Hockey World Cup 2023 : पिछले 14 विश्व कप में कैसा रहा है भारतीय टीम का प्रदर्शन, जानें यहां

भारतीय टीम 1975 में खिताब जीतने के बाद से ही सेमिफाइनल तक नहीं पहुंची है।
भारतीय टीम 1975 में खिताब जीतने के बाद से ही सेमीफाइनल तक नहीं पहुंची है

13 जनवरी 2023 के दिन 15वें FIH पुरुष हॉकी विश्व कप में मुकाबलों की शुरुआत होगी। टीम इंडिया ग्रुप डी में स्पेन के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी। साल 1975 में इकलौती बार खिताब जीतने वाली भारतीय टीम 48 सालों के इंतजार के बाद अपने दूसरे खिताब तक पहुंचने का प्रयास करेगी। 1975 के अलावा टीम सिर्फ 1 और बार फाइनल में पहुंची थी। आपको बताते हैं पिछले 14 विश्व कप में टीम इंडिया का सफर कैसा रहा -

1) 1971

इस साल पहला हॉकी विश्व कप आयोजित किया गया था। स्पेन के बार्सिलोना में हुए विश्व कप में 10 टीमों ने भाग लिया था और ग्रुप स्टेज में भारत टॉप पर था। सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 2-1 से हराया था। फिर ब्रॉन्ज मेडल मैच में टीम इंडिया ने केन्या को 2-1 से हराने में कामयाबी हासिल की।

2) 1973

नीदरलैंड्स में हुए इस विश्व कप में पहली बार 12 टीमों को खेलने का मौका मिला। ग्रुप स्टेज में भारत ने 5 में से 3 मैच जीते, 2 ड्रॉ खेले और वेस्ट जर्मनी के बाद दूसरे नंबर पर रहा। इस बार सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 1-0 से हराकर पिछले विश्व कप का बदला लिया। फाइनल में भारत और नीदरलैंड्स का स्कोर 2-2 से बराबर रहा। लेकिन पेनेल्टी स्ट्रोक में डच टीम 4-2 से जीत गई।

3) 1975

साल 1975 में विश्व कप जीतने के बाद भारत लौटी भारतीय टीम एक सम्मान समारोह में
साल 1975 में विश्व कप जीतने के बाद भारत लौटी भारतीय टीम एक सम्मान समारोह में

लगातार तीसरे विश्व कप में भारत और पाकिस्तान को अलग-अलग ग्रुप में रखा गया था। भारत ने ग्रुप बी को टॉप किया। सेमीफाइनल में एक्स्ट्रा टाइम में भारत ने मलेशिया को 3-2 से मात दी। फाइनल में पाकिस्तान को 2-1 से हराकर टीम ने पहला विश्व कप जीता। भारत के लिए विजयी गोल अशोक कुमार ने किया जो 'हॉकी के जादूगर' मेजर ध्यानचंद के बेटे हैं।

4) 1978

इस बार कुल 14 टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। 7-7 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया था। गत विजेता भारत ग्रुप ए में वेस्ट जर्मनी से 7-0 से बुरी तरह हारा, जबकि कनाडा के खिलाफ 3-1 से चौंकाने वाली हार के साथ टीम ग्रुप में तीसरे स्थान पर रही और सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी। यह विश्व कप पाकिस्तान ने जीता। भारत टूर्नामेंट में छठे स्थान पर रहा।

5) 1982

यह विश्व कप मुंबई में आयोजित हुआ। इस बार 12 टीमों को भाग लेने का मौका मिला। भारतीय टीम ग्रुप स्टेज में एक बार फिर दो मैच हारकर तीसरे स्थान पर रही और अगले दौर में नहीं पहुंच सकी। भारत पांचवे नंबर पर रहा।

