Most balls faced by a batter in powerplay in IPL: लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2025 के 16वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल मार्श का जलवा देखने को मिला। मार्श ने पारी की शुरुआत करते हुए धुआंधार बल्लेबाजी की और इस सीजन में अपना तीसरा अर्धशतक लगाया। चार पारियों में यह उनका तीसरा अर्धशतक था जिसकी बदौलत LSG ने आतिशी शुरुआत की है। अपनी इसी पारी के दौरान मार्श ने पूर्व भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन के 10 साल पुराने एक रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। मार्श अब IPL के किसी मैच में पावरप्ले में सबसे अधिक गेंद का सामना करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
MI के खिलाफ मार्श ने 30 गेंद का सामना किया। कुल वैध 36 में से 30 गेंद का सामना करके मार्श ने रिकॉर्ड बना दिया है। इससे पहले 2015 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए MI के खिलाफ ही शिखर धवन ने पावरप्ले में 29 गेंदों का सामना किया था। इस लिस्ट में कुछ दिग्गजों का भी नाम है। आईपीएल के पहले सीजन में MI के लिए खेलते हुए पूर्व श्रीलंकाई महान ओपनर सनथ जयसूर्या ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पावरप्ले में 28 गेंदे खेली थी। 2010 में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ 28 गेंदों का सामना किया था।
हालांकि मार्श को इतनी गेंदे खेलने देने की चूक खुद MI ने ही की थी। पारी की चौथी गेंद पर ही मार्श के बल्ले का बाहरी किनारा लग गया था लेकिन MI की ओर से कोई अपील ही नहीं की गई। फुलर गेंद को ड्राइव करते हुए मार्श के बल्ले का महीन किनारा लगा था जिसे विकेटकीपर ने अपने दस्तानों में कैद किया था। हालांकि किसी भी तरह की अपील नहीं होने की वजह से अंपायर ने भी उन्हें आउट नहीं दिया। उस समय मार्श ने केवल छह रन बनाए थे। हालांकि अपनी पारी में शुरुआत में ही जीवनदान मिलने के बाद उन्होंने अपने गियर बदले और केवल 31 गेंद में ही 60 रन बना दिए। मार्श की पारी में नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे।