प्रिंसपाल सिंह का लक्ष्य NBA G-लीग में अपनी अलग पहचान बनाते हुए NBA में खेलना

Irshad
प्रिंसपाल सिंह (Princepal Singh) - तस्वीर साभार: NBA India
प्रिंसपाल सिंह (Princepal Singh) - तस्वीर साभार: NBA India

NBA G-लीग की टीम इग्नाइट के साथ भारतीय बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रिंसपाल सिंह (Princepal Singh) के करार के बाद प्रिंसपाल सिंह की नज़र अब अपने खेल को और ऊपर ले जाने पर है। प्रिंसपाल सिंह मानते हैं कि ये तो बस एक शुरुआत है, उनका असली लक्ष्य यहां अच्छा और प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए NBA (National Basketball Association) में खेलना है।

भारत में NBA अकादमी से निकलने वाले लंबे कद के प्रिंसपाल के साथ जुलाई 2020 में G-लीग की टीम इग्नाइट ने करार किया है, उस समय भारत का ये स्टार खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा में NBA की ग्लोबल अकादमी में खेल रहा था।

सिंह अमेरिका के शूटिंग गार्ड जलेन ग्रीन जैसे ऊभरते हुए सितारों के साथ 2021 NBA ड्राफ्ट में एक शीर्ष स्थान हासिल करने की उम्मीद कर रहे हैं। इसमें फ़िलीपींस के काई सोट्टो, अमेरिका के यशायाह टॉड और दाइश निक्स जैसे लोकप्रिय नाम भी शामिल हैं।

पंजाब के फ़िरोज़पुर में जन्मे सिंह के लिए ये इतना आसान नहीं होने वाला और उनकी सबसे बड़ी मुश्किल उनकी भाषा हो सकती है। हालांकि वह अभ्यास के दौरान कोच के साथ इशारों में बात करते हैं और साथ ही साथ इसके लिए वह अंग्रेज़ी भी सीख रहे हैं। 6 फ़िट 10 इंच लंबे प्रिंसपाल पूरी तरह आश्वस्त हैं कि आने वाले समय में वह इस लीग में भी अपनी एक अलग पहचान स्थापित करेंगे।

मीडिया से मुख़ातिब होते हुए भारत के इस स्टार खिलाड़ी ने कहा, "जब मैं यहां आया था, तो मैं अपने साथियों और कोच से मिलने के लिए बहुत उत्साहित था। मैं भारत में लॉकडाउन के कारण कुछ समय के लिए कोर्ट नहीं जा पाया था। इसलिए मैं थोड़ा अनफ़िट था। लेकिन इसके बाद मैंने अपनी कंडीशनिंग पर भी मेहनत की है। मैंने शूटिंग और ड्रिब्लिंग में सुधार किया है। यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। मैं G-लीग में खेलना चाहता था। मेरा उद्देश्य यहां अच्छा प्रदर्शन करना है और फिर NBA में खेलना है।"

प्रिंसपाल सिंह से पहले सतनाम सिंह और अम्ज्योत सिंह ने भी NBA G लीग में खेला है, जबकि पलप्रीत सिंह भी जी लीग में जगह बनाने ही वाले थे। जब लॉन्ग आइलैंड नेट्स ने उन्हें ड्राफ़्ट के ज़रिए शामिल किया था लेकिन फिर उन्हें रिलीज़ कर दिया गया।

G-लीग क्या है ?

जी लीग (G League) NBA का एक डेवलपमेंट प्रोगराम है, इसे पहले डी लीग (D League) कहा जाता था, लेकिन इसका नाम अब बदलकर जी लीग रख दिया गया है।

कब से होगी NBA- G लीग की शुरुआत ?

G-लीग 10 फरवरी, 2021 से ऑरलैंडो में शुरू होने वाली है। जबकि प्रिंसपाल सिंह जिस टीम से खेलेंगे यानी इग्नाइट का अभियान सांताक्रूज वारियर्स के खिलाफ 10 फरवरी से शुरू होगा। भारतीय समयानुसार मुक़ाबले रात 9:30 बजे से खेले जाएंगे।

15 लीग मैचों में अगर प्रिंसपाल सिंह की टीम इग्नाइट टॉप-8 में रहती है तो लीग में पदार्पण करने वाली इग्नाइट प्ले-ऑफ के लिए भी क्वालिफ़ाई कर सकती है।