5 Retired Out Player in IPL: आईपीएल 2025 में 08 अप्रैल को पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स की भिड़ंत हुई। पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई के सामने जीत के लिए 220 रनों का लक्ष्य रखा। इस दौरान सीएसके की पारी के 18वें ओवर में एक बार फिर एक बल्लेबाज रिटायर्ड आउट होकर पवेलियन लौट गए। जी हां, हम बात कर रहे हैं डेवोन कॉनवे की। 18वें ओवर की पांचवी गेंद पर धोनी ने लोकी फर्ग्यूसन को छक्का जड़ा और इसके बाद कॉनवे रिटायर्ड आउट होकर पवेलियन लौट गए, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हुई। सीएसके को इसके लिए फैंस के गुस्से का शिकार होने पड़ा।
अब हम आपको बताने जा रहे हैं कि आईपीएल में कौन-से बल्लेबाज रिटायर्ड आउट होकर पवेलियन लौटे हैं।
5.आर अश्विन
आईपीएल 2022 लीग स्टेज के 20वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर हो रहा था। लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला करते हुए राजस्थान की पारी के दौरान अश्विन 23 गेंदों में 28 रन बनाकर रिटायर्ड आउट होकर पवेलियन लौट गए। पहली बार किसी टीम ने यह फैसला लिया था। राजस्थान ने मुकाबला अपने नाम किया था।
4.अथर्व तायड़े
पंजाब किंग्स ने धर्मशाला में आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पंजाब की पारी के दौरान अथर्व 42 गेंदों में 55 रन की अर्धशतकीय पारी खेलकर रिटायर्ड आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद अथर्व भी अश्विन की लिस्ट का हिस्सा बन गए थे और पंजाब किंग्स को मुकाबले में हार का सामना भी करना पड़ा था।
3.साई सुदर्शन
2023 में ही गुजरात टाइटंस ने भी अपने बल्लेबाज को रिटायर्ड आउट करार करके पवेलियन रवाना किया था। अहमदाबाद में क्वालीफायर-2 में मुंबई इंडियंस टॉस जीतकर चेज करने का फैसला किया था। गुजरात की पारी के दौरान साई सुदर्शन 31 गेंदों में 43 रन बनाकर रिटायर्ड आउट करार दिए गए थे। जीटी ने मुंबई को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
2.तिलक वर्मा
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में टॉस जीतकर चेज करने का फैसला किया। लखनऊ में चेज करते हुए मुंबई इंडियंस ने 19वें ओवर की चौथी गेंद के बाद तिलक वर्मा को रिटायर्ड आउट करार करके पेविलयन भेज दिया। तिलक 23 गेंदों में 25 रन बनाकर खेल रहे थे। मिचेल सैंटनर कप्तान हार्दिक का साथ देने के लिए आए थे। मुंबई फिर भी मैच हार गई।
1.डेवोन कॉनवे
धोनी और कॉनवे 18वें ओवर में मुल्लांपुर स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ चेज करते हुए बल्लेबाजी कर रहे थे। कॉनवे को सीएसके ने रिटायर्ड आउट करवाकर पवेलियन बुला लिया और रवींद्र जडेजा को धोनी का साथ देने के लिए भेजा। सीएसके 18 रन से मुकाबला हार गई।