3 बड़े बदलाव जो WWE दिग्गज Roman Reigns में वापसी के बाद देखने को मिल सकते हैं 

क्या WWE में वापसी के बाद रोमन रेंस के कैरेक्टर में बदलाव देखने को मिलेगा?
क्या WWE में वापसी के बाद रोमन रेंस के कैरेक्टर में बदलाव देखने को मिलेगा?

Roman Reigns Big Changes After WWE Return: रोमन रेंस (Roman Reigns) को WWE से ब्रेक पर गए हुए करीब दो महीने पूरे हो चुके हैं। उनकी टीवी पर काफी कमी खल रही है और ब्लडलाइन की स्टोरीलाइन का रोमांच भी थोड़ा कम हुआ है। हालांकि, ऐसा लग रहा है कि रोमन की वापसी में अभी वक्त लगने वाला है।

इसके साथ ही यह सवाल खड़ा होता है कि क्या रेंस की वापसी के बाद उनमें बदलाव देखने को मिलने वाला है। देखा जाए तो ऐसा होने की काफी संभावना है। इस आर्टिकल में हम ऐसे 3 बड़े बदलाव का जिक्र करने वाले हैं जो कि WWE में रोमन रेंस की वापसी के बाद देखने को मिल सकते हैं।

3- WWE में पहले से ज्यादा तगड़े होकर वापस आ सकते हैं रोमन रेंस

रोमन रेंस काफी शानदार फिजिक के मालिक हैं। हालांकि, ऐसा लग रहा है कि वो खुद को और भी बेहतर बनाना चाहते हैं। बता दें, हाल ही में रोमन की एक वीडियो सामने आई जिसमें वो जिम में कड़ी मेहनत करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस बात की संभावना काफी ज्यादा है कि रेंस की WWE में SummerSlam के करीब वापसी हो।

देखा जाए तो ट्राइबल चीफ इतने समय में काफी शानदार बॉडी बना लेंगे और वो पहले से ज्यादा तगड़े रूप में वापसी कर सकते हैं। हेड ऑफ द टेबल WWE में ऐसा करने वाले पहले शख्स नहीं होंगे। बता दें, रैंडी ऑर्टन और एजे स्टाइल्स भी WWE में वापसी के बाद पहले की तुलना में ज्यादा तगड़े नज़र आ रहे हैं।

2- WWE में वापसी के बाद एंटी हीरो रोल में नज़र आ सकते हैं रोमन रेंस

WWE WrestleMania XL में चैंपियनशिप हारकर ब्रेक पर जाने के बाद से ही रोमन रेंस को फैंस काफी पसंद करने लगे हैं। देखा जाए तो WWE का हमेशा से रोमन को सबसे बड़ा बेबीफेस स्टार बनाने का सपना रहा है। यही कारण है कि कंपनी रेंस को बेबीफेस के रूप में मिल रहे रिएक्शन को भुनाने का मौका शायद ही हाथ से जाने देना चाहेगी।

हालांकि, संभावना कम है कि WWE ट्राइबल चीफ को बेबीफेस टर्न कराने का जोखिम लेगी। इसके बजाए कंपनी रोमन रेंस को एंटी-हीरो का रोल दे सकती है। इसका मतलब है कि रोमन के नए कैरेक्टर में हील और बेबीफेस दोनों के गुण हो सकते हैं। अगर ऐसा है तो यह देखना रोचक होगा कि रोमन एंटी-हीरो के रूप में फैंस के मन में अपनी छाप छोड़ पाते हैं या नहीं।

1- रोमन रेंस WWE में मैच जीतने के लिए बाहरी मदद लेना बंद कर सकते हैं

रोमन रेंस ने WrestleMania XL में ब्लडलाइन रूल्स मैच में कोडी रोड्स के खिलाफ अनडिस्प्यूटेड WWE चैंपियनशिप डिफेंड की थी। द रॉक, सोलो सिकोआ और जिमी उसो ने मैच में दखल देकर रोमन को जीत दिलाने की कोशिश की थी। हालांकि, द अंडरटेकर, जॉन सीना, सैथ रॉलिंस और जे उसो ने आकर ब्लडलाइन की चाल नाकाम कर दी थी।

संभव है कि इतनी मदद के बावजूद भी हार मिलने की वजह से रोमन की मानसिकता में बदलाव आया हो। अगर ऐसा है तो रेंस वापसी के बाद अपने मैचों में बाहरी मदद लेने के बजाए अपने दम पर लड़ते हुए नज़र आ सकते हैं। इस स्थिति में ट्राइबल चीफ के मुकाबलों का बेहतर अंत देखने को मिल पाएगा।

Quick Links

Edited by Subham Pal
App download animated image Get the free App now