ड कर दिया। इस बार भी स्टंप दो टुकड़ों में बंट गया। इसके बाद आखिरी दो गेंद पर भी अर्शदीप ने केवल 1 रन दिया और अपनी टीम को जबरदस्त जीत दिला दी। पंजाब ने इस तरह से 13 रनों से जीत हासिल की।

अर्शदीप सिंह ने हासिल की बड़ी उपलब्धि

अर्शदीप सिंह ने इस मुकाबले में अपने 4 ओवरों के स्पेल में सिर्फ 29 रन देकर 4 विकेट लिए और इसके साथ ही पंजाब किंग्स की तरफ से आईपीएल में खेलते हुए उनके 50 से ज्यादा विकेट भी हो गए। ये कारनामा करने वाले वो टीम के पांचवें गेंदबाज हैं। इससे पहले पियूष चावला (84 विकेट), संदीप शर्मा (73 विकेट), अक्षर पटेल (61 विकेट) और मोहम्मद शमी (58 विकेट) जैसे गेंदबाज ये कारनामा कर चुके थे। अब इन दिग्गजों की लिस्ट में अर्शदीप सिंह का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने पंजाब की तरफ से खेलते हुए 53 विकेट ले लिए हैं।

Quick Links

App download animated image Get the free App now