Real Life couple champions in WWE: WWE का इतिहास कई दशक पुराना रहा है और शुरुआत से ही विंस मैकमैहन (Vince Mcmahon) ने बेहद कड़े नियम बनाए हुए हैं, जिन्हें तोड़ने से पहले रेसलर्स 10 बार सोचते होंगे। इस बीच समय बीतने के साथ कंपनी के नियमों में थोड़ी ढील दी गई है। ऐसी कई बातें सामने आती रही हैं कि काफी समय पहले विंस साथ काम कर रहे किन्हीं 2 सुपरस्टार्स के बीच रियल लाइफ रिलेशनशिप के पक्ष में नहीं होते थे।
हालांकि, अब स्थिति बदल चुकी है और कुछ सुपरस्टार्स तो शादी के बंधन में भी बंध चुके हैं। कई बार रियल लाइफ रिलेशनशिप को WWE में स्टोरीलाइंस का भी रूप दिया गया है, जिनमें ऐज-लीटा-मैट हार्डी का लव ट्रायंगल एक बहुचर्चित स्टोरीलाइन भी शामिल है।
WWE में रियल लाइफ पति-पत्नी की कई जोड़ियां रही हैं, जिन्होंने कंपनी में अपार सफलता प्राप्त की है। इसलिए इस आर्टिकल में हम उन 3 कपल्स के बारे में आपको बताने वाले हैं जो WWE में चैंपियन रह चुके हैं।
#) WWE में स्टैफनी मैकमैहन और ट्रिपल एच दोनों चैंपियन बने हैं

स्टैफनी मैकमैहन एक फुल टाइम इन रिंग परफ़ॉर्मर तो नहीं हैं लेकिन साल 1999-2002 तक वो कई बड़ी स्टोरीलाइंस का हिस्सा रही हैं। इस दौरान उनके अपने पिता विंस मैकमैहन के खिलाफ भी मैच हुए। मार्च 2000 के एक SmackDown एपिसोड में जैकलीन को हराकर स्टैफनी अपने करियर में पहली और आखिरी बार विमेंस चैंपियन बनीं। वहीं ट्रिपल एच की उपलब्धियों से हम सभी वाकिफ हैं और उनकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक 14 बार वर्ल्ड चैंपियन बनना है। हालांकि मौजूदा समय में दोनों ही सुपरस्टार्स इनरिंग एक्शन से काफी ज्यादा दूर हैं और उनकी वापसी की उम्मीद ना के बराबर है।
#) WWE दिग्गज सीएम पंक और एजे ली

सीएम पंक और एजे ली एक साथ WWE में काम किया करते थे और 2014 में उन्होंने शादी की थी। अभी उनकी शादी को कुछ ही महीने बीते थे, तभी ली ने भी WWE का साथ छोड़ने का निर्णय लिया। पंक अपने करियर में 5 बार WWE चैंपियन बने, वहीं एजे ली सबसे ज्यादा (3) बार WWE डीवाज़ चैंपियन रह चुकी हैं। आपको बता दें कि बेस्ट इन द वर्ल्ड ने पिछले ही साल कंपनी में वापसी की थी और इस समय एजे ली के भी एक बार फिर रिटर्न की जानकारी सामने आ रही है।
#) WWE में ब्रॉक लैसनर और सेबल दोनों चैंपियन रहे हैं

ब्रॉक लैसनर और सेबल के रिलेशनशिप की शुरुआत WWE बैकस्टेज से हुई और साल 2006 में इस रिलेशनशिप ने शादी का रूप लिया। लैसनर 7 बार WWE चैंपियन और 3 बार यूनिवर्सल चैंपियन बन चुके हैं। दूसरी ओर उनकी पत्नी सेबल एक बार WWE विमेंस चैंपियन बनीं और अब प्रो रेसलिंग को अलविदा कह चुकी हैं। ब्रॉक लैसनर अभी भी WWE में परफॉर्म कर रहे हैं, लेकिन वो साल 2023 के बाद से सबसे बड़ी कंपनी में दिखाई नहीं दिए हैं।