कॉमनवेल्थ ब्रॉन्ज जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम के जश्न का वीडियो वायरल, पूरा देश सोशल मीडिया पर दे रहा बधाई

भारतीय हॉकी टीम ने पिछली बार की गोल्ड मेडलिस्ट न्यूजीलैंड को हराकर ब्रॉन्ज जीता है।
भारतीय हॉकी टीम ने पिछली बार की गोल्ड मेडलिस्ट न्यूजीलैंड को हराकर ब्रॉन्ज जीता है।

भारतीय महिला हॉकी टीम नें 2022 कॉमनवेल्थ खेलों में ब्रॉन्ज मेडल जीत सभी देशवासियों को खुश कर दिया। टीम ने न्यूजीलैंड को शूटआउट में मात दी और 16 साल बाद मेडल हासिल किया। आखिरी बार 2006 के मेलबर्न खेलों में सिल्वर जीतने वाली टीम इंडिया का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें ब्रॉन्ज जीतने के बाद टीम ड्रेसिंग रूम में जश्न मनाती दिख रही है।

केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने भी यह वीडियो ट्वीट किया। वीडियो में भारतीय खिलाड़ी 'सुनो गौर से दुनिया वालों' गाने पर खुशी से झूम रही हैं। टीम की उपलब्धि पर पूरा देश उन्हें बधाई दे रहा है। पुरुष हॉकी टीम ने भी महिला टीम की जीत के बाद उनका बर्मिंघम खेल गांव में जोरदार स्वागत किया और ये वीडियो भी ट्विटर पर काफी देखा जा रहा है।

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महिला हॉकी टीम के प्रयास की सराहना की और लिखा कि उन्होंने सभी भारतीयों का दिल जीत लिया है।

भारतीय टीम को सेमिफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शूटआउट में हार मिली, और इस शूटआउट में भी रेफरी की गलती का खामियाजा टीम ने भुगता। इस वाकये के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम का हौसला बढ़ाया था और अब ब्रॉन्ज मिलने के बाद प्रधानमंत्री ने 16 साल के लंबे अंतराल के बाद मेडल जीतने पर टीम की तारीफ की है।

ओडिशा में हॉकी को नई जान देने वाले मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी भारतीय महिला हॉकी टीम के प्रदर्शन की सराहना की। सीएम ने ट्वीटर कर टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

भारतीय हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल ने भी ट्वीट कर साथी खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की। रानी चोट के कारण इस बार कॉमनवेल्थ खेलों की टीम में शामिल नहीं हुईं।

भारतीय टीम ने 2002 के मैनचेस्टर कॉमनेवल्थ गेम्स में मेजबान इंग्लैंड को हराकर ऐतिहासिक गोल्ड जीता था।

2018 गोल्ड कोस्ट खेलों में भारतीय टीम चौथे नंबर पर रही थी। खास बात ये है कि जिस न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने ब्रॉन्ज जीता, उसी न्यूजीलैंड ने 2018 में गोल्ड कोस्ट खेलों का गोल्ड जीता था।

Quick Links