भारत के सात्विक साईंराज और चिराग शेट्टी ने स्विस ओपन का पुरुष डबल्स बैडमिंटन खिताब जीत लिया है। विश्व चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडलिस्ट रह चुकी भारतीय जोड़ी ने रविवार को खेले गए फाइनल में चीन के रेन जियांग यू-टैन कियांग की जोड़ी को मात दी। दूसरी सीड भारतीय जोड़ी ने यह मुकाबला 21-19, 24-22 से अपने नाम किया। यह इस सीजन भारत का पहला अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिताब है।
बेसल में आयोजित प्रतियोगिता में भारत के टॉप सिंगल्स खिलाड़ी पहले ही हारकर बाहर हो चुके थे। ऐसे में सात्विक-चिराग की जोड़ी से काफी उम्मीदें थीं। फाइनल में दोनों को विश्व नंबर 21 चीनी जोड़ी से काफी कड़ी टक्कर मिली। पहले सेट में एक समय दोनों जोड़ियों का स्कोर 7-7 से बराबरी पर था। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने लगातार कम ही सही, लेकिन बढ़त बनाए रखी और सेट अपने नाम किया। दूसरे सेट में मुकाबला और कांटे का रहा और कभी भारतीय जोड़ी एक अंक की बढ़त बनाती दिखी तो कभी चीनी जोड़ी एक अंक से आगे रही। 22-22 से स्कोर बराबर रहने के बाद सात्विक-चिराग ने लगातार दो अंक अर्जित किए और खिताब अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ ही सात्विक-चिराग ने मौजूदा सीजन का भारतीय सूखा समाप्त किया। पिछले हफ्ते सात्विक-चिराग की जोड़ी ऑल इंग्लैंड ओपन के दूसरे ही दौर में हारकर बाहर हो गई थी। ऐसे में यह सुपर 300 खिताब उनका मनोबल बढ़ाने में कारगर साबित होगा। इस भारतीय जोड़ी का यह करियर का पांचवा डबल्स खिताब है। 2018 में यह जोड़ी हैदराबाद ओपन जीतने में कामयाब रही थी। उसके बाद 2019 में थाईलैंड ओपन, 2022 में इंडिया ओपन और फ्रेंच ओपन के डबल्स टाइटल भी सात्विक-चिराग ने जीते। पिछले साल इस भारतीय जोड़ी ने बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भी पुरुष डबल्स का गोल्ड जीतने में कामयाबी हासिल की थी।
दिन के अन्य मुकाबलों में जापान के कोकी वानातबे ने तीसरी सीड चीनी ताइपे के चोउ तिएन चेन को हराते हुए पुरुष सिंगल्स का खिताब जीता। महिला सिंगल्स के फाइनल में थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवैंग ने डेनमार्क की मिआ ब्लिचफेल्ड्ट को हराया। महिला डबल्स के फाइनल में जापान की रेना मियोरा-अयाको साकुरामोतो को विरोधी जोड़ी के खिलाफ वॉकओवर के साथ खिताब मिला।
साल 2011 में साइना नेहवाल ने स्विस ओपन का महिला सिंगल्स खिताब जीता था और इस प्रतियोगिता को जीतने वाली पहली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बनीं थीं। 2012 में साइना फिर चैंपियन बनीं। 2015 में किदाम्बी श्रीकांत ने पुरुष सिंगल्स का खिताब जीता, जबकि 2016 में एच एस प्रणॉय चैंपियन बने। साल 2018 में समीर वर्मा ने पुुरुष सिंगल्स टाइटल अपने नाम किया। पिछले साल पीवी सिंधू यहां महिला सिंगल्स का खिताब जीतने में कामयाब रही थीं।
