Michael Clarke On Rohit Sharma Form IPL 2025: आईपीएल 2025 में मैचों का सिलसिला लगातार जारी है। डबल हेडर रविवार में 13 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा। मुंबई इंडियंस का मौजूदा सीजन में फॉर्म काफी खराब रहा है। टीम ने अब तक 5 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 4 में हार और 1 में जीत मिली है।
दूसरी तरफ दिल्ली कैपिटल्स शानदार फॉर्म में है और 4 मुकाबले जीतकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर विराजमान है। अब दिल्ली अपने अजेय अभियान को जारी रखना चाहेगी तो वहीं मुंबई की टीम जीत दर्ज करके पॉइंट्स टेबल में ऊपर की ओर बढ़ना चाहेगी।
क्लार्क ने रोहित को बताया स्टार बल्लेबाज
मुंबई इंडियंस के ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा के लिए मौजूदा सीजन काफी निराशाजनक रहा है। रोहित ने चार पारियों में सिर्फ 38 रन बनाए हैं। रोहित को अपने प्रदर्शन के चलते काफी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। अब पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क रोहित शर्मा के सपोर्ट में उतरे हैं। उन्होंने रोहित शर्मा के फॉर्म पर बड़ा बयान दिया है।
क्लार्क ने पीटीआई से बात करते हुए कहा,
"मुझे लगता है कि रोहित एक बेहतरीन सुपरस्टार हैं। यह सिर्फ समय की बात है उनके शतक बनाने से पहले। मुझे लगता है कि उन्हें बस एक अच्छी पारी की जरूरत है। यह 40 या 60 रन भी हो सकता है। वह एक बार लय हासिल कर लेंगे और फिर आप जानते ही हैं। आप रोहित शर्मा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देखेंगे। मैं उनके फॉर्म को लेकर ज्यादा चिंतित नहीं हूं।"
क्लार्क ने रोहित शर्मा के क्लास पर आगे बात की और कहा,
"हम सभी को महान खिलाड़ियों से बहुत उम्मीदें होती हैं क्योंकि वह लंबे समय से इतने सफल होते आ रहे हैं। हां, आप कुछ मैचों से बाहर रह सकते हैं। लेकिन क्लास हमेशा के लिए होती है।"
रोहित शर्मा का IPL में फ्लॉप प्रदर्शन जारी है
अगर रोहित शर्मा के प्रदर्शन की बात करें तो रोहित शर्मा पिछली 12 आईपीएल पारियों में सिर्फ एक बार 50 से ज्यादा रनों का आंकड़ा पार किया है। हालांकि, लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में रोहित को चोटिल होने के कारण मुंबई की टीम में जगह भी नहीं मिली थी। लेकिन अगले मैच में रोहित इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर टीम में शामिल हुए थे। अब देखना अहम होगा आज रोहित के बल्ले से कितने रन आते हैं।