6) 1986

विश्व कप की शुरुआत के बाद से ही यह भारत के लिए सबसे खराब टूर्नामेंट रहा। इंग्लैंड में हुए विश्व कप में भारतीय टीम ग्रुप स्टेज में कुल 6 टीमों में से पांचवे स्थान पर रही। भारत को पोलैंड, स्पेन, ऑस्ट्रेलिया ने मात दी। टीम ने वेस्ट जर्मनी के साथ ड्रॉ खेला जबकि सिर्फ कनाडा के खिलाफ टीम को जीत मिली। भारत विश्व कप में 11वें और 12वें स्थान के लिए हुए मैच में पाकिस्तान के हाथों 3-2 से हारा और पहली बार विश्व कप में आखिरी पायदान पर रहा।

7) 1990

पाकिस्तान के लाहौर में खेले गए विश्व कप में टीम इंडिया ग्रुप स्टेज में पहली बार कोई भी मैच नहीं जीती। सोवियत संघ के साथ भारत ने पहला मैच ड्रॉ खेला लेकिन इसके बाद अर्जेंटीना, फ्रांस, नीदरलैंड्स और ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार के साथ ग्रुप में आखिरी पायदान पर रहा। भारतीय टीम प्रतियोगिता में 10वें स्थान पर रही।

8) 1994

ऑस्ट्रेलिया में खेले गए विश्व कप में भारतीय टीम ग्रुप स्टेज में तीसरे स्थान पर रही। 1990 के विश्व कप के खराब प्रदर्शन के बाद इस विश्व कप में टीम का प्रदर्शन थोड़ा बेहतर रहा। भारत ने बेल्जियम और दक्षिण कोरिया को हराया। भारतीय टीम इंग्लैंड को हराकर पांचवे नंबर पर रही।

9) 1998

भारत ने एक बार फिर खराब प्रदर्शन कर ग्रुप स्टेज में छठा और आखिरी स्थान पाया। नीदरलैंड्स में हुए विश्व कप में भारत ने इकलौता मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ जीता और 9वें स्थान पर रहा।

10) 2002

मलेशिया में खेले गए इस विश्व कप में टीमों की संख्या 16 कर दी गई। टीमों को 8-8 के दो ग्रुप में बांटा गया। भारत ग्रुप बी में 7 में से 2 मैच जीतकर छठे स्थान पर रहा। न्यूजीलैंड के हाथों 2-1 से हारकर भारतीय टीम आखिरकार 10वें नंबर पर रही।

11) 2006

इस बार फिर 12 टीमों को शामिल किया गया। जर्मनी में खेले गए विश्व कप में भारतीय टीम ग्रुप स्टेज में 4 हार और 1 ड्रॉ के साथ आखिरी नंबर पर रही। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर 11वां स्थान पाया।

12) 2010

नई दिल्ली में खेले गए 12वें विश्व कप में भारत को पहली बार पाकिस्तान के साथ एक ही ग्रुप में रखा गया। टीम इंडिया ने अपने 5 मुकाबलों में से 1 जीता, 1 ड्रॉ खेला और 3 में हार पाई। भारत ने इकलौती जीत पाकिस्तान पर दर्ज की। भारतीय टीम ओवरऑल 8वें नंबर पर रही।

13) 2014

नीदरलैंड्स में खेले गए विश्व कप में टीम इंडिया ग्रुप स्टेज में पांचवे स्थान पर रही। भारत को बेल्जियम, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया ने हराया। टीम ने मलेशिया को मात दी जबकि स्पेन से ड्रॉ खेला। भारत आखिरकार ओवरऑल 9वें स्थान पर रहा।

14) 2018

भुवनेश्वर में खेले गए 14वें हॉकी विश्व कप में 16 टीमों ने भाग लिया जिन्हें 4 ग्रुप में बांटा गया था। भारत ने ग्रुप सी में कनाडा, दक्षिण अफ्रीका को हराया जबकि बेल्जियम से ड्रॉ खेल ग्रुप टॉप किया। क्वार्टर-फाइनल में टीम को नीदरलैंड्स ने मात दी। भारतीय टीम छठे स्थान पर रही।