4 WWE सुपरस्टार्स जो रोमन रेंस की फैक्शन का हिस्सा बनकर जबरदस्त काम कर सकते हैं

रोमन रेंस अपनी फैक्शन में अन्य सदस्यों को जोड़ सकते हैं
रोमन रेंस अपनी फैक्शन में अन्य सदस्यों को जोड़ सकते हैं

रोमन रेंस (Roman Reigns) को मौजूदा समय में WWE का सबसे बड़ा सुपरस्टार माना जा सकता है। उन्होंने अब तक बतौर यूनिवर्सल चैंपियन जबरदस्त काम किया है। वो स्मैकडाउन (SmackDown) का मुख्य चेहरा बने हुए हैं और कोई भी उनपर भारी पड़ने में सफल नहीं रहा है। इस समय रोमन रेंस अपने भाइयों के साथ दिखाई दे रहे हैं।

रोमन रेंस ने कई हफ्तों पहले द उसोज़ को अपने साथ जोड़ा और इसके बाद वो मिलकर शानदार काम कर रहे हैं। रोमन रेंस के पास पहले से यूनिवर्सल टाइटल था जबकि द उसोज़ नए SmackDown टैग टीम चैंपियंस बन गए। अभी उनकी ब्लडलाइन फैक्शन में तीन ही सुपरस्टार्स शामिल हैं।

रोमन रेंस, जे उसो और जिमी उसो के इस ग्रुप में कुछ अन्य सुपरस्टार्स भी जुड़ सकते हैं। इस समय WWE में कुछ सुपरस्टार्स हैं जो रोमन की फैक्शन का हिस्सा बनकर अपने रेसलिंग करियर को बचा सकते हैं। इसलिए इस आर्टिकल में हम 4 सुपरस्टार्स के बारे में बात करेंगे जो रोमन रेंस की फैक्शन में शामिल होकर जबरदस्त काम कर सकते हैं।

4- WWE सुपरस्टार नेओमी

नेओमी ने WWE में आने के बाद काफी नाम कमाया है और उन्हें अच्छी तरह पुश भी दिया गया है। हालांकि, काफी समय से WWE उनका सही तरह से इस्तेमाल नहीं कर रहा है। इस सुपरस्टार के पास काफी टैलेंट है और वो विमेंस डिवीजन का एक अहम हिस्सा बन सकती हैं। नेओमी असल में जिमी उसो की पत्नी हैं।

रोमन रेंस के साथ आने से द उसोज़ का करियर बदल गया। ऐसे में जिमी अपनी पत्नी को भी साथ जोड़ सकते हैं। ब्लडलाइन में आने से उनका कद बढ़ जाएगा और फिर उन्हें जबरदस्त तरीके से पुश मिल सकता है। नेओमी को बेबीफेस के तौर पर काफी पसंद किया जाता है लेकिन उन्हें हील के रूप में देखना काफी रोचक रहेगा। रोमन रेंस और उनके साथी इस समय अपने-अपने डिवीजन में अच्छा काम कर रहे हैं। रोमन विमेंस डिवीजन में भी अपने परिवार का दबदबा बनाने के लिए नेओमी को साथ जोड़ सकते हैं।

3- नाया जैक्स

नाया जैक्स अभी Raw ब्रांड का हिस्सा बनी हुई हैं और जबरदस्त काम कर रही हैं। जैक्स ने शायना बैजलर के साथ मिलकर विमेंस डिवीजन में सभी को प्रभावित किया है। हालांकि, उन्हें काफी समय से सिंगल्स सुपरस्टार के रूप में पुश नहीं मिला है। ड्राफ्ट करीब है और वो अपनी साथी से अलग होकर SmackDown में आ सकती हैं।

नाया जैक्स ने हील के रूप में अपने WWE करियर के दौरान काफी दबदबा बनाया है। रोमन रेंस और द उसोज़ उनके कजिन हैं। ऐसे में वो अपने सिंगल्स करियर को एक बार फिर सही राह पर लाने के लिए रोमन के साथ जुड़ सकती हैं। नाया जैक्स बतौर विलन इस फैक्शन में शामिल होने के लिए सही विकल्प रहेंगी।

2- बैरन कॉर्बिन

बैरन कॉर्बिन और रोमन रेंस पहले काफी बड़े दुश्मन रहे हैं। हालांकि, दोनों साथ मिलकर शानदार तरीके से काम कर सकते हैं। रोमन को अपनी फैक्शन में ऐसे सुपरस्टार की जरूरत होगी जो मिड-कार्ड डिवीजन में अपना नाम बना सके। बैरन कॉर्बिन एक अच्छा विकल्प रह सकते हैं। उनका किंग वाला गिमिक खत्म हो गया है।

इस समय उनका गिमिक किसी को भी समझ नहीं आ रहा है। बैरन कॉर्बिन की पिछले कुछ हफ्तों में जॉन सीना और फिन बैलर से अनबन देखने को मिली है। यूनिवर्सल चैंपियन की भी इन दो सुपरस्टार्स के खिलाफ ही स्टोरीलाइन चल रही है। ऐसे में वो फेस सुपरस्टार्स का सामना करना के लिए एक-दूसरे की मदद कर सकते हैं और रोमन बाद में प्रभावित होकर कॉर्बिन को अपने साथ जोड़ सकते हैं। वो एक बेहतर विकल्प रहेंगे।

1- टमीना

टमीना असल में समोअन परिवार की सदस्य हैं। पिछले कुछ सालों में उनका कद काफी बढ़ गया है। इस समय वो विमेंस टैग टीम चैंपियन बनी हुई हैं और काफी अच्छा काम कर रही हैं। इस सुपरस्टार को कभी सिंगल्स सुपरस्टार के रूप में बढ़िया तरह से पुश नहीं मिला है। ऐसे में अपने भाइयों के साथ आकर वो जबरदस्त काम कर सकती हैं।

टमीना असल में द उसोज़ की कजिन है और उन्होंने WWE में साथ काम भी किया है। 2010 में द उसोज़ ने टमीना के साथ टीम बनाकर डेविड हार्ट, टायसन किड और नटालिया के खिलाफ कुछ मैच भी लड़े हैं। टमीना को अपने भाइयों की फैक्शन में आने से काफी मदद मिल सकती है। उन्होंने कभी विमेंस टाइटल नहीं जीता है। ब्लडलाइन में शामिल होने से उन्हें SmackDown विमेंस चैंपियन बनने का मौका मिल सकता है।

Quick Links