हीरो हॉकी एशिया कप 2017 में सुपर 4 के दूसरे मुकाबले में आज भारत ने मलेशिया को एकतरफा मुकाबले में 6-2 से हरा दिया। ढाका में खेले गए इस मैच के शुरुआत से ही भारतीय टीम मलेशिया पर हावी नजर आई। अक्शदीप सिंह ने मैच के 15वें मिनट में ही गोल दागकर भारतीय टीम को बढ़त दिला दी। खेल के पहले क्वार्टर तक भारतीय टीम ने अपनी 1-0 की बढ़त बरकरार रखी। हालांकि दूसरे क्वार्टर में मलेशिया को गोल करने का मौका मिला लेकिन वो उसे भुना नहीं सकी। इसके बाद भारतीय टीम ने मिले पेनल्टी कॉर्नर का पूरा फायदा उठाया। हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। इसके बाद एसके उथप्पा ने शानदार गोल कर भारतीय टीम को 3-0 से आगे कर दिया। खेल के दूसरे क्वार्टर तक भारतीय टीम 3-0 से आगे थी। कोरिया के खिलाफ पिछले मैच में आखिरी मिनट में गोल दागकर टीम को हार से बचाने वाले गुर्जन्त सिंह ने तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में गोल दागकर भारत की बढ़त 4-0 कर दी। इसके बाद एसवी सुनील ने भी गोल कर भारतीय टीम को 5-0 से आगे कर दिया। मलेशिया के लिए पहला गोल रजी रहीम ने किया। जब खेल में 10 मिनट का समय बचा तो उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर अपनी टीम का खाता खोला। मलेशिया के लिए दूसरा गोल रमादान रोसली ने किया जबकि भारत के लिए छठा गोल सरदार सिंह ने किया। भारतीय टीम 4 अंकों के साथ अब अपने ग्रुप में शीर्ष पर पहुंच गई है। उसका अगला मुकाबला चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से होगा जिसे भारतीय टीम ने पूल स्टेज में 3-1 से हराया था।
FT! India put forth a towering performance to blaze past Malaysia in the Super 4s clash of the #HeroAsiaCup 2017 (Men) on 19th Oct.#INDvMAS pic.twitter.com/uze80H1fi5
— Hockey India (@TheHockeyIndia) October 19, 2017