3 सुपरस्टार्स जिन्हें WWE में वापसी के बाद ज्यादा सफलता मिली और 2 जो फ्लॉप रहे

डेनियल ब्रायन और जिंदर महल
डेनियल ब्रायन और जिंदर महल

WWE का इतिहास कई दशकों पुराना रहा है, जिसमें आंद्रे द जायंट (Andre the Giant) और हल्क होगन (Hulk Hogan) से लेकर जॉन सीना (John Cena) और रोमन रेंस (Roman Reigns) समेत कई अन्य सुपरस्टार्स अपार सफलता हासिल कर चुके हैं। कुछ ही ऐसे रेसलर्स हैं जो अपने करियर की शुरुआत से लेकर अंत तक WWE के साथ जुड़े रहे हैं।

वहीं दूसरी ओर कंपनी में नए सुपरस्टार्स के आने, पुराने सुपरस्टार्स के कंपनी छोड़ने और वापसी का दौर हमेशा से चला आ रहा है। उदाहरण के तौर पर मैट हार्डी (Matt hardy) और डेनियल ब्रायन (Daniel Bryan) जैसे बड़े सुपरस्टार्स एक से अधिक बार WWE छोड़ चुके हैं लेकिन उसके बाद वापसी भी की।

वापसी के बाद कई रेसलर्स को पहले के मुकाबले WWE में ज्यादा सफलता मिली, लेकिन कुछ ऐसे भी रहे जो वापसी के बाद कुछ खास सफलता हासिल नहीं कर सके। इसलिए इस आर्टिकल में आइए जानते हैं उन 3 सुपरस्टार्स के बारे में जो वापसी के बाद सफल रहे और 2 ऐसे जो पूरी तरह फ्लॉप रहे।

जिंदर महल - WWE में वापसी के बाद सफल हुए

जिंदर महल, हीथ स्लेटर और ड्रू मैकइंटायर
जिंदर महल, हीथ स्लेटर और ड्रू मैकइंटायर

जिंदर महल ने WWE के साथ साल 2010 में डेवलपमेंटल डील साइन की थी, वहीं उनका मेन रोस्टर डेब्यू उससे अगले साल हुआ। शुरुआत में उन्हें द ग्रेट खली के साथ जोड़ा गया, उस दौरान उन्होंने टीम बनाकर काम किया और लाइव इवेंट्स में एक-दूसरे के खिलाफ काफी सिंगल्स मैच भी लड़े।

उसके बाद वो 2014 में रिलीज़ होने तक 3MB में हीथ स्लेटर और ड्रू मैकइंटायर के पार्टनर बने रहे। WWE से 2 साल दूर रहने के दौरान महल ने गज़ब का बॉडी ट्रांसफॉरमेशन किया। महल ने खुद इस बात को भी स्वीकारा था कि उन्होंने इस बॉडी ट्रांसफॉरमेशन की प्रक्रिया के दौरान शराब का सेवन भी छोड़ दिया था।

2016 में उन्होंने WWE में वापसी की, उससे अगले साल WWE चैंपियन बने और कई पूर्व चैंपियंस के खिलाफ जीत दर्ज कर चुके हैं। वहीं वो यूएस टाइटल भी अपने नाम कर चुके हैं। जाहिर तौर पर वापसी के बाद जिंदर महल को पहले के मुकाबले काफी ज्यादा सफलता मिली है।

कर्ट हॉकिंस - फ्लॉप रहे

curt hawkins
कर्ट हॉकिंस

कर्ट हॉकिंस को WWE में अपनी 269 मैचों तक चली लूज़िंग स्ट्रीक के कारण पहचान मिली थी और वो 2016 से कंपनी से जुड़े हुए थे। हालांकि अब उन्हें WWE ने रिलीज़ कर दिया है, मगर कम ही लोग इस बात से वाकिफ होंगे कि हॉकिंस इससे पहले भी हॉकिंस WWE में काम कर चुके थे।

उनका WWE डेब्यू साल 2006 में हुआ था और उस समय उनकी और जैक रायडर की टीम को 'मेजर ब्रदर्स' के नाम से जाना जाता था। उस समय वो एक बार WWE टैग टीम चैंपियन बने, लेकिन 2016 में वापसी के बाद उनका एक भी टाइटल ना जीत पाना दर्शाता है कि वो पूर तरह फ्लॉप रहे थे।

ड्रू मैकइंटायर - वापसी के बाद सफल रहे

पूर्व WWE चैंपियन ड्रू मैकइंटायर
पूर्व WWE चैंपियन ड्रू मैकइंटायर

जिंदर महल की तरह ड्रू मैकइंटायर भी 2014 में रिलीज़ होने से पहले 3MB ग्रुप के मेंबर हुआ करते थे। उनकी 2017 में कंपनी में वापसी हुई, लेकिन उससे पिछले 3 साल में उन्होंने कई अन्य प्रोमोशंस में काम कर फैंस को खूब प्रभावित किया। इस दौरान वो Impact Wrestling वर्ल्ड चैंपियन भी बने।

2017 में वापसी के बाद कुछ समय NXT में काम किया और NXT चैंपियन भी बने। वहीं 2018 में मेन रोस्टर में वापसी के बाद उनके करियर ने नई ऊंचाइयों को छूना शुरू किया। 2020 Royal Rumble जीत के बाद वो कंपनी के बड़े बेबीफेस सुपरस्टार बनकर उभरे। मैकइंटायर के 2 वर्ल्ड टाइटल्स दिखाते हैं कि मैकइंटायर वापसी के बाद WWE के सबसे सफल सुपरस्टार्स में से एक रहे हैं।

मारिया कनेलिस - फ्लॉप रहीं

माइक और मारिया कनेलिस
माइक और मारिया कनेलिस

मारिया कनेलिस पिछले डेढ़ दशक से भी ज्यादा समय से प्रो रेसलिंग इंडस्ट्री से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने 2004 में WWE को जॉइन किया था। हालांकि यहां वो ज्यादा टाइटल्स तो नहीं जीत पाईं, लेकिन ऑन-स्क्रीन रिलेशंस को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी रहती थीं। उस समय उन्होंने ट्रिश स्ट्रेटस, मेलिना और विक्टोरिया जैसी टॉप विमेंस सुपरस्टार्स के साथ मैच लड़े थे।

2010 में उन्हें रिलीज़ कर दिया गया और उसके 7 साल बाद उनकी WWE में वापसी हुई। वापसी के बाद वो अधिकांश समय पर अपने रियल लाइफ हसबैंड माइक कनेलिस की मैनेजर बनी रहीं। WWE द्वारा अच्छी बुकिंग ना मिलने से ना तो मारिया और ना ही उनके पति को कुछ खास सफलता मिल पाई।

डेनियल ब्रायन - वापसी के बाद सफल रहे

डेनियल ब्रायन
डेनियल ब्रायन

डेनियल WWE में पहली बार साल 2000 में नजर आए थे। एक साल डेवलपमेंटल लीग में काम करने के बाद उन्हें रिलीज़ कर दिया गया। उसके बाद उनकी वापसी 2009 में हुई, लेकिन उससे अगले साल ही उन्हें ज्यादा क्रूर रवैये के लिए रिलीज़ कर दिया गया था। मगर उसके कुछ महीने बाद ही ब्रायन कंपनी में वापस लौट आए। 2010 में हुई उस वापसी के बाद ब्रायन को बहुत बड़ा पुश मिलना शुरू हुआ। जिसके बाद वो कई बार WWE चैंपियन बने और ग्रैंड स्लैम चैंपियन होने का गौरव भी हासिल कर चुके हैं।

Quick Links