5 दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी जिन्हें IPL 2025 मेगा ऑक्शन से पहले किया जा सकता है रिलीज

नांद्रे बर्गर और एनरिक नॉर्खिया (Photo Credit: Getty Images)
नांद्रे बर्गर और एनरिक नॉर्खिया (Photo Credit: Getty Images)

5 South African players may be released before IPL 2025 mega auction: आईपीएल 2025 के लिए मेगा ऑक्शन नवंबर महीने के अंत में हो सकता है। इसके लिए सभी 10 फ्रेंचाइजी ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। आईपीएल के मेगा ऑक्शन को देखते हुए सभी टीमों ने अभी से अपना गुणा-गणित लगाना शुरू कर दिया है कि किस खिलाड़ी को कितने में रिटेन करना है और किन खिलाड़ियों को रिलीज करना है। मेगा ऑक्शन से पहले सभी टीमें अपनी योजनाओं का एक पूर्ण लेखा-जोखा तैयार करने में जुटी हुई हैं और इसके लिए आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने उन्हें 31 अक्टूबर तक की समय सीमा दी है।

Ad

हाल ही में आईपीएल 2025 रिटेंशन के नियमों का ऐलान भी कर दिया है। नए नियमों के अनुसार, सभी टीमें 6-6 खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती हैं लेकिन इसमें अधिकतम 5 कैप्ड और अधिकतम 2 अनकैप्ड प्लेयर ही हो सकते हैं। आईपीएल में विदेशी खिलाड़ियों का भी अलग जलवा रहा है, जिसमें दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी भी पीछे नहीं रहे हैं। आईपीएल के मंच पर कई अफ्रीकी खिलाड़ियों ने काफी बेहतरीन प्रदर्शन किया है जबकि कुछ क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। ऐसे में जानते हैं उन 5 दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों के बारे में जिन्हें मेगा ऑक्शन से पहले इस बार रिलीज किया जा सकता है।

5. गेराल्ड कोएट्जी (मुंबई इंडियंस)

Ad

दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएट्जी मुंबई इंडियंस के लिए इस सीजन अच्छा प्रदर्शन करने वाले गेंदबाजों में से एक रहे। अगर हम उनके इस सीजन के आंकड़ों पर नजर डालें, तो उन्होंने 10 मैच खेले और 26.23 की औसत से 13 विकेट लिए, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/34 का रहा। हालांकि, इस बात की उम्मीद कम ही है कि एमआई विदेशी खिलाड़ी के रूप में किसी को रिटेन करेगी। इसी वजह से कोएट्जी को रिलीज किया जा सकता है।

4. नांद्रे बर्गर (राजस्थान रॉयल्स)

दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर ने 2024 के सीजन से आईपीएल में डेब्यू किया। नांद्रे को नीलामी में 50 लाख रुपये में राजस्थान रॉयल्स ने अपने स्क्वाड का हिस्सा बनाया था। इस गेंदबाज ने सीजन में राजस्थान के लिए कुल छह मैच ही खेले, जिसमें 20.71 की औसत और 8.52 की इकॉनमी के साथ सात विकेट ही लिए। साधारण प्रदर्शन और विदेशी खिलाड़ियों के रूप में अन्य बेहतर विकल्प उपलब्ध होने के कारण नांद्रे के रिटेन किए जाने की संभावना कम ही है।

3. मार्को जानसेन (सनराइजर्स हैदराबाद)

दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज ऑलराउंडर मार्को जानसेन का आईपीएल 2024 में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। ऐसे में हैदराबाद की टीम उनके निराशाजनक प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें मेगा ऑक्शन से पहले बाहर का रास्ता दिखा सकती है। आईपीएल 2024 में जानसेन ने हैदराबाद के लिए सिर्फ तीन मैच ही खेले, जिसमें सिर्फ एक विकेट ही लिया। वहीं बल्लेबाजी में महज 18 रन बनाए।

2. एडेन मार्करम (सनराइजर्स हैदराबाद)

Ad

दक्षिण अफ्रीका के टी20 कप्तान एडेन मार्करम पिछले कुछ सालों से सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल रहे हैं। इसके साथ ही वह SA20 लीग में भी हैदराबाद फ्रेंचाइजी की टीम ईस्टर्न केप के कप्तान भी हैं। हालांकि, आईपीएल 2024 में उनका प्रदर्शन टीम के लिए कुछ खास साबित नहीं हुआ। मार्करम ने 11 मैच में सिर्फ एक अर्धशतक लगाया और कुल 220 रन ही बनाए। वहीं विदेशी खिलाड़ियों के रूप में हैदराबाद के पास जबरदस्त विकल्प मौजूद हैं। इसी वजह से फ्रेंचाइजी उन्हें रिलीज करने का कदम उठा सकती है।

1. एनरिक नॉर्खिया (दिल्ली कैपिटल्स)

दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्खिया को दिल्ली कैपिटल्स ने कगिसो रबाडा पर प्राथमिकता देकर मेगा ऑक्शन से पहले रिटेन किया था। दिल्ली ने जहां नॉर्खिया को साढ़े 6 करोड़ रुपये की कीमत में खरीदा था लेकिन उनका प्रदर्शन सीजन दर सीजन साधारण होता गया। वहीं आईपीएल 2024 में नॉर्खिया ने छह मैचों में 42 की औसत और 13.36 की इकॉनमी रेट से सिर्फ सात विकेट ही लिए। ऐसे में उनका रिटेन किया जाना बिलकुल भी संभव नहीं लग रहा है। वहीं विदेशी खिलाड़ियों के रूप में जेक फ्रेजर-मैकगर्क और ट्रिस्टन स्टब्स भी मौजूद हैं।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar
Sportskeeda logo
Close menu
Cricket
Cricket
WWE
WWE
Free Fire
Free Fire
Kabaddi
Kabaddi
Other Sports
Other Sports
bell-icon Manage notifications