4 रेसलर्स जिन्हें WWE ने बड़ा सुपरस्टार बनाया लेकिन उनका फायदा अब AEW उठा रहा है

WWE ने रेसलर्स को बड़ा सुपरस्टार बनाया लेकिन फायदा AEW उठा रहा
WWE ने रेसलर्स को बड़ा सुपरस्टार बनाया लेकिन फायदा AEW उठा रहा

WWE का भार पिछले करीब 4 दशकों से विंस मैकमैहन ने अपने कंधों पर संभाला हुआ है। उन्होंने 1982 में WWE को खरीदा था और उस समय हल्क होगन (Hulk Hogan), रिक फ्लेयर (Ric Flair) और जिमी स्नूका (Jimmy Snuka) जैसे नामी रेसलर्स ने विंस मैकमैहन के प्रोमोशन को इस इंडस्ट्री के टॉप पर पहुंचने में मदद की थी।

इस लंबे सफर में WWE को कई अन्य प्रोमोशंस से प्रतिद्वंदिता भी झेलनी पड़ी है। एक समय पर WCW ने विंस और उनके साथियों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी थीं। WCW ने यहां तक कि 1990 के दशक में WWE को काफी पीछे छोड़ दिया था। लेकिन 90 के दशक के अंत तक WCW का पतन होना शुरू हो चुका था।

इस सफर में WWE को स्टोन कोल्ड स्टीव ऑस्टिन (Stone Cold Steve Austin), द रॉक (The Rock) और जॉन सीना (John Cena) जैसे टैलेंटेड स्टार्स मिले। इन्हीं की तरह के कुछ सुपरस्टार्स दूसरे प्रोमोशन में चले जाते हैं। इसलिए इस आर्टिकल में हम उन 4 रेसलर्स के नाम आपको बताएंगे, जिन्हें WWE ने बड़ा सुपरस्टार बनाया लेकिन उनका फायदा अब AEW उठा रहा है।

पूर्व WWE सुपरस्टार डीन एंब्रोज/जॉन मोक्सली

डीन एंब्रोज ने साल 2019 में WrestleMania 35 के बाद WWE छोड़ने का फैसला लिया था। उसके कुछ समय बाद उन्होंने AEW को जॉइन किया, जहां उन्हें जॉन मोक्सली के नाम से पहचाना जाता है। लेकिन आपको याद दिला दें कि AEW में जाने से पहले वो WWE में भी बहुत बड़े सुपरस्टार हुआ करते थे।

उनके शानदार सफर की शुरुआत द शील्ड के मेंबर के तौर पर हुई थी, एक ऐसा फैक्शन जिसके तीनों मेंबर्स आगे चलकर WWE चैंपियन बने। विंस मैकमैहन के प्रोमोशन में आने के बाद उनकी लोकप्रियता लाखों में जा पहुंची थी। अब उनके फेम और लोकप्रियता का फायदा AEW उठा रहा है, जहां वो कंपनी के मुख्य सुपरस्टार्स में से एक हैं और वर्ल्ड चैंपियन भी बन चुके हैं।

क्रिश्चियन केज

क्रिश्चियन ने साल 1998 में WWE को जॉइन किया था और अपने डेब्यू मैच में उन्होंने लाइट हैवीवेट टाइटल जीतने का सम्मान प्राप्त किया था। हालांकि बाद में उन्होंने TNA में भी काम किया, लेकिन उससे पहले ही क्रिश्चियन बड़े प्रो रेसलिंग सुपरस्टार बन चुके थे।

2014 में उन्हें चोट के कारण रिटायरमेंट लेनी पड़ी, लेकिन उसके 7 साल बाद उन्होंने 2021 मेंस Royal Rumble मैच में अपना इन रिंग रिटर्न किया। उम्मीद की जाने लगी थी कि क्रिश्चियन WWE के साथ डील साइन करेंगे, लेकिन AEW के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन कर उन्होंने सभी को चौंका दिया था। कुछ समय पहले तक वो AEW वर्ल्ड चैंपियन कैनी ओमेगा के सबसे बड़े दुश्मन बने हुए थे।

कोडी रोड्स

कोडी रोड्स के प्रो रेसलिंग करियर की शुरुआत WWE से ही हुई थी। काफी लोग इस बारे में भी शायद ना जानते हों कि कोडी के पिता डस्टी रोड्स भी एक प्रो रेसलर हुआ करते थे। हालांकि WWE में कोडी ने अधिकांश समय पर एक मिड-कार्ड रेसलर की भूमिका निभाई, लेकिन इस दौरान उन्होंने कई टाइटल्स जीते और खूब फेम भी पाया। इसी फेम का नतीजा था कि जब कोडी को AEW का एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेजिडेंट नियुक्त किया गया, तब कहा गया कि WWE कभी कोडी के बिजनेस माइंड का फायदा नहीं उठा पाई।

क्रिस जैरिको

साल 1999 में WWE को जॉइन करने से पहले क्रिस जैरिको कई अन्य रेसलिंग कंपनियों में काम कर चुके थे। मगर उन्हें इस इंडस्ट्री में फेम तब मिलना शुरू हुआ जब उन्होंने स्टोन कोल्ड स्टीव ऑस्टिन और द रॉक जैसे बड़े स्टार्स के साथ काम किया। उनकी इन रिंग और माइक स्किल्स को हमेशा सराहा जाता रहा है। WWE में उन्होंने बहुत बड़ी उपलब्धियां अपने नाम की हैं, इसके बावजूद 2019 में उनका AEW को जॉइन करने के फैसला काफी चौंकाने वाला रहा। जैरिको को AEW के सबसे पहले वर्ल्ड चैंपियन होने का गौरव भी हासिल है।