3 कारण क्यों Roman Reigns WWE में वापसी के बाद SmackDown का हिस्सा बने रह सकते हैं 

रोमन रेंस WWE से ब्रेक पर जा चुके हैं
रोमन रेंस WWE से ब्रेक पर जा चुके हैं

Roman Reigns: WWE सुपरस्टार रोमन रेंस (Roman Reigns) को इस साल ड्राफ्ट पुल का हिस्सा बनाया गया था। हालांकि, उन्होंने ड्राफ्ट शुरू होने से पहले ही अपना नाम वापस ले लिया था। इस वजह से रोमन के ब्रांड का खुलासा नहीं हो पाया।

ऐसा लग रहा है कि रेंस की वापसी के बाद ही उनके ब्रांड के रहस्य से पर्दा उठाया जाएगा। संभव है कि WWE ट्राइबल चीफ को वापसी के बाद ब्लू ब्रांड का हिस्सा बनाए रख सकती है। इस आर्टिकल में हम ऐसे 3 बड़े कारणों का जिक्र करने वाले हैं कि क्यों रोमन रेंस WWE में वापसी के बाद SmackDown का हिस्सा बने रह सकते हैं।

3- रोमन रेंस को अनडिस्प्यूटेड WWE चैंपियन कोडी रोड्स से बदला लेना बाकी है

जैसा कि सभी जानते हैं कि रोमन रेंस ने WrestleMania XL में कोडी रोड्स के हाथों अनडिस्प्यूटेड WWE यूनिवर्सल चैंपियनशिप गंवा दी थी। इस वजह से रोमन WWE में चैंपियन के रूप में कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। रेंस इस चीज़ का कोडी से जरूर बदला लेना चाहेंगे।

हालांकि, अगर ट्राइबल चीफ वापसी के बाद Raw में चले जाते हैं तो वो कभी अपना बदला नहीं ले पाएंगे। इस वजह से संभव है कि रोमन रेंस वापसी के बाद अमेरिकन नाईटमेयर को टारगेट करते हुए उनके साथ दुश्मनी जारी रख सकते हैं। अगर रोमन को कोडी रोड्स के खिलाफ रीमैच मिलता है तो यह देखना रोचक होगा कि वो एक बार फिर अनडिस्प्यूटेड WWE चैंपियनशिप हासिल कर पाते हैं या नहीं।

2- रोमन रेंस के स्पेशल काउंसिल पॉल हेमन और बाकी ब्लडलाइन मेंबर WWE SmackDown में ही मौजूद हैं

भले ही, रोमन रेंस इस साल ड्राफ्ट का हिस्सा नहीं बने लेकिन पॉल हेमन और बाकी ब्लडलाइन मेंबर्स को SmackDown द्वारा पिक किया जा चुका है। देखा जाए तो पॉल हेमन WWE में रोमन के स्पेशल काउंसिल हैं और वो हेमन को छोड़कर शायद ही Raw में जाएंगे। यही नहीं, रेंस को ब्लडलाइन में आए बदलाव को लेकर सोलो सिकोआ को भी कंफ्रंट करना है।

देखा जाए तो सोलो ने खुद को ब्लडलाइन का लीडर बना लिया है। यही नहीं, उन्होंने बिना पूछे टामा टोंगा को इस फैक्शन का हिस्सा बना लिया है। ट्राइबल चीफ वापसी के बाद ना केवल सिकोआ से इसका जवाब जानना चाहेंगे बल्कि वो एक बार फिर ब्लडलाइन पर कंट्रोल हासिल करना चाहेंगे।

1- WWE अगले साल Raw के Netflix पर जाने के बाद उन्हें रेड ब्रांड में भेज सकती है

WWE ने Netflix के साथ बहुत बड़ी डील साइन की है। इस डील के तहत जनवरी 2025 से 10 सालों तक Raw का Netflix पर प्रसारण किया जाएगा। देखा जाए तो Raw के Netflix पर चले जाने के बाद WWE बिना किसी रोक-टोक के ज्यादा हिसंक स्टोरीलाइन तैयार कर सकती है। यही कारण है कि रोमन रेंस को Raw में जाने से काफी फायदा हो सकता है।

हालांकि, अभी यह डील शुरू होने में काफी लंबा समय बचा हुआ है। यही कारण है कि WWE इस साल रोमन रेंस की वापसी के बाद उन्हें SmackDown का हिस्सा बनाए रख सकती है। वहीं, अगले साल ड्राफ्ट के जरिए रोमन रेंस को Raw का हिस्सा बनाया जा सकता है। संभव यह भी है कि रोमन के साथ-साथ बाकी ब्लडलाइन मेंबर्स को भी रेड ब्रांड द्वारा पिक किया जा सकता है।

Quick Links

App download animated image Get the free App now