WWE के 4 सुपरस्टार्स जिन्हें हील टर्न लेने की सख्त जरूरत है

WWE के बड़े सुपरस्टार्स जिन्हें हील टर्न ले लेना चाहिए
WWE के बड़े सुपरस्टार्स जिन्हें हील टर्न ले लेना चाहिए

WWE क्राउन ज्वेल (Crown Jewel) पीपीवी 2021 एक-एक दिन कर पास आता जा रहा है। ये इवेंट इसलिए भी खास होगा क्योंकि इसके बाद ड्राफ्ट को अमल में लाया जाएगा, इस वजह से देखना दिलचस्प होगा कि किस सुपरस्टार को कौन सी स्टोरीलाइन का हिस्सा बनाया जाता है।

ड्राफ्ट 2021 में ड्रू मैकइंटायर (Drew Mcintyre), शार्लेट फ्लेयर (Charlotte Flair), बैकी लिंच (Becky Lynch) और सैथ रॉलिंस (Seth Rollins) समेत कई अन्य बड़े सुपरस्टार्स के ब्रांड को बदला गया है। प्रो रेसलिंग में रेसलर्स को हील या बेबीफेस किरदार निभाना होता है और फैंस उन्हें जिस किरदार में अधिक पसंद करते हैं, उन्हें अधिकांश समय उसी कैरेक्टर में रखा जाता है।

मौजूदा WWE रोस्टर की बात करें तो कुछ सुपरस्टार्स को हील तो कुछ बेबीफेस किरदार में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन कुछ ऐसे भी हैं जिन्हें बेबीफेस किरदार में संघर्ष करना पड़ रहा है। इसलिए इस आर्टिकल में आइए जानते हैं उन 4 सुपरस्टार्स के बारे में जिन्हें हील टर्न लेने की सख्त जरूरत है।

WWE सुपरस्टार सिजेरो

इस साल की शुरुआत में सिजेरो और शिंस्के नाकामुरा की टीम को तोड़ कर स्विस सुपरस्टार को सिंगल्स पुश दिया गया था। धीरे-धीरे उन्हें मेन इवेंट स्टेटस मिलना शुरू हुआ और WrestleMania 37 के बिल्ड-अप में सैथ रॉलिंस ने भी उन्हें बड़ा बेबीफेस सुपरस्टार बनने में काफी मदद की।

इस दौरान उन्होंने डेनियल ब्रायन और सैथ रॉलिंस के रूप में 2 बड़े सुपरस्टार्स को मात दी। वहीं WrestleMania Backlash में उन्हें रोमन रेंस के खिलाफ WWE यूनिवर्सल चैंपियनशिप मैच मिला, जिसमें कड़े संघर्ष के बाद उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

उसके बाद उनकी दुश्मनी दोबारा रॉलिंस से शुरू हुई, लेकिन कुछ समय बाद इस स्टोरीलाइन का भी अंत हो चला। उसके पश्चात सिजेरो को केवल संघर्ष करते देखा गया है और अभी उनके पास कोई स्टोरीलाइन भी नहीं है। खास बात ये रही कि फैंस भी उन्हें मेन इवेंट स्टेटस मिलने से खुश थे, अब अगर बेबीफेस के तौर पर नहीं तो हील के रूप में उन्हें बड़ा पुश दिया जाना चाहिए।

केविन ओवेंस

केविन ओवेंस उन सुपरस्टार्स में से एक हैं जिन्हें WWE फैंस ने बेबीफेस और हील किरदार में भी काफी पसंद किया है। दुर्भाग्यवश पिछला कुछ समय उनके लिए बेहद संघर्षपूर्ण रहा है। ओवेंस साल 2016 में हील किरदार निभाते हुए WWE यूनिवर्सल चैंपियन बने थे, वहीं 2017 में यूएस टाइटल भी उन्होंने विलन किरदार में जीता था। जाहिर तौर पर उन्होंने बेबीफेस के बजाय हील कैरेक्टर में अधिक उपलब्धियां हासिल की हैं। इसलिए बेहतर होगा कि WWE उन्हें एक बार फिर विलन बनाकर बड़ी स्टोरीलाइंस का हिस्सा बनाने की कोशिश करे।

जैफ हार्डी

जैफ हार्डी को प्रो रेसलिंग इंडस्ट्री में ढाई दशक से भी ज्यादा समय तक काम करने का अनुभव हासिल है। इसके बावजूद इस समय वो WWE में संघर्ष करते नजर आ रहे हैं। इस बात में कोई संदेह नहीं कि WWE के कई मौजूदा सुपरस्टार्स को कैरेक्टर में बदलाव की सख्त जरूरत है और जैफ भी उन्हीं में से एक हैं। आलम ये है कि इस हफ्ते Raw में उन्हें ऑस्टिन थ्योरी के खिलाफ हार मिली है, अब केवल उम्मीद ही की जा सकती है कि WWE, SmackDown में आने के बाद उन्हें जरूर बड़ा पुश देगी।

फिन बैलर

फिन बैलर ने इसी साल जुलाई में NXT से मेन रोस्टर में वापसी की है। आपको याद दिला दें कि NXT में बैलर एक बड़े हील सुपरस्टार की भूमिका निभा रहे थे, जिसे फैंस ने काफी पसंद भी किया था। मगर मेन रोस्टर में आने के बाद अभी तक उन्हें बेबीफेस के रूप में प्रदर्शित किया गया है।

हाल ही में उन्हें Raw में ड्राफ्ट किया गया है, यानी Crown Jewel के बाद वो रेड ब्रांड में परफॉर्म करते हुए नजर आएंगे। Raw में बिग ई, डेमियन प्रीस्ट, रैंडी ऑर्टन, रिडल और ऐज के रूप में पहले ही कई बड़े बेबीफेस सुपरस्टार्स हैं, इसलिए बैलर के हील टर्न लेने से रेड ब्रांड को एक टैलेंटेड हील सुपरस्टार भी मिल जाएगा।