पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान संदीप सिंह पर लगा छेड़छाड़ का आरोप, हरियाणा के खेल मंत्री पद से दिया इस्तीफा, FIR दर्ज

संदीप सिंह ने आरोपों को झूठा करार दिया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
संदीप सिंह ने आरोपों को झूठा करार दिया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पूर्व भारतीय हॉकी टीम कप्तान संदीप सिंह पर छेड़छाड़ करने और रेप का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगा है। खबरों के मुताबिक 'फ्लिकर सिंह' के नाम से मशहूर संदीप सिंह के खिलाफ एक महिला कोच ने बदसलूकी का आरोप लगाया है। वर्तमान में विधायक संदीप सिंह ने इस मामले के प्रकाश में आने के बाद राज्य के खेल मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। संदीप के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर ली गई है। संदीप ने यौन शोषण की शिकायत को झूठा बताया है और जांच की मांग की है।

खबरों के मुताबिक हरियाणा के खेल विभाग में जूनियर कोच के रूप में तैनात महिला कोच ने शिकायत की है कि फरवरी 2022 से संदीप सिंह उनके साथ लगातार बदतमीजी करते आए हैं। संदीप सिंह ने उनके साथ बदसलूकी करते हुए उनकी टी-शर्ट फाड़ दी। महिला कोच के मुताबिक उन्होंने मदद के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन आसपास स्टाफ मौजूद होने के बावजूद उनकी मदद किसी ने नहीं की। महिला कोच के मुताबिक उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी तक संदीप सिंह की ओर से दी गई। महिला कोच राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रह चुकी हैं और कुछ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भाग ले चुकी हैं।

इस मामले में संदीप सिंह ने कहा है कि उनके खिलाफ साजिश की गई है और उनकी छवि को बिगाड़ने के लिए एक माहौल बनाया है। संदीप सिंह ने खेल मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है और कहा है कि वो जांच के नतीजे आने तक का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल मामले में हरियाणा के डीजीपी ने विशेष जांच समिति गठित कर दी है।

संदीप सिंह भारतीय हॉकी इतिहास के सबसे लोकप्रिय खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। उन्हें बढ़िया ड्रैक और फ्लिक के लिए जाना जाता था। साल 2004 में सीनियर टीम के लिए डेब्यू करने वाले संदीप सिंह की कप्तानी में साल 2009 में भारत ने सुल्तान अजलान शाह हॉकी प्रतियोगिता का खिताब 13 साल के अंतराल के बाद जीता था। संदीप सिंह के साथ साल 2006 में एक अप्रिय घटना घटी थी जब ट्रेन से यात्रा करने के दौरान एक यात्री की गलती के कारण उन्हें पेट में गोली लग गई थी। संदीप सिंह ने इस हादसे से उबरने के बाद हॉकी टर्फ पर शानदार वापसी की और उनके इसी जज्बे से प्रेरणा लेकर उनकी जीवन के ऊपर सूरमा नाम की बॉलीवुड फिल्म भी बनी थी।