FIFA U-17 World Cup: कोलंबिया ने भारत को 2-1 से हराया

फीफा अंडर 17 फुटबॉल विश्वकप में भारत को कोलंबिया ने 2-1 से हरा दिया। इस टूर्नामेंट भी भारत की लगातार यह दूसरी पराजय रही। भारतीय टीम की तरफ से एकमात्र गोल जैक्सन ने किया। दिल्ली के जवाहर लाल नेहरु स्टेडियम पर हुआ यह मुकाबला पहले हाफ तक काफी रोमांचक बना रहा।

पहले हाफ तक दोनों ही टीमों का स्कोर 0-0 की बराबरी पर रहा। इस दौरान भारतीय गोलकीपर धीरज ने कई बार विपक्षी आक्रमण को ध्वस्त करते हुए गोल बचाए। 42वें मिनट में लगभग गोल हो गया था लेकिन भारतीय गोलकीपर की सूझबूझ से यह हमला बेकार हो गया। इसके बाद भारत के स्ट्राइकरों ने 45वें मिनट में डी के अंदर गेंद को ले जाने में सफलता हासिल की और गोल दागा लेकिन किस्मत ने कोलंबिया का साथ दिया और गेंद बाएँ पोल से टकरा गई। भारत की रक्षा पंक्ति के खेल पहले हाफ में काफी उम्दा रहा।

दूसरा हाफ शुरू होने के लगभग 4 मिनट बाद ही कोलंबिया ने सफलता अर्जित कर ली। डी के पास भारतीय गोलकीपर को इस बार वे छकाने में कामयाब रहे और 49वें मिनट में जॉन पेनालोजा ने गोल दाग कर कोलंबिया को 1-0 से आगे कर दिया। इसके तुरंत बाद अभिजित ने अच्छा प्रयास जरुर किया लेकिन गेंद से सही तरीके से संपर्क नहीं होने के कारण गोल नहीं कर सके। इसके बाद कोलंबिया ने दूसरा गोल भी कर दिया। 76वें मिनट में एक बार फिर भारत की टीम बॉक्स के बिलकुल नजदीक थी लेकिन रहीम से चूक हुई और गोल नहीं हो पाया। इन्तजार करते हुए भारतीय टीम के लिए खुशखबरी लेकर जैक्सन आए और उन्होंने फ्री किक पर हेड से गेंद को बॉक्स में पहुंचाते हुए भारत को टूर्नामेंट का पहला गोल दिलाया और स्कोर 2-1 कर दिया। अंत तक यह स्कोर बना रहा और अतिरिक्त पांच मिनट के समय में कोई गोल दोनों तरफ से नहीं हुआ।

अन्य मुकाबलों की बात करें, तो नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में ग्रुप 'बी' के मैच में माली ने तुर्की को 3-0 से शिकस्त दी। एक दूसरे मुकाबले में अमेरिका ने घाना को 1-0 से हराया। इसके अलावा पराग्वे ने पीछे से वापसी करते हुए न्यूजीलैंड को 4-2 से हराया, यह मैच भी नवी मुंबई में खेला गया।