IPL 2024 : यशस्वी जायसवाल के शतक पर रोहित शर्मा ने कुछ इस तरह का दिया रिएक्शन, जबरदस्त वीडियो आया सामने

यशस्वी जायसवाल ने लगाया बेहतरीन शतक (Photo Credit - IPL)
यशस्वी जायसवाल ने लगाया बेहतरीन शतक (Photo Credit - IPL)

Yashasvi Jaiswal Century : राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए आईपीएल मुकाबले में जबरदस्त पारी खेली। उन्होंने नाबाद 104 रन बनाकर राजस्थान रॉयल्स को एकतरफा जीत दिलाई। उन्होंने आईपीएल 2024 में पहली बार कोई बड़ी पारी खेली और यही वजह रही कि राजस्थान रॉयल्स टीम के अलावा मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा (Rohit Sharma) भी उनके इस शतक से काफी खुश नजर आए।

यशस्वी जायसवाल का बल्ला अभी तक आईपीएल 2024 में खामोश ही रहा था। वो आक्रामक बल्लेबाजी तो कर रहे थे लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पा रहे थे। हालांकि मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में उन्होंने अपना पूरा समय लिया और इसी वजह से वो शतक लगाने में कामयाब रहे। यशस्वी जायसवाल ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 60 गेंद पर 9 चौके और 7 छक्के की मदद से 104 रनों की नाबाद पारी खेली और टीम को जीत दिला दी। वो ओपनिंग के लिए आए और आखिर तक टिके रहे।

रोहित शर्मा ने यशस्वी जायसवाल को लगाया गले

यशस्वी जायसवाल के इस शतक से रोहित शर्मा भी काफी खुश दिखाई दिए। उन्होंने मैच के बाद यशस्वी को गले लगा लिया और ड्रेसिंग रुम की तरफ जाते वक्त दोनों खिलाड़ियों ने कुछ देर तक आपस में बात भी की। आप भी देखिए ये बेहतरीन वीडियो।

दरअसल यशस्वी जायसवाल का फॉर्म टी20 वर्ल्ड कप के लिहाज से काफी अहम है। अगर यशस्वी जायसवाल आईपीएल में अच्छा खेले तो फिर टी20 वर्ल्ड कप में ओपनिंग की समस्या नहीं रहेगी। अभी तक ये खबरें सामने आ रही थीं कि विराट कोहली ओपन करेंगे। हालांकि तब यशस्वी जायसवाल के बल्ले से रन नहीं आ रहे थे। अब उन्होंने शतक लगा दिया है तो परिस्थितियां बदल भी सकती हैं। मुंबई इंडियंस भले ही मैच हार गई लेकिन रोहित शर्मा इंडियन टीम के लिहाज से यशस्वी जायसवाल को लेकर खुश थे।

आपको बता दें कि मुंबई इंडियंस को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 9 विकेट से करारी हार मिली। उनकी इस हार से उनके नेट रन रेट पर काफी असर पड़ा है। मुंबई इंडियंस को अब अगर आईपीएल 2024 के प्लेऑफ में जगह बनानी है तो फिर उन्हें अपने बचे हुए 6 मैचों में से कम से कम 5 मैच जीतने ही होंगे।

Quick Links